Surya Prakash| लाइव हिन्दुस्तान,पटना |
Fri, 14 Nov 2025 07:58 AM IST हमें फॉलो करें![]()
![]()
Bihar Election Results: बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे आने वाले हैं। उससे पहले ही राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। तेजस्वी यादव ने अपने विधायकों से बात की है और उनसे कहा है कि वह हर हालात के लिए तैयार रहें। कहा यह भी जा रहा है कि विधायकों को कहीं शिफ्ट करने की तैयारी है ताकि बहुमत न मिलने की स्थिति में उन्हें टूटने से बचाया जा सके। वहीं जेडीयू के दफ्तर में नीतीश कुमार के पोस्टर लगे हैं, जिनमें लिखा गया है- टाइगर जिंदा है। वहीं केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने तो एनडीए को 200 से ज्यादा सीटें मिलने का अनुमान जताया है। उन्होंने कहा कि 2010 से भी ज्यादा बड़ा बहुमत हमें मिलेगा। गिरिराज सिंह ने कहा कि 2010 में हमें 206 सीटें मिली थीं और इस बार यह आंकड़ा भी पार हो जाएगा।
13 Nov 2025, 10:08:37 PM IST
Bihar Election Results LIVE: चुनाव परिणाम से पहले NDA और MGB दोनों को जीत का भरोसा
Bihar Election Results LIVE: बिहार विधानसभा चुनाव में रिकॉर्ड मतदान के बाद अब नतीजों की बारी है। नतीजों से पहले भाजपा-नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और विपक्षी महागठबंधन दोनों ही अपनी जीत का विश्वास जता रहे हैं। राजग जहां उच्च मतदान को सुशासन के समर्थन में जनादेश के रूप में देख रहा है, वहीं विपक्ष इसे परिवर्तन की जनता की इच्छा का संकेत मान रहा है। निर्णायक परिणाम शुक्रवार को स्पष्ट करेगा कि लोग जनता दल (यूनाइटेड) प्रमुख और राज्य के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार को लगातार पांचवें कार्यकाल का मौका देंगे या बदलाव का रास्ता चुनेंगे।
13 Nov 2025, 09:20:53 PM IST
Bihar Election Results LIVE: चुनाव के असली हीरो नीतीश-मोदी: प्रदीप गुप्ता
Bihar Election Results LIVE: नतीजों से पहले एक्सिस माई इंडिया के सीएमडी प्रदीप गुप्ता ने एक बयान में कहा है कि इस चुनाव के असली हीरो पीएम मोदी और नीतीश कुमार थे। उन्होंने कहा, "नीतीश और मोदी इस चुनाव के हीरो थे। प्रधानमंत्री मोदी के बिना यह चुनाव अकल्पनीय होता। हमारे आंकड़ों के अनुसार, लोग किसे मुख्यमंत्री बनते देखना चाहते हैं, इस मामले में नीतीश कुमार को 22%, चिराग पासवान को 5%, सम्राट चौधरी को 2% और भाजपा के किसी भी उम्मीदवार को 14% लोग मुख्यमंत्री बनते देखना चाहते हैं।"
13 Nov 2025, 08:52:12 PM IST
Bihar Election Results LIVE: रिजल्ट से पहले जश्न की तैयारी, अनंत सिंह के आवास पर 2 लाख रसगुल्ले तैयार
Bihar Election Results LIVE: बिहार विधानसभा बिहार की मोकामा विधानसभा सीट से जदयू प्रत्याशी और बाहुबली नेता पर विधायक अनंत सिंह के पटना स्थित सरकारी आवास पर चुनाव परिणाम आने से पहले ही जश्न की तैयारी हो रही है। यहां जीत का जश्न मनाने के लिए 2 लाख रसगुल्ला तैयार करवा लिए गए हैं। इसके अलावा चुनावी नतीजे पक्ष में आने पर अनंत सिंह के आवास पर 20 हजार लोगों को पूरी, सब्जी और मिठाई का भोज खिलाने की तैयारी भी की गई है।
13 Nov 2025, 07:49:21 PM IST
Bihar Election Results LIVE: अधिकारिक नतीजों पर ही भरोसा करे मीडिया: निर्वाचन आयोग
Bihar Election Results LIVE: निर्वाचन आयोग ने गुरुवार को कहा है कि 14 नवंबर को होने वाली मतगणना के लिए बिहार के सभी 243 विधानसभा क्षेत्रों में व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रदेश में 243 मतगणना पर्यवेक्षकों और उम्मीदवारों या उनके एजेंटों की उपस्थिति में 243 निर्वाचन अधिकारियों (आरओ) द्वारा मतगणना की जाएगी। आयोग ने कहा कि हर टेबल पर एक मतगणना पर्यवेक्षक, मतगणना सहायक और ‘माइक्रो-ऑब्जर्वर’ के साथ 4,372 मतगणना टेबल स्थापित की गई हैं। उम्मीदवारों द्वारा नियुक्त 18,000 से अधिक मतगणना एजेंट भी मतगणना प्रक्रिया की निगरानी करेंगे। आयोग ने आगाह करते हुए कहा है, ‘‘आयोग सभी को सलाह देता है कि वे सटीक और सत्यापित अपडेट के लिए केवल इस पोर्टल का ही सहारा लें और किसी भी सुनी-सुनाई बात या अनौपचारिक स्रोतों पर भरोसा न करें। टीवी चैनलों और इंटरनेट मीडिया चैनलों को भी इसी प्रकार की सलाह दी जाती है।’’
13 Nov 2025, 06:58:08 PM IST
Bihar Election Results LIVE: रिजल्ट से पहले ‘नेपाल-बांग्लादेश जैसे हालात’ वाला बयान देकर फंसे RJD नेता, FIR के आदेश
Bihar Election Results LIVE: बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे से पहले विवादित बयान देकर राजद के MLC सुनील कुमार सिंह फंस गए हैं। बिहार पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने सुनील सिंह पर FIR के आदेश दिए हैं। इससे पहले सुनील सिंह ने अपने बयान में कहा था कि अगर बिहार चुनाव के मतगणना के दौरान कोई हेरा फेरी की गई तो बिहार के सड़कों पर भी वैसा ही नजारा दिखाई देगा जो नेपाल, बांग्लादेश और श्रीलंका में दिखाई दिया था।
13 Nov 2025, 06:41:20 PM IST
Bihar Election Results LIVE: सासाराम में मतगणना केंद्र पर बवाल के बाद आयोग का एक्शन, बदला गया रिटर्निंग अफसर
Bihar Election Results LIVE: सासाराम में मतगणना केंद्र पर बवाल के बाद चुनाव आयोग ने एक्शन लिया है। आयोग ने चेनारी विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग ऑफिसर को तुरंत प्रभाव से बदल दिया है। चेनारी के निर्वाचन पदाधिकारी ललित भूषण रंजन को हटाकर वहां जफर हसन को नियुक्त किया गया है। इससे पहले रोहतास जिला के मुख्यालय सासाराम में बुधवार देर रात ईवीएम से छेड़छाड़ के आरोप में प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने तकिया बाजार समिति के गेट पर जमकर हंगामा किया था।
13 Nov 2025, 06:06:23 PM IST
Bihar Election Results LIVE: कल सुबह आठ बजे से शुरू होगी मतगणना, लगाए गए 4,372 काउंटिंग टेबल
Bihar Election Results LIVE: बिहार विधानसभा चुनाव की मतगणना शुक्रवार, 14 नवंबर को सुबह 8 बजे से शुरू हो जाएगी। चुनाव आयोग ने पारदर्शिता, सुरक्षा और दक्षता सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत दिशानिर्देश जारी किए हैं। चुनाव आयोग के मुताबिक पोस्टल बैलेट (डाक मतपत्र) की गिनती सबसे पहले शुरू होगी। इसके बाद सुबह 8:30 बजे से इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) की मतगणना शुरू की जाएगी। पोस्टल बैलेट की गिनती संबंधित रिटर्निंग ऑफिसर या असिस्टेंट रिटर्निंग ऑफिसर की उपस्थिति में उम्मीदवारों या उनके अधिकृत एजेंटों के सामने होगी।
इसके अलावा सभी 243 विधानसभा सीटों पर मतगणना के लिए व्यवस्था की गई है। हर क्षेत्र के लिए एक रिटर्निंग ऑफिसर और एक काउंटिंग ऑब्जर्वर तैनात रहेगा। परिणामों को राउंड-वाइज और विधानसभा-वार संकलित कर संबंधित आरओ की ओर से चुनाव आयोग के आधिकारिक परिणाम पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा।
13 Nov 2025, 05:43:09 PM IST
Bihar Election Results LIVE: 2020 के चुनावों में तेजस्वी को मिली थीं सबसे ज्यादा सीटें
Bihar Election Results LIVE: 2020 के विधानसभा चुनाव के नतीजों की बात करें तो राज्य की 243 विधानसभा सीटों में से NDA के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 74, जनता दल यूनाईटेड (जदयू) ने 43, विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) ने चार-चार सीटों पर जीत दर्ज की थी। वहीं महागठबंधन में शामिल तेजस्वी यादव की राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने 75, कांग्रेस ने 19, भाकपा माले ने 12 , भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने दो-दो सीटों पर जीत हासिल की। इसके अलावा एआईएमआईएम ने पांच, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने एक सीट पर जीत दर्ज की। एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार को जीत मिली थी।
13 Nov 2025, 05:16:54 PM IST
Bihar Election Results LIVE: बिहार चुनाव में हार को सामने देख विपक्ष के बिगड़े बोल: राजीव रंजन
Bihar Election Results LIVE: जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने दावा करते हुए कहा कि बिहार चुनाव के नतीजे राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के पक्ष में आयेंगे और नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार बनना तय है। राजीव रंजन ने एक बयान जारी कर कहा कि संभावित पराजय की आशंका से बदहवास विपक्ष के नेताओं के बिगड़े बोल उनकी जंगल राज वाली उनकी मानसिकता को भी उजागर करते हैं। उन्होंने कहा को विपक्ष को भी मालूम है को उनकी पराजय होने वाली है। प्रसाद ने आगे कहा कि महागठबंधन के नेताओं ने सुनियोजित दुष्प्रचार अभियान छेड़ रखा है। मतगणना में कथित गड़बड़ी की आशंका और चुनाव आयोग की कार्य शैली पर सवाल उठाए जाने का सिलसिला जारी हो चुका है कुछ नेता हार की स्थिति में अव्यवस्था फैलाने की भी धमकी दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्पष्ट है कि राष्ट्रीय जनता दल नेता तेजस्वी यादव और महागठबंधन को जनता ने पूरी तरह से खारिज कर दिया है।
13 Nov 2025, 04:41:47 PM IST
Bihar Election Results LIVE: Exit Poll से ज्यादा सीटें जीतेगी NDA, भाजपा नेता रामकृपाल यादव का दावा
Bihar Election Results LIVE: वोटों की गिनती से पहले NDA के नेता बेहद उत्साहित नजर आ रहे हैं। भाजपा नेता रामकृपाल यादव ने गुरुवार को एक बयान में कहा, "एनडीए एक्जिट पोल के अनुमान से ज्यादा सीटें जीतने की ओर अग्रसर है।"
13 Nov 2025, 04:22:09 PM IST
Bihar Election Results LIVE: मतगणना से पहले कड़ी सुरक्षा में रखे गए ईवीएम, CAPF को सौंपा गया जिम्मा
Bihar Election Results LIVE: निर्वाचन आयोग ने बुधवार को बताया है कि कि बिहार विधानसभा चुनाव के बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच स्ट्रॉन्ग रूम में रखा गया है। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी बयान में कहा गया, ‘‘स्ट्रॉन्ग रूम परिसर की आंतरिक सुरक्षा का जिम्मा सेन्ट्रल आर्म्ड पैरामिलिट्री फोर्सेज (CAPF) को सौंपा गया है, जबकि बाहरी सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी जिला पुलिस को दी गई है। इसके अलावा चौबीस घंटे सीसीटीवी निगरानी और अन्य सुरक्षा इंतजाम भी किए गए हैं।’’ प्रत्येक स्ट्रॉन्ग रूम परिसर में एक नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है, जहां वरिष्ठ अधिकारी लगातार ड्यूटी पर रहेंगे।
13 Nov 2025, 04:02:33 PM IST
Bihar Election Results LIVE: जहां बदली गईं वीवीपैट मशीनें, वहां अब पर्ची मिलान के बाद होगी वोटों की गितनी
Bihar Election Results LIVE: बिहार विधानसभा चुनाव के जिन मतदान केंद्रों पर वीवीपैट मशीन बदली गई थीं, वहां अब वोटो की गिनती पहले जैसी नहीं होगी। चुनाव आयोग ने नया निर्देश जारी करते हुए कहा है कि अब उन सभी जगहों पर जहां मशीनें बदली गई हैं, वहां वीवीपैट पर पर्चियों का मिलान पहले किया जाएगा, उसके बाद ही वोटो की गिनती शुरू होगी।
13 Nov 2025, 03:37:25 PM IST
Bihar Election Results LIVE: 38 जिलों के 44 मतगणना केंद्रों पर होगी मतगणना, तैयारी पूरी
Bihar Election Results LIVE: बिहार में शुक्रवार को होनी वाली मतगणना के लिए तैयारी पूरी कर ली गई है। मतगणना का कार्य राज्य के सभी 38 जिलों में स्थित 44 मतगणना केंद्रों पर सुबह 8 बजे से शुरू होगा। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय ने बताया है कि चुनाव आयोग के निर्देशानुसार पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मतगणना के दौरान चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था भी की गई है। इसके लिये पर्याप्त संख्या में केंद्रीय बलों और राज्य पुलिस बलों की तैनाती की गई है, जिससे किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
13 Nov 2025, 03:23:38 PM IST
Bihar Election Results LIVE: नतीजों से पहले बोली AAP- बिहार में चोरी हो गए 80 लाख वोट
बिहार में नतीजों से ठीक पहले आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने 80 लाख वोटों की चोरी का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि 80 लाख लोगों के मताधिकार को छीना गया है।
13 Nov 2025, 03:19:15 PM IST
Bihar Election Results LIVE: बिहार के 17 जिलों के मतदान में पुरुषों पर भारी नारी
बिहार में 7 जिले ऐसे रहे हैं, जहां महिलाओं का वोट पुरुषों से 14 फीसदी तक अधिक पड़ा। इसके अलावा अन्य 10 ज़िलों में महिलाओं का मतदान प्रतिशत पुरुषों से 10 प्रतिशत अधिक रहा।
13 Nov 2025, 03:19:15 PM IST
Bihar Election Results LIVE: बिहार के नतीजों से पहले कांग्रेस को याद आया हरियाणा
इस बीच कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने एग्जिट पोल्स को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा को याद करिए। तब कहा गया था कि हरियाणा में कांग्रेस को बंपर जीत मिलेगी, लेकिन क्या हुआ? अब यहां के नतीजों पर भी इंतजार करिए। एग्जिट पोल गलत साबित होंगे।
13 Nov 2025, 03:19:15 PM IST
Bihar Election Results LIVE: बिहार में नतीजों से पहले ही तेजस्वी ऐक्टिव
बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे आने से पहले ही तेजस्वी यादव ऐक्टिव हो गए हैं। उन्होंने अपने सभी उम्मीदवारों से संपर्क साधा है और उनसे हर हालात के लिए तैयार रहने को कहा है।