Hindi NewsBihar NewsBihar Election first phase ECI final voting percentage 1415 people detained
बिहार ने पहले चरण के मतदान में इतिहास रचा, 121 सीटों पर रिकॉर्ड 64.66 प्रतिशत वोटिंग

बिहार ने पहले चरण के मतदान में इतिहास रचा, 121 सीटों पर रिकॉर्ड 64.66 प्रतिशत वोटिंग

संक्षेप:

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 64.66 प्रतिशत मतदान हुआ है। चुनाव आयोग का दावा है कि इतिहास में पहली बार बिहार में इतनी वोटिंग हुई है। यह अब तक का सबसे ज्यादा मतदान प्रतिशत है।

Nov 06, 2025 08:56 pm ISTJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share Share
Follow Us on

Bihar Election Phase 1 Voting Percentage: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में मतदाताओं ने इतिहास रच दिया है। बिहार में पहली बार रिकॉर्ड 64.66 प्रतिशत मतदान हुआ। चुनाव आयोग ने गुरुवार शाम जारी बयान में कहा कि इससे पहले साल 2000 के विधानसभा चुनाव में 62.57 फीसदी मतदान हुआ था, जो अब तक का रिकॉर्ड था। वहीं, लोकसभा चुनावों की बात करें तो भी 1998 में बिहार में सबसे ज्यादा 64.6 प्रतिशत मतदान हुआ था। यानी कि इस बार मतदान के सभी रिकॉर्ड टूट गए।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल ने कहा कि छिटपुट घटनाओं को छोड़कर मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। इस मौके पर मौजूद एडीजी मुख्यालय कुंदन कृष्णन ने बताया कि चुनाव के दौरान 1415 व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया। बता दें कि पहले चरण में पटना, मुजफ्फरपुर, मुंगेर, सारण, भोजपुर समेत 18 जिलों के 121 सीटों पर मतदान हुआ।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि पहले चरण में महिलाओं ने बड़ी संख्या में मतदान किया है। मतदान के दौरान 165 बैलेट यूनिट, 169 कंट्रोल यूनिट और 480 वीवीपैट बदले गए। चुनाव आयोग को इस बार पहले चरण में केवल 1.21 प्रतिशत बैलेट यूनिट बदलने पड़े, जबकि 2020 के विधानसभा चुनावों में 1.87 प्रतिशत ईवीएम बदले गए थे। यानी इस बार पिछले चुनाव के मुकाबले कम ईवीएम बदलने पड़े।

143 शिकायतें मिलीं, कई जगहों पर मतदान का बहिष्कार

उन्होंने कहा कि पहले चरण की वोटिंग खत्म होने तक आयोग को कुल 143 शिकायतें मिलीं। इन सभी का समय पर निपटारा कर दिया गया। इसके अलावा, फोन पर सीधे मिली सभी शिकायतों का भी तुरंत समाधान किया गया। बक्सर जिले के ब्रह्मपुर विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 56, फतुहा विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 165 और 166, लखीसराय के सूर्यगढ़ा में मतदान केंद्र संख्या 1, 2 और 5 सहित कुछ अन्य बूथों पर भी मतदान बहिष्कार सूचना मिली।

चुनाव आयोग का कहना है कि पहले चरण के मतदान के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। सभी जगहों पर शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से संपन्न हुआ।

पर्दानशीं महिलाओं की पहचान के लिए जीविका दीदियां तैनात रहीं

चुनाव आयोग ने कहा कि सभी पोलिंग बूथों पर पर्दानशीं (बुर्के वाली) महिलाओं की पहचान के लिए 90 हजार जीविका दीदियों की तैनाती की गई। उनके साथ सीएपीएफ के जवान भी रहे। इनके अलावा मतदान केंद्रों पर 4 लाख मतदान कर्मियों की तैनाती रही।

दो चरणों में होने जा रहे बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे फेज का मतदान 11 नवंबर को होना है। उसमें 122 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। दोनों चरणों की मतगणना 14 नवंबर को होगी और उसके बाद चुनाव के नतीजे जारी कर दिए जाएंगे।

Jayesh Jetawat

लेखक के बारे में

Jayesh Jetawat
राजनीतिक, सामाजिक, इंफ्रास्ट्रक्चर, पर्यटन और अपराध जैसे विषयों पर लिखना पसंद है। मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं, अभी बिहार कवर कर रहे हैं। लाइव हिन्दुस्तान से पहले ईटीवी भारत, इंडिया न्यूज, वे-2-न्यूज, टाइम्स ऑफ इंडिया जैसे संस्थानों में काम कर चुके हैं। समाचार के अलावा साहित्य पठन-लेखन में भी रुचि है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar Shapath Grahan, Bihar Election Result 2025, Bihar Chunav Result, बिहार चुनाव 2025 , Bihar vidhan sabha seats , बिहार चुनाव एग्जिट पोल्स और बिहार चुनाव 2025 की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।