Hindi NewsBihar NewsBihar Election campaign for second phase picks Modi Nitish Shah Yogi Rahul Tejashwi Priyanka Mayawati Owaisi rally
Bihar Election Highlites: दूसरे चरण के प्रचार में दिग्गजों का मेला, मोदी-शाह, योगी की हुंकार, राहुल-तेजस्वी गरजे

Bihar Election Highlites: दूसरे चरण के प्रचार में दिग्गजों का मेला, मोदी-शाह, योगी की हुंकार, राहुल-तेजस्वी गरजे

संक्षेप: Bihar Election: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के चुनाव से पहले रैलियों का रेला लग चुका है। प्रधानमंत्री मोदी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, बिहार के नेता विपक्ष तेजस्वी यादव और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार धुंआधार चुनाव प्रचार कर रहे हैंं।

Thu, 6 Nov 2025 08:48 PMNishant Nandan लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share Share
Follow Us on

Bihar Election: बिहार में दूसरे चरण का चुनाव 11 नवंबर को होना है। गुरुवार को पहले चरण की वोटिंग खत्म हो गई है। 121 सीटों पर 60 फीसदी मतदान हुआ है। दूसरे चरण के चुनाव से पहले रैलियों का रेला लग चुका है। प्रधानमंत्री मोदी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, बिहार के नेता विपक्ष तेजस्वी यादव और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार धुंआधार चुनाव प्रचार कर रहे हैंं। यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने भी बिहार में रैली की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फारबिसगंज में रैली को संबोधित किया है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 43 फीसदी उम्मीदवार करोड़पति हैं। साथ ही करीब 32 फीसदी उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। 48 फीसदी उम्मीदवारों की शैक्षणिक योग्यता स्नातक या उससे अधिक है। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) एवं बिहार इलेक्शन वॉच ने दूसरे चरण में चुनाव लड़ रहे 1302 में 1297 उम्मीदवारों के शपथपत्रों का विश्लेषण कर यह जानकारी दी है। यह उम्मीदवार 20 जिलों के कुल 122 निर्वाचन क्षेत्रों से चुनाव लड़ रहे हैं, जिनमें 10 फीसदी (133) महिलाएं हैं।

Bihar Election LIVE Update-:

22:12 PM- Bihar Election LIVE: लोकसभा नेता प्रतिपक्ष सह कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की सभा शुक्रवार को बांका के अमरपुर स्थित फतेहपुर कैथल ग्राउंड इंग्लिश मोड़ में 12 बजे होगी। इसके बाद वे 1.45 बजे सैंडिस कंपाउंड भागलपुर में सभा को संबोधित करेंगे। इसके अलावा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की भी शुक्रवार को दो सभा होगी। उनकी पहली सभा रोहतास जिले के चेनारी विधानसभा क्षेत्र और गया विधानसभा क्षेत्र में होगी।

Bihar chunav, बिहार चुनाव 2025 की ताज़ा ख़बरों के लिए यहां क्लिक करें।

20:43 PM- Bihar Election LIVE: बिहार विधानसभा चुनावों में पहले चरण की वोटिंग में एनडीए ने भारी बढ़त हासिल कर ली है। इसके साथ ही दूसरे चरण में भी हर तरफ उसकी लहर नजर आ रही है। जनता-जनार्दन के इसी जोश के बीच कल दोपहर करीब 1:45 बजे औरंगाबाद और लगभग 3:30 बजे भभुआ में अपने परिवारजनों से संवाद का सौभाग्य प्राप्त होगा।

19:17 PM- Bihar Election LIVE: लोजपा (रामविलास) के अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा है कि चैनपुर विधानसभा क्षेत्र से एनडीए प्रत्याशी मो. जमा खान नहीं, बल्कि चिराग पासवान चुनाव लड़ रहा है। उन्हें भारी मतों से चुनाव में जीत दिलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, चिराग पासवान, जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा की सरकार बनाने की अपील आमजनों से की। वह गुरुवार की शाम चैनपुर विधानसभा क्षेत्र के एनडीए प्रत्याशी मो. जमा खान के पक्ष में आयोजित चुनावी सभा को मोबाइल फोन से संबोधित कर रहे थे।

18:09 PM- Bihar Election LIVE: उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि पहले चरण के 121 में से लगभग 100 सीटों पर एनडीए की जीत होगी। इस वर्ष 2010 के विधानसभा चुनाव का भी रिकॉर्ड टूट रहा है। उन्होंने गुरुवार को भाजपा मीडिया सेंटर में प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि इस बार भी लालू प्रसाद के परिवार से एक भी व्यक्ति चुनाव नहीं जीतेगा। सभी मतदाताओं को धन्यवाद देता हूं, जिन्होंने एनडीए के पक्ष में मतदान किया।

18:08 PM- Bihar Election LIVE: बिहार चुनाव के दूसरे चरण के प्रचार के दौरान तेजस्वी यादव ने सुपौल के मरौना में चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होने कहा कि बिहार में बदलाव, परिवर्तन, नौकरी और रोजगार के लिए हमें एक मौका दीजिए। हमारी सरकार बनी तो बिहार का हर घर खुशहाल होगा। जिस परिवार में सरकारी नौकरी नहीं है, वैसे हर परिवार के एक-एक सदस्य को सरकारी नौकरी मिलेगी। तेजस्वी ने कहा कि 17 महीने में उन्होंने पांच लाख सरकारी नौकरी दी। साढ़े चार लाख नियोजित शिक्षक को राज्यकर्मी का दर्जा दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार रिश्वत के रूप में महिलाओं को 10 हजार रुपये दे रही है। इसे बाद में सूद समेत लौटाना पड़ेगा। कहा कि महागठबंधन के शासन में कोई गुंडागर्दी करेगा तो उसे सजा जरूर मिलेगी।

16:35 PM- Bihar Election LIVE: पश्चिमी चंपारण में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, कि आज बिहार में प्रथम चरण का चुनाव चल रहा है और चुनाव में बिहार की माताएं, बिहार का नौजवान, बिहार का किसान झोंक कर NDA को वोट देने जा रहा है। 121 सीटों पर चुनाव हो रहे हैं और रुझान बताते हैं कि 100 से ज्यादा सीटों पर NDA ही जीतने जा रही है। अन्य 122 सीटों पर आपने यही परिणाम दे दिया तो कांग्रेस, राजद और इनके सभी सहयोगी दलों जिसमें पेशेवर खानदानी माफिया हैं, उनकी जमानत जब्त होनी तय है।

16:29 PM- Bihar Election LIVE: पूर्वी चंपारण में चुनाव प्रचार के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि हम चाहते हैं कि इस हद तक व्यवस्था में परिवर्तन कर दें कि हिंदुस्तान की राजनीति से भ्रष्टाचार का नाम ही सदैव के लिए समाप्त हो जाए। बिहार अब विकसित बिहार बनने की ओर अपने कदम तेजी से आगे बढ़ा चुका है और यह सभी मानते हैं। पीएम मोदी ने कहा है कि 2047 आते-आते हम भारत को विकसित भारत बनाएंगे और जब तक बिहार विकसित बिहार नहीं बनेगा, तब तक विकसित भारत का सपना भी साकार नहीं हो सकता।

16:24 PM- Bihar Election LIVE: भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा, कि प्रधानमंत्री मोदी ने आज जनता का दिल जीत लिया है। पीएम ने कहा कि कांग्रेस के दामन पर जो 1984 के सिख नरसंहार और भागलपुर दंगों का दाग है, वो कभी नहीं मिटेगा। हम भागलपुर जिले की सभी 7 विधानसभा सीटों पर जीत हासिल करेंगे।

16:24 PM- Bihar Election LIVE: पूर्णिया में मीडिया से बातचीत के दौरान असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि पहले चरण का जो मतदान हुआ है, उसमें हम 90 सीटों तक पहुंच सकते हैं। 80 मिलना तो तय है लेकिन हम 90 तक भी जा सकते हैं। बिहार का चुनाव बहुत बढ़िया होने जा रहा है।

16:09 PM- Bihar Election LIVE: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर बीएसपी चीफ मायावती ने भभुआ में पहली चुनावी रैली की। इस दौरान उनके निशाने पर एनडीए और महागठबंधन रहा। मायावती ने कहा कि गरीबों के हक के लिए चुनाव लड़कर बसपा सत्ता में आना चाहती है। उन्होने कांग्रेस को दलित विरोधी और बीजेपी को आरक्षण विरोधी बताया। उन्होने कहा कि बसपा अकेले चुनाव लड़ रही है। ताकि दलित वोटबैंक बिखरे नहीं। भभुआ से विकास सिंह उर्फ लल्लू पटेल, चैनपुर से धीरज सिंह, मोहनियां से ओमप्रकाश दीवाना, रामगढ़ से सतीश सिंह और चेनारी विधानसभा क्षेत्र से बसपा प्रत्याशी सरिता देवी को जिताने की आमजनों से अपील की।

16:06 PM- Bihar Election LIVE: बिहार चुनाव के दूसरे चरण के लिए प्रचार अपने चरम पर है। इस बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अररिया में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होने आरोप लगाया कि बिहार में नरेंद्र मोदी, अमित शाह और ब्यूरोक्रेट्स सरकार चला रहे हैं। नरेंद्र मोदी जी नफरत बांटने का काम करते हैं। उनका लक्ष्य अंबानी-अडानी को फायदा पहुंचाना है। बिहार में हर बूथ पर वोट चोरी रोकने का लोगों से संकल्प लेने की बात कही। साथ ही आरोप लगाया कि हरियाणा, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ में की वोट चोरी हुई थी।

15:54 PM- Bihar Election LIVE: मधुबनी के बेनीपट्टी में जनसभा को संंबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि एनडीए सरकार ने बिहार में मखाना बोर्ड बनाया, अगर लालू और राहुल गांधी आए तो घुसपैठिया बोर्ड बनेगा। ये लोग घुसपैठियों का समर्थन करते हैं। इन्हें बचाने के लिए बिहार में यात्रा निकालते हैं। बीजेपी और एनडीए की सरकार देशभर से चुन-चुनकर घुसपैठियों को निकालने का काम करेंगे। ये घुसपैठियों युवाओं की नौकरी खाता है, देश का राशन खाता है। और सुरक्षा के लिए खतरा बनता है। देश से एक -एक बांग्लादेशी को बाहर निकाला जाएगा

15:30 PM- Bihar Election LIVE: बिहार चुनाव के दूसरे चरण के प्रचार ने तेजी पकड़ ली है। मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव ने बिस्फी में चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होने कहा कि एनडीए की डबल इंजन सरकार ने बिहार में विकास का नया अध्याय बनाया है। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का एजेंडा को साकार नरेन्द्र मोदी की सरकार ने किया है। माता सीता की जन्म स्थली को भी विकास का नया स्वरूप देकर राजग गठबंधन सरकार निर्माण कर रही है। वहीं महागठबंधन को घेरते हुए कहा कि इंडी गठबंधन झूठे वायदे कर लोगों का भ्रमित कर रही है। सनातन धर्म संस्कृति को बढ़ावा देना राजग गठबंधन सरकार का मुख्य ध्येय है।

15:24 PM-Bihar Election LIVE: तेजस्वी यादव ने मधुबनी के लौकहा में चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान एनडीए पर हमला बोलते हुए उन्होने कहा कि एनडीए ने जो काम 20 वर्षो में नहीं किया, हमारी सरकार बनी तो उसे 20 महीने में करूंगा। सरकार बनने पर 14 जनवरी को मकर संक्राति के अवसर पर महिलाओं के बैंक खातों में 30 हजार रुपये देगें। इसके अलावे उन्होंने युवाओं से कहा कि वे हर परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देगें।साथ ही 200 यूनिट बिजली फ्री का वादा किया। इस दौरान लौकहा से राजद प्रत्याशी भारत भूषण मंडल के समर्थन में वोट देने की अपील की।

15:18 PM-Bihar Election LIVE: बिहार चुनाव के दूसरे चरण के प्रचार के दौरान पश्चिमी चंपारण के रामनगर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होने कहा कि 2005 के पहले लालू-राबड़ी के 15 वर्षों के शासनकाल का हाल जनता से छिपा नहीं है। जब बिहार में हर तरफ हत्या, लूट अपहरण और घोटाला का राज था। आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार में बिहार और पूरा देश विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होने कहा कि यह चुनाव आपके नेता या विधायक चुनने का नही हैं। यह बिहार के विकास का चुनाव हैं।

14:50 PM- Bihar Election LIVE: भोजपुर के अगियांव विधानसभा क्षेत्र के चरपोखरी प्रखंड के कुसुमी गांव में मतदान का विरोध किया गया है। रोड निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने मतदान का विरोध किया है। मतदान केंद्र पर अभी तक सिर्फ 3 वोट की बात बताई गई। लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि गांव के किसी ने मतदान नहीं किया है।

14:12 PM- Bihar Election LIVE: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "कांग्रेस और राजद ने बिहार के समाज को बांटने का पाप किया है। राजद ने समाज को जातीय दंगों में झोंक दिया, कांग्रेस ने धार्मिक दंगे भड़काए। कांग्रेस भागलपुर दंगों के दाग को अपने दामन से कभी नहीं धो सकती। जैसे सिखों की हत्या का दाग कांग्रेस के दामन से नहीं मिट सकता, वैसे ही भागलपुर नरसंहार का दाग भी नहीं मिट सकता। ये दंगे कांग्रेस के कुशासन का सबसे बड़ा प्रतीक हैं।"

13:50 PM- Bihar Election LIVE: भागलपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "देश में केवल दो ही स्थान हैं जहां गंगा उत्तर दिशा में बहती है, एक बनारस और दूसरा भागलपुर। गंगा मैया के आदेश पर, मैं बनारस के लोगों की सेवा कर रहा हूं और आज मैं अपने NDA सहयोगियों के लिए गंगा मैया और आप सभी का आशीर्वाद लेने के लिए भागलपुर आया हूं।"

13:37 PM- Bihar Election LIVE: जन शक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और महुआ विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार तेज प्रताप यादव ने प्रथम चरण के मतदान पर कहा, "...लोकतंत्र में जनता मालिक है। माता-पिता का प्रेम और आशीर्वाद अपनी जगह है…जो अच्छा काम करेगा हम उसे सहयोग करेंगे। हमें पूरा विश्वास है…"

13:26 PM- Bihar Election LIVE: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की गयाजी जिले के बाराचट्टी में सभा स्थगित हो गई है। इसकी घोषण वहां बनाए गए मंच से की गई है। बताया जा रहा है कि तकनीकी कारणों से सभा स्थगित कर दी गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सभा बाराचट्टी के सुलेबट्टा में थी। यहां बाराचट्टी से हम की उम्मीदवार ज्योति मांझी के लिए जनसभा होनी थी।

13:24 PM- Bihar Election LIVE: सीतामढ़ी की एक रैली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "एक दो दिन पहले ही तेजस्वी यादव की पार्टी की एक सार्वजनिक सभा में एक छोटा सा बच्चा, जिसकी उम्र बामुश्किल 6-7 साल रही होगी, उसके हाथ में माइक देकर बुलवाया जा रहा था कि, '...तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बन जाएंगे तो हम लोगों के हाथों में कट्टा होगा'... यह है उस राजनीतिक पार्टी की संस्कृति। आज भी उन लोगों के मन में यही बात बनी हुई है... क्या राजद फिर से इस बिहार में वैसे ही हालात पैदा करना चाहती है?..."

13:20 PM- Bihar Election LIVE: बेतिया के रामनगर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "...आज बिहार को पहले चरण का मतदान हो रहा है, दूसरे चरण का मतदान 11 तारीख को होगा... क्या आप जानना चाहते हैं कि 14 नवंबर को क्या नतीजे आएंगे? 14 नवंबर को सुबह 8 बजे मतदान शुरू हो जाएगा। 11 बजे तक लालू और राहुल की पार्टियों का सफाया हो जाएगा। मोदी जी और नीतीश कुमार के नेतृत्व में NDA बिहार में बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।"

13:08 PM- Bihar Election LIVE: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "आज मैं आपके बीच यह पूछने आया हूं कि वे कौन लोग हैं जिन्होंने बिहार के युवाओं के लिए पहचान का संकट पैदा किया? दुनिया में जहां भी बिहार के युवा गए, उन्होंने अपनी बुद्धि, मेधा, प्रतिभा और पहचान से समाज को लाभान्वित किया। लेकिन बिहार के लिए पहचान का संकट पैदा करने वाली RJD और कांग्रेस फिर से छलावा करने की कोशिश कर रही हैं। हमें पूरा विश्वास है कि कांग्रेस और RJD को अब मौका नहीं मिलेगा..."

13:00 PM- Bihar Election LIVE: पूर्वी चंपारण की रैली में कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, "हम उस कांग्रेस पार्टी के नेता और कार्यकर्ता हैं जिन्हें महात्मा गांधी ने रास्ता दिखाया, और महात्मा गांधी को रास्ता दिखाने वाले आपके पूर्वज थे, बिहार के चंपारण के किसान थे। सबसे ज़रूरी बात, आपको इस देश के निर्माण में अपनी भूमिका समझनी होगी..."

12:55 PM- Bihar Election LIVE: कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की बिहार के भागलपुर में जनसभा से पहले उन पर झूठे चुनावी वादे करने का आरोप लगाया और दावा किया कि इस बार भागलपुर और सीमांचल की जनता वोट के माध्यम से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को इसका जवाब देगी। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने कटाक्ष करते हुए यह भी कहा कि ‘‘प्रधानमंत्री का झूठा सबसे मजबूत है।’’ रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘प्रधानमंत्री का झूठ सबसे मज़बूत!! आज प्रधानमंत्री भागलपुर और सीमांचल में आ रहे हैं। इस अवसर पर हम उनके कुछ पिछले झूठे वादे याद दिलाना चाहते हैं और उनसे कुछ सीधा सवाल है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘2015 में प्रधानमंत्री ने कहा था कि भागलपुर में 500 एकड़ में 500 करोड़ से विक्रमशिला केंद्रीय विश्वविद्यालय बनाऊंगा। 10 साल बाद, एक ईंट तक नहीं रखी गई।’’ कांग्रेस नेता ने सवाल किया कि क्या विक्रमशिला भी सवा लाख करोड़ वाले पैकेज के साथ हवा में उड़ गया? रमेश ने कहा, ‘‘2014 में प्रधानमंत्री ने मोतिहारी चीनी मिल के बारे में भरोसे से कहा था -अगली बार आऊंगा तो इसी मिल की चीनी से बनी चाय पियूंगा। 11 साल बीत गए। अभी भी लोग चाय पीने का इंतजार कर रहे हैं।’

12:44 PM- Bihar Election LIVE: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "कुछ दिनों पहले मैंने कांग्रेस-RJD के झगड़े को उजागर किया था। झगड़ा और बढ़ गया है। कांग्रेस ने उपमुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार को RJD के खिलाफ मोर्चे पर उतार दिया है। वे मीडिया को इंटरव्यू दे रहे हैं और RJD के जंगलराज की कलई खोल रहे हैं। वे कह रहे हैं कि इस जंगलराज में दलितों, महादलितों और अति पिछड़ों पर सबसे ज्यादा अत्याचार हुआ है। अभी तो चुनाव हुए हैं, नतीजे आने पर वे एक-दूसरे के बाल नोचने लगेंगे।"

12:30 PM- Bihar Election LIVE: अररिया के फासबिसगंज में पीएम मोदी ने कहा कि हम घुसपैठियों का पता लगाएंगे, उन्हें वापस वहीं भेजेंगे जहां से वे आए थे। राजद-कांग्रेस उन्हें पिछले दरवाजे से भारतीय नागरिक बनाने की कोशिश कर रही हैं। पीएम मोदी ने कहा कि विधानसभा चुनाव के आज पहले चरण के मतदान में बिहार विकास के लिए वोट कर रहा है।

12:12 PM- Bihar Election LIVE: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फारबिसगंज में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि एनडीए सरकार हर गरीबों को घर दे रही है। यह सरकार घुसपैठियों की पहचान कर रही है। राजद-कांग्रेस के लोग जनता को गुमराह करते हैं। पीएम ने कहा कि नौजवानों का सपना ही मोदी का संकल्प है।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बिहार चुनाव 2025 , Bihar vidhan sabha seats , बिहार चुनाव एग्जिट पोल्स और बिहार चुनाव 2025 की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।