
Bihar Election Highlights: पूर्णिया में अमित शाह का रोड शो, ओवैसी बोले- सीमांचल की हकमारी हुई
Bihar Election 2025 Highlights, Bihar Chunav 2025 Highlights: बिहार चुनाव में पहले चरण की रिकॉर्ड वोटिंग के बाद दूसरे चरण की जंग तेज हो गई है। मोदी, तेजस्वी और राहुल गांधी ने आज बिहार में कई रैलियां कीं। अमति शाह ने पूर्णिया में रोड शो किया। असदुद्दीन ओवैसी ने सीमांचल पर हकमारी का आरोप लगाया।
Bihar Election 2025 Highlights, Bihar Chunav 2025 Highlights: पहले चरण में बिहार ने लोकतंत्र का उत्सव रचते हुए 64.66 फीसदी वोटिंग की ऐतिहासिक वोटिंग के साथ जनता ने मतदान में जोश भर दिया। अब सियासी पारा और चढ़ गया है, क्योंकि दूसरे और आखिरी चरण के लिए चुनावी मुहिम पूरी रफ्तार पकड़ चुकी है। सीमांचल, मगध, शाहाबाद और चंपारण इलाकों में शुक्रवार को नेताओं की आवाजें गूंज रहीं हैं। मंच से वादे, हमले और नारों की बरसात हो रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज औरंगाबाद और भभुआ में एनडीए उम्मीदवारों के समर्थन में जनसभाएं कीं, जबकि दूसरी ओर आरजेडी के तेजस्वी यादव और कांग्रेस के राहुल गांधी महागठबंधन की ओर से पूरे राज्य में प्रचार की कमान संभालते दिखे। दूसरा चरण 11 नवंबर को होगा और नतीजे 14 नवंबर को आएंगे। पहले चरण की 121 सीटों पर 3.75 करोड़ से ज्यादा वोटरों ने जिस शांतिपूर्ण और ऐतिहासिक तरीके से मतदान किया, उसने पूरे देश की नजर बिहार पर टिका दी है। बिहार चुनाव को लेकर क्या क्या घट रहा है पल पल की खबरों के लिए बने रहें लाइव हिन्दुस्तान के साथ...
06:21 PM - Bihar Election 2025 LIVE: गया जी में खरगे बोले- मोदी नहीं राहुल हैं गरीबों के लीडर
Bihar Election 2025 LIVE: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जन खरगे ने गयाजी में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मोदी नहीं बल्कि राहुल गांधी को गरीबो का नेता बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झूठ बोलकर वोट लेते हैं और बिहार के लिए कुछ नहीं करते हैं। उन्होंने कहा कि झूठ बोलने वाले यह कागज के फूल हैं, इनमें खुशबू नहीं आती है। समाजवादी कहलाने वाले नीतीश कुमार, मोदी के गले में गिर गए। हाथ का साथ दें, तब बिहार सुधरेगा और देश सुधरेगा।
06:10 PM - Bihar Election 2025 LIVE: ओवैसी बोले- सीमांचल की हकमारी हुई है
Bihar Election 2025 LIVE: एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने आज किशनगंज के कोचाधामन विधानसभा के अंतर्गत बेलवा हाई स्कूल मैदान में जनसभा को संबोधित किया इस दौरान उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी एवं सीएम नीतीश कुमार पर जुबानी हमला करते हुए कहा सीमांचल की हकमारी हुई है। सीमांचल में कहीं भी विकास नहीं दिखता है। उन्होंने कहा कि डिग्री कॉलेज के कमी की वजह से कोचाधामन के 90 फीसद युवा 12वीं तक की पढ़ाई नहीं कर पर पा रहे हैं और पढ़ाई छोड़ कर रोजगार और मेहनत करने के लिए अन्य राज्यों में पलायन के लिए मजबूर हैं।
05:40 PM - Bihar Election 2025 LIVE: ताबड़तोड़ रैलियों के बीच अमित शाह का पूर्णिया में रोड शो, उमड़ी भारी भीड़
Bihar Election 2025 LIVE: पूर्णिया में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने आज भव्य रोड शो किया, जिसमें लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बिहार चुनाव के दूसरे चरण से पहले शाह लगातार ताबड़तोड़ रैलियां कर रहे हैं और एनडीए के समर्थन में माहौल बनाने की कोशिश तेज कर दी है। सड़क के दोनों ओर लोगों की लंबी कतारें दिखीं, जहां उन्होंने शाह के रोड शो का स्वागत किया और उनका उत्साह बढ़ाया
05:29 PM - Bihar Election 2025 LIVE: पहले चरण में ही NDA 110 सीटें जीत रही, कुल आंकड़ा 206 से पार जाएगा; बोले गिरिराज सिंह
Bihar Election 2025 LIVE: भागलपुर में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने दावा किया कि इस बार बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए 2010 के रिकॉर्ड से भी आगे निकल जाएगा। उन्होंने कहा कि 2010 में एनडीए ने 206 सीटें जीती थीं, लेकिन पहले चरण के मतदान के बाद तय है कि इस बार आंकड़ा इससे ज्यादा होगा। सिंह ने कहा, “सम्राट चौधरी ने जो कहा कि 121 में से 110 सीटें एनडीए की आएंगी, वह बिल्कुल सही है।”
05:20 PM - Bihar Election 2025 LIVE: बेटे को निर्दलीय उतारने पर RJD ने पूर्व विधायक सीताराम यादव को 6 साल के लिए बाहर किया
Bihar Election 2025 LIVE: राजद ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में खजौली के पूर्व विधायक सीताराम यादव को छह वर्षों के लिए निष्कासित कर दिया है। प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल की ओर से जारी पत्र में कहा गया कि 2015 में विधायक रहे सीताराम यादव 2020 में चुनाव हार गए थे और इस बार पार्टी ने ब्रजकिशोर यादव को उम्मीदवार बनाया, लेकिन उन्होंने अपने बेटे राजेश कुमार को निर्दलीय मैदान में उतारकर राजद के खिलाफ दुष्प्रचार किया। इसी वजह से राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद के निर्देश पर पार्टी ने सीताराम यादव और उनके पुत्र राजेश कुमार, दोनों को छह साल के लिए दल से निष्कासित कर दिया।
05:02 PM - Bihar Election 2025 LIVE: पहले चरण के बाद RJD-कांग्रेस के गुब्बारे फूट गए, युवाओं ने किया प्लान फेल; भभुआ में पीएम मोदी का हमला
Bihar Election 2025 LIVE: भभुआ में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बिहार चुनाव की शुरुआत में RJD और कांग्रेस बेहद उत्साहित थे, लेकिन पहले चरण के मतदान के बाद “उनका गुब्बारा फूट गया है।” उन्होंने आरोप लगाया कि RJD-कांग्रेस ने बिहार के युवाओं को बहकाने की पूरी कोशिश की, मगर “बिहार के जागरूक युवाओं” ने उनका पूरा प्लान विफल कर दिया। पीएम मोदी ने कहा कि जब “जंगलराज के युवराज” से उनके बड़े-बड़े वादों को पूरा करने की योजना पूछी जाती है, तो वे चुप हो जाते हैं। उन्होंने दावा किया कि RJD की योजना फिर से पुराने “अपहरण और रंगदारी के धंधे” को शुरू करने की है, जिसका संकेत उनके वायरल चुनावी गीत भी देते हैं। मोदी ने कहा कि RJD नौकरियां नहीं देगी, बल्कि युवाओं से ही पैसों की वसूली करेगी, इसलिए बिहार को सावधान रहना होगा।
04:52 PM - Bihar Election 2025 LIVE: जंगलराज वाले सत्ता नहीं, जनता को लूटने लौटना चाहते हैं; भभुआ में पीएम मोदी का वार
Bihar Election 2025 LIVE: भभुआ में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महागठबंधन पर तीखा प्रहार किया और कहा कि जंगलराज फैलाने वाले नेता किसी सेवा भाव से नहीं, बल्कि जनता को “बंदूक की नोक पर लूटने” की नीयत से सत्ता में लौटना चाहते हैं। पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि इनकी राजनीति जनता की भलाई नहीं, बल्कि भय और अत्याचार पर टिकी है, जिसका सबसे ज़्यादा असर बहनों-बेटियों, गरीबों, दलितों, महादलितों और पिछड़े-अतिपिछड़े वर्गों पर होता है। उन्होंने कहा कि जंगलराज लाने वाले लोग विकास नहीं कर सकते क्योंकि वे “बर्बादी और दुख” के प्रतीक हैं, इसलिए बिहार को ऐसे शासन से सावधान रहना होगा।
04:22 PM - Bihar Election 2025 LIVE: बसपा ने तारापुर से प्रत्याशी को पार्टी से बाहर निकाला
Bihar Election 2025 LIVE: बहुजन समाज पार्टी ने तारापुर विधानसभा क्षेत्र से पार्टी उम्मीदवार आशीष आनद को 6 साल के लिए पार्टी से बाहर कर दिया। शुक्रवार को पार्टी की ओर से इसकी जानकारी दी गई। पार्टी ने आरोप लगाया कि भाजपा के द्वारा बसपा प्रत्याशी द्वारा समर्थन की बात की जा रही है। बसपा ने कहा कि यह सरासर झूठ बात है। बता दें कि एक दिन पहले बसपा से चुनाव लड़ रहे आशीष आनंद ने तारापुर से भाजपा कैंडिडेट एवं डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को समर्थन दिया था।
03:08 PM - Bihar Election 2025 LIVE: बिहार को कट्टा सरकार नहीं चाहिए; महागठबंधन पर पीएम मोदी, बोले- कांग्रेस-RJD सत्ता के लिए धोखा दे सकते हैं
Bihar Election 2025 LIVE: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस और RJD सत्ता के लिए किसी को भी धोखा दे सकते हैं और औरंगाबाद इसका पर्दाफाश है, उन्होंने आरोप लगाया कि RJD ने कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष का अपमान किया और कांग्रेस को वे सीटें ही दीं जो वे दशकों से नहीं जीत पा रही; साथ ही दावा किया कि RJD ने कांग्रेस की उम्मीदवारी छीनने तक की साजिश की। प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने छोटे किसानों की कभी परवाह नहीं की जबकि उनकी सरकार किसानों को सालाना 6,000 रुपये देती है और पुनः एनडीए सरकार बनने पर यह सहायता बढ़ाकर 9,000 रुपये सालाना कर दी जाएगी। मोदी ने जंगलराज और माओवादी-नक्सलवादी खतरे के खिलाफ अपनी कार्रवाईयों का ज़िक्र करते हुए चेतावनी दी कि यदि लोग “कट्टा वाली सरकार” वापस लाएँगे तो नौकरियों और निवेश को खतरा होगा, इसलिए बिहार को सतर्क रहना चाहिए।
02:58 PM - Bihar Election 2025 LIVE: भोजपुरी अभिनेता खेसारीलाल यादव ने किया रोड शो
Bihar Election 2025 LIVE: भोजपुरी अभिनेता खेसारीलाल यादव ने शुक्रवार को नरकटियागंज में रोड शो किया। इस दौरान अभिनेता ने लोगों से राजद प्रत्याशी दीपक यादव के समर्थन में वोट देने की अपील की। हालांकि अत्यधिक भीड़ के चलते अभिनेता केवल प्रत्याशी का हाथ पकड़कर लोगो को इशारे से वोट देने की अपील करते नजर आए। अभिनेता के साथ कार्यकर्ताओं का एक बड़ा काफिला साथ चल रहा था। खेसारीलाल यादव को देखने के लिए महिला व पुरुष सड़क के दोनो ओर भारी संख्या में खड़े रहे।अभिनेता का काफिला नजदीक आते ही हर चौक चौराहे पर भगदड़ की स्थिति बन आती थी।युवाओ का हुजूम अभिनेता की गाड़ी के साथ साथ चल रहा था तो कुछ युवा अभिनेता की गाड़ी पर लटके भी नजर आए। घर के छत पर महिलाएं थी तो टेम्पो समेत अन्य गाड़ियों पर युवा चढ़कर अभिनेता की एक झलक पाने को बेताब थे। रोड शो देवराज के बगही गांव से शुरू होकर व्यासपुर चौक,अजुआ चौक,धुमनगर चौक,हरदिया चौक,हाई स्कूल चौक होते हुए नरकटियागंज चीनी मिल की ओर से होकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गया। हालांकि भीड़ के बीच चीनी मिल हजारी में खेसारीलाल के रुकने की सूचना पर भीड़ हजारी की ओर उमड़ पड़ा।किन्तु लोगो को निराशा हाथ लगी।खेसारीलाल यादव चीनी मिल की ओर से रवाना हो चुके थे।खेसारीलाल यादव के चले जाने के लगभग दो घंटे बाद तक नगर के मुख्यमार्ग समेत गलियों की जाम की स्थिति बनी रही।
01:26 PM - Bihar Election 2025 LIVE: महागठबंधन की सरकार बनी तो किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली: तेजस्वी
Bihar Election 2025 LIVE: नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि यदि युवाओं को रोजगार की गारंटी चाहिए तो राजद व महागठबंधन की सरकार बनाने में मदद करें। कहा कि यदि राजद की सरकार बनी तो हर घर से एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी दी जायेगी। महिलाओं को सम्मान मिलेगा। तेजस्वी यादव शुक्रवार को रानीगंज विस क्षेत्र के लालजी उवि मैदान, सिकटी विस के धर्मगंज मेला मैदान पलासी व जोकीहाट विस के उवि मैदान सोहन्दर हाट में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। रानीगंज में राजद प्रत्याशी अविनाश मंगलम, सिकटी में महागबंधन के वीआईपी उम्मीदवार हरि नारायण प्रमाणिक व सिकटी में राजद के शाहनवाज आलम को जीताने की अपील की। उन्होंने कहा कि हम पढ़ाई, रोजगार, दवाई, सिंचाई की बात करते हैं जबकि विरोधियों के पास कोई मुद्दा नहीं है। तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में बेरोजगारी, शिक्षा-स्वास्थ्य की बदहाली जैसी गंभीर समस्याओं पर कोई बात नहीं करता, बल्कि जनता का ध्यान भटकाने के लिए धार्मिक मुद्दों को हवा दी जा रही है। सरकार बनी तो किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली देंगे। जिस परिवार में सरकारी नौकरी नहीं है, उस परिवार में सरकारी नौकरी देंगे। रानीगंज में तेजस्वी केवल डेढ़ मिनट ही रुके, रानीगंज से राजद प्रत्याशी को जीत का माला पहनाकर हेलीकॉप्टर की और रवाना हो गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजद प्रखंड अध्यक्ष चंदन कुमार सिंह ने की। संचालन डॉ रणवीर कुमार ने किया।
01:03 PM - Bihar Election 2025 LIVE: कमल-तीर से हटे तो फिर लौट आएगा जंगलराज; जमुई में अमित शाह की गर्जना
Bihar Election 2025 LIVE: जमुई में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने महागठबंधन पर जोरदार हमला बोला और मतदाताओं से अपील की कि वे कमल या तीर के निशान से इधर-उधर न जाएं, वरना बिहार में जंगलराज वापस आ जाएगा। शाह ने कहा, “जमुई को जंगलराज चाहिए क्या? कल ही पहले चरण का मतदान खत्म हुआ और लालू-राहुल की पार्टी का सूपड़ा साफ हो गया है। जमुई में भी उनका खाता नहीं खुलना चाहिए।” उन्होंने जनता से आग्रह किया कि जमुई की सभी चार सीटें एनडीए की झोली में जाएं, ताकि बिहार में विकास और स्थिरता की सरकार जारी रहे।
12:54 PM - Bihar Election 2025 LIVE: युवाओं को साबित करूंगा कि मोदी ‘चुनाव चोरी’ से PM बने: राहुल गांधी
Bihar Election 2025 LIVE: लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बीजेपी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि वे भारत के जेन-जी और युवाओं को यह साबित कर दिखाएंगे कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनावी धांधली के जरिए सत्ता में आए। राहुल गांधी ने दावा किया कि उनके पास ऐसे कई सबूत मौजूद हैं और वह इसे चरणबद्ध तरीके से सार्वजनिक करते रहेंगे। उन्होंने कहा, “हम भारत के युवाओं को साफ दिखाएंगे कि नरेंद्र मोदी चुनाव चोरी के जरिये प्रधानमंत्री बने और बीजेपी चुनाव चोरी करती है।” हरियाणा चुनाव का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि वहां होलसेल चोरी हुई और एक बीजेपी नेता के दो जगह वोट डालने का भी मामला सामने आया, लेकिन चुनाव आयोग ने उनकी शिकायतों और प्रस्तुत किये गए साक्ष्यों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
12:24 PM - Bihar Election 2025 LIVE: राजद प्रत्याशी भाई वीरेंद्र पर मतदान के दौरान सुरक्षा कर्मी को धमकाने का आरोप, मामला दर्ज
Bihar Election 2025 LIVE: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के मनेर विधानसभा सीट से उम्मीदवार भाई वीरेंद्र के खिलाफ मतदान ड्यूटी में तैनात सुरक्षा कर्मी को धमकाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। दानापुर-2 के एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार झा ने बताया कि राजद नेता पर बृहस्पतिवार को उस समय दुर्व्यवहार करने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने का आरोप लगा, जब एक सुरक्षा कर्मी एक वृद्ध महिला मतदाता की उनका मतदान केंद्र खोजने में सहायता कर रहा था। उन्होंने कहा, ‘‘मनेर विधानसभा सीट से राजद उम्मीदवार भाई वीरेंद्र ने सुरक्षा कर्मी के साथ दुर्व्यवहार किया और उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।’’
11:13 AM - Bihar Election 2025 LIVE: बिहार में किसी की सुरक्षा नहीं, कानून व्यवस्था ध्वस्त; प्रशांत किशोर का NDA पर हमला
Bihar Election 2025 LIVE: जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बिहार में कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति को लेकर एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोला और कहा कि उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के काफिले पर हुए हमले ने साबित कर दिया है कि “यहां कोई सुरक्षित नहीं है और न ही कानून का राज बचा है।” किशोर ने कहा कि अब तक जनता यह सब सहती रही, लेकिन अब चुनाव के दौरान नेता भी इसका सामना कर रहे हैं। गौरतलब है कि पहले चरण के मतदान के दौरान 6 नवंबर को लखीसराय से बीजेपी प्रत्याशी और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के काफिले पर खोरियारी गांव में हमला हुआ था।
10:07 AM - Bihar Election 2025 LIVE: पहले चरण के बाद दूसरे चरण से पहले तेज होगा चुनावी अभियान
Bihar Election 2025 LIVE: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में गुरुवार (6 नवंबर 2025) को 121 सीटों पर लगभग 65% मतदान दर्ज किया गया, जिसके बाद अब दूसरे और अंतिम चरण के मतदान (11 नवंबर) से पहले सभी बड़े दलों- एनडीए और महागठबंधन के वरिष्ठ नेताओं और स्टार प्रचारकों का चुनावी अभियान तेज होने जा रहा है। 243 सदस्यीय विधानसभा की यह जंग स्थानीय मुद्दों से आगे बढ़कर 2029 के राजनीतिक समीकरण का संकेतक भी मानी जा रही है, साथ ही चुनाव आयोग की विवादित स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR) मतदाता सूची प्रक्रिया को लेकर विपक्ष द्वारा लगाए गए हेरफेर के आरोपों के बीच यह चुनाव और अधिक सुर्खियों में है।
10:02 AM - Bihar Election 2025 LIVE: दस साल बाद भभुआ में पीएम मोदी भरेंगे हुंकार
Bihar Election 2025 LIVE: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज करीब एक दशक बाद कैमूर जिले के भभुआ में चुनावी सभा करेंगे। 2015 में हुई पिछली रैली के बाद पहली बार वे यहां कदम रख रहे हैं, जहां अब भाजपा और जदयू मिलकर एनडीए के बैनर तले चुनाव मैदान में हैं। सभा को लेकर शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, एसपीजी, एनएसजी और स्पेशल ब्रांच की टीमें हेलीपैड से लेकर सभा स्थल तक तैनात हैं। गुरुवार से ही अफसरों की दौड़भाग तेज रही, जबकि शहर पोस्टर, झंडे और तोरण द्वारों से सज चुका है। मोदी की सभा से भभुआ हवाई अड्डा, सोन नहर परियोजना और कैमूर पर्यटन सर्किट पर नई घोषणाओं की उम्मीद जताई जा रही है। स्थानीय लोग इसे न सिर्फ एक राजनीतिक कार्यक्रम, बल्कि इतिहास के दोहराव के रूप में देख रहे हैं।
9:41 AM - Bihar Election 2025 LIVE: बिहार जैसा बनाया, अब उसी का परिणाम भुगत रहे हैं डिप्टी CM विजय सिन्हा; मुकेश सहनी का तंज
Bihar Election 2025 LIVE: विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के प्रमुख और महागठबंधन के डिप्टी सीएम पद के उम्मीदवार मुकेश सहनी ने डिप्टी मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के काफिले पर हुए हमले पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह हमला उस बिहार का परिणाम है, जिसे मौजूदा सत्ता ने तैयार किया है।
9:21 AM - Bihar Election 2025 LIVE: मतदान के अधिकार के संरक्षक ही कर रहे वोट-चोरी; राहुल गांधी का EC पर हमला
Bihar Election 2025 LIVE: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में वोट चोरी के आरोपों को लेकर चुनाव आयोग पर सीधा निशाना साधा है। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और निर्वाचन आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी पर लोकतंत्र की हत्या करने का आरोप लगाया। राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि हरियाणा में सरकार को वोट चोरी के जरिए छीनने के सबूत उन्होंने हाल ही में सामने रखे थे। उन्होंने दावा किया कि बिहार में भी पहले चरण की वोटिंग के दौरान लोगों को मतदान से रोका गया।





