
Bihar Election Highlites: मोकामा हत्याकांड में DGP से रिपोर्ट तलब, रीतलाल नहीं कर पाएंगे चुनाव प्रचार
Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर एनडीए आज अपना घोषणापत्र जारी कर दिया गया है। वहीं मोकामा में जन सुराज समर्थक की हत्या से तनाव बढ़ गया है।
Bihar Election 2025: बिहार चुनाव अब पूरे जोश में है और हर दल अपने वादों और रैलियों के साथ मैदान में उतर चुका है। इसी बीच एनडीए आज अपना संयुक्त घोषणापत्र जारी कर कर दिया है, जिसमें महिलाओं और नौजवानों के लिए कई बड़े ऐलान किया गया है। इस मौके पर गठबंधन के तमाम वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। महागठबंधन पहले ही अपना वादा-पत्र जारी कर चुका है, ऐसे में अब सबकी निगाहें एनडीए के ऐलानों पर टिकी हैं।

इधर बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर चल रही चुनावी हलचल के बीच मोकामा के टाल इलाके में तनाव फैल गया है, जहां जन सुराज समर्थक 70 साल के दुलारचंद यादव की गोली मारकर और गाड़ी से कुचलकर हत्या कर दी गई। परिजनों ने जेडीयू उम्मीदवार अनंत सिंह के समर्थकों पर आरोप लगाया है, जबकि अनंत सिंह ने साजिश का ठीकरा आरजेडी प्रत्याशी वीणा देवी के पति सूरजभान सिंह पर फोड़ा है। तेजस्वी यादव ने इस हिंसा को लेकर एनडीए पर निशाना साधा, वहीं पुलिस कई बिंदुओं पर जांच में जुटी है। बिहार चुनाव से जुड़ी पल-पल की खबरों के लिए बने रहें लाइव हिन्दुस्तान के साथ...
08:30 PM- Bihar Election 2025 LIVE: प्रियंका गांधी की बछवाड़ा में चुनावी रैली कल
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी शनिवार को बिहार दौरे पर रहेंगी। वे बेगूसराय के बछवाड़ा और खगड़िया के बेलदौर में चुनावी सभा को संबोधित करेंगी। महागठबंधन में बछवाड़ा दोस्ताना संघर्ष वाली सीट है। यहां कांग्रेस से गरीब दास और भाकपा के अवधेश राय आमने-सामने हैं। प्रियंका गांधी की यह पहली चुनावी सभा होगी।
07:05 PM- Bihar Election 2025 LIVE: मोकामा हत्याकांड पर चुनाव आयोग ने डीजीपी से मांगी रिपोर्ट, दुलारचंद की हुई थी हत्या
बिहार चुनाव के बीच मोकामा में जन सुराज कार्यकर्ता और बाहुबली दुलारचंद यादव हत्या मामले में चुनाव आयोग ने राज्य के डीजीपी विनय कुमार से रिपोर्ट तलब की है। गुरुवार को मोकामा में चुनाव प्रचार के दौरान दो पक्षों के बीच हुई गोलीबारी में जन सुराज के प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी के समर्थन में प्रचार कर रहे दुलारचंद की हत्या हुई थी। जिसमें मोकामा से जदयू प्रत्याशी और पूर्व विधायक अनंत सिंह समेत 5 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है।
06:15 PM- Bihar Election 2025 LIVE: 14 करोड़ जनता से सॉरी बोलना चाहिए; एनडीए के घोषणा पत्र पर तेजस्वी का तंज
एनडीए के घोषणा पत्र पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने कहा है कि वह जैसे जारी हुआ, वैसे ही खत्म हो गया। 30 सेकेंड में घोषणा पत्र जारी होने का काम पूरा हो गया। एनडीए के लोगों को सॉरी पत्र लाना चाहिए। बिहार की 14 करोड़ जनता से सॉरी बोलना चाहिए कि 20 साल के बाद भी बिहार सबसे अधिक गरीब राज्य है। हर क्षेत्र में यह सरकार फेल रही है। जो वायदे 20 सालों में किए हैं, वह घोषणा पत्र भी उनसे सवाल पूछ रहा होगा। पहले की घोषणाएं पूरी नहीं हुई और अब आनन-फानन में अब जारी किया है। मिड डे मिल देने का अर्थ है कि पहले से खाना नहीं मिल रहा है।
06:13 PM - Bihar Election 2025 LIVE: रीतलाल यादव को पटना हाईकोर्ट से झटका, नहीं कर पाएंगे चुनाव प्रचार
पटना हाई कोर्ट ने दानापुर विधानसभा क्षेत्र से राजद प्रत्याशी रीतलाल यादव को चुनाव प्रचार के लिए जेल से बाहर आने के मामले में किसी तरह का राहत देने से साफ इंकार कर दिया। शुक्रवार को न्यायमूर्ति अरुण कुमार झा की एकलपीठ ने मामले पर सुनवाई की।हालांकि कोर्ट ने चुनाव प्रचार के लिए एमपी एमएलए कोर्ट से औपबंधिक जमानत की गुहार लगाने की पूरी छूट दी है। कोर्ट ने चुनाव प्रचार के लिये जेल से छोड़ने के लिए दायर अर्जी को खारिज कर दिया।
05:32 PM - Bihar Election 2025 LIVE: सुहेलदेव जन सेवा दल और एसबीएसपी देगी एनडीए को समर्थन: दिलीप जायसवाल
Bihar Election 2025 LIVE: पटना में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने ऐलान किया कि आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में सुहेलदेव जन सेवा दल और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (एसबीएसपी) एनडीए गठबंधन को समर्थन देंगी। जायसवाल ने कहा कि इन दोनों दलों के जुड़ने से एनडीए का सामाजिक आधार और मजबूत होगा तथा प्रदेश में विकास और स्थिरता की दिशा में यह कदम महत्वपूर्ण साबित होगा। माना जा रहा है कि इस गठजोड़ से पूर्वी बिहार के कई इलाकों में एनडीए को जातीय समीकरणों का सीधा फायदा मिलेगा।
04:33 PM - Bihar Election 2025 LIVE: प्रचार के वक्त योगी ने दी सरदार पटेल को श्रद्धांजलि, दिया एकता का संदेश
Bihar Election 2025 LIVE: भोजपुर के अगिआंव में आयोजित एक अन्य रैली में योगी आदित्यनाथ ने भारत के लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा, “आज देशभर के 600 से अधिक स्थानों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर राष्ट्रीय एकता अभियान में लोग शामिल हुए हैं। यह हमारे देश के पहले उपप्रधानमंत्री और महान सपूत सरदार पटेल को सच्ची श्रद्धांजलि है।” योगी ने जनता से अपील की कि वे एकता, विकास और राष्ट्रहित के लिए एनडीए को दोबारा सत्ता में लाएं।
03:49 PM - Bihar Election 2025 LIVE: राजद और कांग्रेस एक ही थाली के चट्टे-बट्टे; योगी आदित्यनाथ का हमला
Bihar Election 2025 LIVE: बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर एनडीए के स्टार प्रचारक और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बोझपुर जिले के गरहनी में जनसभा को संबोधित किया। योगी आदित्यनाथ ने कहा, “राजद और कांग्रेस एक ही थाली के चट्टे-बट्टे हैं। दोनों भारत की विरासत और सनातन धर्म का विरोध करते हैं और गुलामी की सोच का समर्थन करते हैं।” योगी ने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश में एनडीए सरकार ने दंगा खत्म करके सब चंगा कर दिया है। उन्होंने दावा किया कि बिहार में भी एनडीए की वापसी से विकास और स्थिरता का दौर लौटेगा।
03:11 PM - Bihar Election 2025 LIVE: एनडीए में 5 पांडव; मांझी बोले- फिर बनेगी हमारी सरकार
PM Bihar Election 2025 LIVE: पटना में एक कार्यक्रम के दौरान हम (सेक्युलर) पार्टी के संरक्षक और पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने एनडीए की एकता पर दिलचस्प उदाहरण दिया। उन्होंने कहा, “एनडीए में पांच पांडव हैं, सबसे बड़े प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, दूसरे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, तीसरे चिराग पासवान, चौथे मैं खुद जीतन राम मांझी और पांचवें उपेंद्र कुशवाहा।” मांझी ने आगे दावा किया कि बिहार में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनने जा रही है और नीतीश कुमार एक बार फिर मुख्यमंत्री बनेंगे।
02:55 PM Bihar Election 2025 LIVE: 40 गाड़ियों का काफिला हथियारों संग कैसे घूम रहा, प्रशासन क्या कर रहा? मोकामा कांड पर बोले तेजस्वी
Bihar Election 2025 LIVE: मोकामा में जन सुराज कार्यकर्ता की हत्या और हिंसा पर आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हिंसा की कोई जगह नहीं है, लेकिन यह हैरानी की बात है कि 40 गाड़ियों का काफिला खुलेआम हथियारों के साथ घूम रहा था। तेजस्वी ने सवाल उठाया कि “चुनाव आयोग और प्रशासन क्या कर रहा है? अब तक क्या कार्रवाई हुई? आखिर इन गुंडों को कौन बचा रहा है?” उन्होंने कहा कि अगर निष्पक्ष चुनाव कराने का दावा है, तो ऐसी घटनाओं पर तुरंत सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
02:35 PM Bihar Election 2025 LIVE: खराब मौसम के चलते जेपी नड्डा और चिराग पासवान की रैली रद्द
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की बक्सर में प्रस्तावित चुनावी जनसभा को रद्द कर दिया गया। खराब मौसम में उनके हेलिकॉप्टर को उड़ान की अनुमति नहीं मिल पाने की वजह से यह फैसला लिया गया। टीवी रिपोर्ट्स में यह जानकारी दी गई है।
12:42 PM - Bihar Election 2025 LIVE: 26 सेकेंड में घोषणापत्र जारी, फिर भाग गए; अशोक गहलोत का एनडीए पर करारा हमला
Bihar Election 2025 LIVE: बिहार में एनडीए के ‘संकल्प पत्र 2025’ पर कांग्रेस के वरीय पर्यवेक्षक अशोक गहलोत ने शुक्रवार को जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "एनडीए ने सिर्फ 26 सेकेंड में घोषणापत्र जारी किया और मीडिया के सवालों से बचने के लिए भाग खड़े हुए, जो लोकतंत्र के लिए खतरनाक संकेत है।” गहलोत ने सवाल उठाया कि बीस साल से सत्ता में रहने के बाद भी एनडीए सरकार अपने काम और वादों का हिसाब क्यों नहीं दे पा रही? और इस मौके पर नीतीश कुमार कहां थे, क्या वे बीमार हैं?” उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता से किए हर वादे को कैबिनेट से पास कराकर पूरा करेगी, क्योंकि झूठे वादे नहीं, भरोसे की राजनीति करनी है।”
12:30 PM - Bihar Election 2025 LIVE: खराब मौसम ने रोकी ओवैसी की रैली, जोकीहाट में नहीं हो सकी एआईएमआईएम की जनसभा
Bihar Election 2025 LIVE: खराब मौसम के कारण एआईएमआईएम सुप्रीमो असदुद्दीन ओवैसी की तय चुनावी सभा शुक्रवार को रद्द कर दी गई। यह सभा जोकीहाट विधानसभा क्षेत्र के मलहरिया मैदान में पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में आयोजित की जानी थी। मौसम खराब होने और तेज हवाओं के चलते हेलिकॉप्टर उड़ान भर नहीं सका, जिसके बाद कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया। स्थानीय कार्यकर्ताओं ने बताया कि ओवैसी जल्द ही नई तारीख तय कर इसी क्षेत्र में अगली सभा करेंगे।
11:44 AM - Bihar Election 2025 LIVE: खराब मौसम ने रोका नीतीश कुमार का हेलिकॉप्टर, कार से निकले चुनावी सफर पर
Bihar Election 2025 LIVE: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का हेलिकॉप्टर शुक्रवार को खराब मौसम की वजह से उड़ान नहीं भर सका। तय कार्यक्रम के मुताबिक उन्हें मधुबनी, दरभंगा और समस्तीपुर में चुनावी सभाओं को संबोधित करना था। मौसम में आए बदलाव और तेज हवाओं के कारण प्रशासन ने हवाई यात्रा की अनुमति नहीं दी। इसके बाद सीएम नीतीश कुमार ने बिना देरी किए सड़क मार्ग से कार के जरिए रवाना होने का फैसला लिया और अपने प्रचार अभियान को जारी रखा।
11:19 AM - Bihar Election 2025 LIVE: एनडीए का घोषणापत्र महागठबंधन की आधी-अधूरी नकल: RJD का करारा वार
Bihar Election 2025 LIVE: एनडीए के घोषणापत्र पर आरजेडी सांसद मनोज झा ने करारा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि एनडीए महागठबंधन और तेजस्वी यादव से प्रेरणा लेकर उनकी नीतियों की आधी-अधूरी और कमजोर कॉपी बना रहा है। मनोज झा ने प्रधानमंत्री मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि अगर बिहार के लिए घोषणापत्र जारी हो रहा है, तो उसे भी वही दर्जा मिलना चाहिए जो गुजरात को मिला है। उन्होंने कहा, “ये दोहरा चरित्र अब नहीं चलेगा, जहां गुजरात को निवेश मिलता है और बिहार सिर्फ मजदूर भेजता है।” झा ने इसे बिहार की पहचान और आत्मसम्मान का चुनाव बताया और कहा कि अगर बिहार को गुजरात जैसा निवेश नहीं दिया गया, तो एनडीए का संकल्प पत्र सिर्फ कागजी वादा बनकर रह जाएगा।
10:30 AM - Bihar Election 2025 LIVE: 1 करोड़ युवाओं को नौकरी का वादा: एनडीए का घोषणापत्र
Bihar Election 2025 LIVE: एनडीए के घोषणापत्र का सबसे बड़ा वादा है हर युवा को रोजगार और नौकरी के अवसर का वादा है। सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में 1 करोड़ से अधिक रोजगार और नौकरी दी जाएगी। इसके लिए हर जिले में ग्लोबल स्किलिंग सेंटर स्थापित किए जाएंगे, ताकि युवाओं को आधुनिक कौशल और तकनीकी प्रशिक्षण मिल सके। उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य है कि बिहार के युवाओं को सिर्फ नौकरी न मिले, बल्कि वे वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने योग्य बनें।”
10:14 AM - Bihar Election 2025 LIVE: एनडीए का चुनावी बिगुल, ‘संकल्प पत्र 2025’ जारी
Bihar Election 2025 LIVE: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले एनडीए ने शुक्रवार को अपना बहुप्रतीक्षित ‘संकल्प पत्र 2025’ जारी कर दिया। राजधानी पटना के होटल मौर्या में आयोजित कार्यक्रम में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने संकल्प पत्र की मुख्य बातों को बताया। इस मौके पर उन्होंने कहा, “21वीं सदी में बिहार की भूमिका पूरे देश और दुनिया में अहम होगी। यह संकल्प पत्र राज्य के हर तबके को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, युवा, महिला, दलित, अति पिछड़ा और किसान सभी को इसमें प्राथमिकता दी गई है।”
9:47 AM - Bihar Election 2025 LIVE: बिहार के नए सियासी सुर में खेसारी लाल यादव का बयान
Bihar Election 2025 LIVE: भोजपुरी सुपरस्टार और आरजेडी नेता खेसारी लाल यादव ने एक के बाद एक बयानों से बिहार की सियासत में नई गूंज पैदा कर दी है। उन्होंने साफ कहा कि अगर आरजेडी 2 करोड़ नौकरियां नहीं दे पाएगी तो कम से कम 50 लाख रोजगार जरूर देगी। खेसारी ने कहा, “कम से कम हम रोजगार देने की बात तो कर रहे हैं, एनडीए सरकार तो वादा भी नहीं करती। उन्हें बस ‘जंगलराज’ का डर दिखाना आता है या हिंदू-मुसलमान की बात करनी।”
9:41 AM - Bihar Election 2025 LIVE: एनडीए का ‘संकल्प पत्र 2025’ कुछ ही देर में, होटल मौर्या में पूरी तैयारी
Bihar Election 2025 LIVE: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर एनडीए आज पटना के होटल मौर्या में अपना घोषणापत्र जारी करने जा रहा है, जिसे ‘संकल्प पत्र 2025’ नाम दिया गया है। इस मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, चिराग पासवान और ललन सिंह मौजूद रहेंगे। इस घोषणा का लंबे समय से इंतजार था, क्योंकि महागठबंधन पहले ही ‘तेजस्वी प्रण’ के नाम से अपना घोषणापत्र जारी कर चुनावी जंग में बढ़त लेने की कोशिश कर चुका है।
9:15 AM - Bihar Election 2025 LIVE: PM मोदी ने चिराग पासवान को जन्मदिन पर दी शुभकामनाएं
Bihar Election 2025 LIVE: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री चिराग पासवान को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं और इस क्षेत्र के विकास में उनके योगदान की सराहना की। पीएम ने कहा कि चिराग पासवान अपने पिता राम विलास पासवान के आदर्शों को पूरा करने में जुटे हैं और उन्हें लंबी, स्वस्थ जिंदगी का आशीर्वाद मिले। बता दें कि चिराग की पार्टी लोजपा (रामविलास) एनडीए का अहम घटक है, जो नीतीश कुमार की जेडीयू, उपेंद्र कुशवाहा की आरएलएम और जीतन राम मांझी की हम पार्टी के साथ मिलकर बिहार विधानसभा चुनाव में मैदान में है।
9:10 AM - Bihar Election 2025 LIVE: चुनावी मैदान में आज दिग्गज, नीतीश, तेजस्वी-मुकेश सहनी लगाएंगे जोर
Bihar Election 2025 LIVE: बिहार में आज सियासी रफ्तार तेज है, जहां महागठबंधन के नेता तेजस्वी यादव और मुकेश सहनी दिनभर दस जनसभाओं को संबोधित करेंगे। दोनों की रैलियां मुंगेर, खगड़िया, बेगूसराय और समस्तीपुर जिलों में होंगी, जहां वे जनता से महागठबंधन के समर्थन की अपील करेंगे। उधर, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और जेडीयू नेता संजय झा भी पीछे नहीं हैं, वे आज पांच जनसभाओं के जरिए समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी में एनडीए के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश करेंगे। दोनों गठबंधन अपने-अपने वोटरों को साधने में पूरी ताकत झोंक चुके हैं।





