
Bihar Election 2025 Highlites: पीएम मोदी का कल महिला संवाद, वोटिंग के दिन 6 नवंबर को सार्वजनिक अवकाश
Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के बीच अब तक राज्य से 100 करोड़ से ज्यादा के शराब, ड्रग्स, कैश और अन्य सामान जब्त किए जा चुके हैं। मोकामा में दुलारचंद हत्याकांड के बाद पटना में नए ग्रामीण एसपी की तैनाती कर दी गई है।
Bihar Election 2025 Highlites: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान का शोर थमने से एक दिन पहले एनडीए और महागठबंधन के नेता धुआंधार प्रचार में जुटे हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सहरसा और कटिहार में रैली की। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की शिवहर के चंदौली, सीतामढ़ी के रीगा और मधुबनी के खुटौना में रैली हुई। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी की सहरसा के सोनबरसा और लखीसराय में जनसभा की। समस्तीपुर जिले के रोसड़ा में भी रोड शो किया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की बांका, भागलपुर और मधेपुरा जिले में चुनावी रैलियां हुईं। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पटना, आरा, बक्सर और सारण जिले में चुनाव प्रचार किया। आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव भी चुनाव प्रचार के लिए उतरे और आज दानापुर में रीतलाल यादव के समर्थन में रोड शो किया। जन सुराज पार्टी के नेता प्रशांत किशोर का सारण, गोपालगंज और सीवान जिले में कार्यक्रम रहा। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने दरभंगा के केवटी में रैली कर राहुल गांधी और विपक्ष पर निशाना साधा। बिहार चुनाव के बीच अब तक राज्य से 100 करोड़ से ज्यादा की शराब, ड्रग्स, कैश और अन्य सामान जब्त किए जा चुके हैं। मोकामा में दुलारचंद हत्याकांड के बाद पटना में नए ग्रामीण एसपी की तैनाती कर दी गई है। बिहार विधानसभा चुनाव से जुड़े सभी लेटेस्ट अपडेट्स यहां पढ़ें-

09:20 PM Bihar Election 2025 LIVE: पहले चरण की वोटिंग के दिन 6 नवंबर को सार्वजनिक अवकाश
बिहार चुनाव 2025 के लिए पहले चरण की वोटिंग के दिन 6 नवंबर को सवैतनिक सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, बिहार द्वारा आदेश जारी किया है। पहले चरण में 121 सीटों पर मतदाना होगा।
08:58 PM Bihar Election 2025 LIVE: प्रधानमंत्री मोदी कल करेंगे डिजिटल ‘महिला संवाद’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा है कि बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा-एनडीए की जीत सुनिश्चित करने के लिए हमारी मातृशक्ति भी असाधारण ऊर्जा और पूरे समर्पण भाव से जुटी हुई है। चुनाव अभियान में उनकी सक्रिय भागीदारी बिहार में लोकतंत्र की यात्रा को और सशक्त बना रही है। कल 04 नवंबर को दोपहर 3:30 बजे ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत - महिला संवाद’ में मैं अपनी माताओं-बहनों से चर्चा को लेकर बहुत उत्सुक हूं।
07:42 PM Bihar Election 2025 LIVE: जेल में बंद अनंत सिंह के लिए ललन सिंह और सम्राट चौधरी का रोड शो
दुलारचंद यादव हत्याकांड में मोकामा से जदयू प्रत्याशी अनंत सिंह जेल में बंद हैं। ऐसे में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने चुनाव प्रचार की कमान संभाल ली है। सोमवार को सम्राट चौधरी के साथ उन्होने रोड शो निकाला। इस दौरान अनंत सिंह के लिए वोट मांगे।
07:38 PM Bihar Election 2025 LIVE: 2005 से पहले पिछड़ों, अतिपिछड़ों और महादलितों के लिए कोई काम नहीं हुआ- नीतीश
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर कहा कि बिहार में वर्ष 2005 से पहले की सरकार ने पिछड़े, अति पिछड़े, अनुसूचित जाति-जनजाति, दलित-महादलित, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग और समाज के वंचित तबकों के उत्थान के लिये कोई काम नहीं किया। न तो उन्हें उचित मान-सम्मान दिया गया और ना ही शासन में उन्हें किसी तरह की कोई महत्वपूर्ण भागीदारी दी गयी। इन सभी वर्गों के बच्चे-बच्चियों में शिक्षा का घोर अभाव था, लेकिन उस वक्त जिन लोगों की सरकार थी उन्होंने इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया। चुनाव के वक्त जब वोट लेने की बारी आती थी, तो झूठे वादे कर और डरा धमका कर लाठी के बल पर इनका वोट ले लिया जाता था तथा सरकार बनने के बाद सत्ता में बैठे लोग खुद को मालिक समझने लगते थे और राजनीति में सिर्फ अपने परिवार के लोगों को आगे बढ़ाने में लगे रहते थे।
06:05 PM Bihar Election 2025 LIVE: खरगे का मोदी पर पलटवार, बोले- आपसी सहमति से तेजस्वी को चेहरा बनाया
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि बिहार में 20 साल से डबल इंजन की सरकार के बावजूद लोग परेशान हैं। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है। लोग रोजगार के लिए बाहर जाने पर मजबूर हैं। केंद्र में 50 लाख पद खाली है, लेकिन मोदी सरकार बहाली नहीं कर रही है। बिहार में महागठबंधन की सरकार हर परिवार के एक सदस्य को नौकरी देगी। सोमवार को वे पटना के एक होटल में प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर झूठ बोलने का आरोप लगाया और कहा कि (राजद-कांग्रेस में) आपसी सहमति से तेजस्वी को सीएम का चेहरा घोषित किया गया था।
05:40 PM Bihar Election 2025 LIVE: दानापुर में लालू यादव का रोड शो, रीतलाल यादव के लिए वोट मांग रहे
आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव बिहार चुनाव में पहली बार प्रचार पर उतर गए हैं। पटना के दानापुर विधानसभा में वे रोड शो कर रहे हैं। दानापुर से राजद प्रत्याशी रीतलाल यादव फिलहाल जेल में बंद हैं। लालू उनके लिए वोट मांग रहे हैं।
05:24 PM Bihar Election 2025 LIVE: पटना में योगी की सभा, बोले- अराजकता फैलाने वालों से सावधान
Bihar Election 2025 LIVE: पटना के राजीव नगर में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बिहार के लोग अराजकता फैलाने वालों से सावधान रहें। उन्होंने महागठबंधन के नेताओं पर उग्रवाद और अराजकता को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। योगी ने जय श्रीराम के नारे लगवाए और लोगों से एनडीए के दीघा से प्रत्याशी संजीव चौरसिया के समर्थन में मतदान की अपील की।
05:03 PM Bihar Election 2025 LIVE: चुनाव के बीच बिहार में 100 करोड़ के शराब-ड्रग्स और कैश जब्त
Bihar Election 2025 LIVE: बिहार में विधानसभा चुनाव के बीच अब तक 100 करोड़ रुपये से ज्यादा के अवैध शराब, ड्रग्स और कैश जब्त किए जा चुके हैं। चुनाव आयोग से मिली जानकारी के अनुसार 3 नवंबर तक 9.62 करोड़ रुपये नकद, 42.14 करोड़ रुपये की 9.6 लीटर शराब, 24.61 करोड़ रुपये के ड्रग्स, 5.8 करोड़ रुपये के कीमती सामान और 26 करोड़ रुपये की अन्य सामग्री जब्त की जा चुकी है।
04:44 PM Bihar Election 2025 LIVE: पटना ग्रामीण के नए एसपी बने अपराजित, मोकामा केस में हटाए गए थे विक्रम सिहाग
Bihar Election 2025 LIVE: मोकामा उपद्रव मामले में हटाये गये पटना ग्रामीण एसपी विक्रम सिहाग की जगह नये पुलिस पदाधिकारी की पोस्टिंग कर दी गयी है। गृह विभाग ने 2020 बैच के आईपीएस और पटना के ट्रैफिक एसपी अपराजित को पटना के एसपी (ग्रामीण) पद पर पदस्थापित किया है। विक्रम सिहाग को पुलिस मुख्यालय में पदस्थापन की प्रतीक्षा में योगदान करने का निर्देश दिया गया है।
04:18 PM Bihar Election 2025 LIVE: मुंगेर में स्मृति ईरानी का रोड शो
Bihar Election 2025 LIVE: भाजपा नेत्री सह पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने आज मुंगेर विधानसभा के एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी कुमार प्रणय के समर्थन में रोड शो किया। हवाई अड्डा में हेलीकॉप्टर से उतरने के बाद सड़क मार्ग से वह कोणार्क सिनेमा रोड पहुंचीं, वहां से खुली जिप्सी में बैठकर रोड शो करते हुए शहर भ्रमण किया। रोड शो में भाजपा प्रत्याशी कुमार प्रणय भाजपा जिला अध्यक्ष प्रोफेसर अरुण कुमार पोद्दार महिला भाजपा जिला अध्यक्ष निशा शाह पार्टी द्वारा गुजरात से भेजे गए विधानसभा प्रभारी अतुल कुमार सहित काफी संख्या में महिला और बाइक सवार कार्यकर्ता शामिल थे। इस दरमियान कई जगहों पर भाजपा नेत्री का माल्यार्पण कर महिलाओं द्वारा स्वागत किया गया।
04:15 PM Bihar Election 2025 LIVE: जनसेवक नीतीश नाम से जेडीयू का हैशटैग
Bihar Election 2025 LIVE: बिहार चुनाव के बीच जदयू ने सोशल मीडिया पर जनसेवक नीतीश नाम से हैशटैग जारी किया है। इसमें उसने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कई कार्यों का जिक्र किया है और इस संबंध में उनके भाषणों के अंश को जारी किया है। इसमें परिवारवाद के खिलाफ उनकी बातों, सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 35 फीसदी आरक्षण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि बढ़ाने जैसे कई कार्यों का उल्लेख किया गया है। जारी वीडियो में मुख्यमंत्री ने यह भी कहा है कि उन्होंने कभी वोट के लिए कोई काम नहीं किया। उन्होंने हर वर्ग की खिदमत की है। बगैर किसी राजनीतिक मंशा के उन्होंने सबके विकास के लिए काम किया है।
04:04 PM Bihar Election 2025 LIVE: बहादुरगंज से ओवैसी के उम्मीदवार का कैश बांटने का वीडियो वायरल, केस दर्ज
बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें किशनगंज जिले की बहादुरगंज विधानसभा से एआईएमआईएम पार्टी के प्रत्याशी तौसीफ आलम द्वारा कथित तौर पर चुनावी मंच से पैसे बांटे जाने का दृश्य प्रदर्शित हो रहा है। प्रशासन की ओर से वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी के कैंडिडेट पर आचार संहिता उल्लंघन का केस दर्ज करवाया है।
03:46 PM Bihar Election 2025 LIVE: 5 हजार देकर वोट खरीदना चाहते, नीतीश सरकार पर पीके का निशाना
Bihar Election 2025 LIVE: सीवान में चुनाव प्रचार के दौरान जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार के अधिकारियों ने पूरे बिहार को लूट लिया है। अब ये लोग 5-10 हजार रुपए देकर वोट खरीदना चाहते हैं। पीके ने नीतीश सरकार के मंत्रियों पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि मंगल पांडेय, अशोक चौधरी जैसे भ्रष्ट नेताओं को जेल भेजने के लिए जन सुराज की व्यवस्था बनानी होगी।
03:32 PM Bihar Election 2025 LIVE: समस्तीपुर के रोसड़ा में प्रियंका गांधी का रोड शो
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोनबरसा में जनसभा करने के बाद समस्तीपुर जिले के रोसड़ा में रोड शो कर महागठबंधन के समर्थन में वोट मांगे। इस दौरान पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव भी मौजूद रहे।
03:20 PM Bihar Election 2025 LIVE: कटिहार में पीएम मोदी की रैली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहरसा में जनसभा को संबोधित करने के बाद कटिहार पहुंच गए हैं। यहां वे एनडीए की चुनावी रैली को संबोधित कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि महागठबंधन के सीएम उम्मीदवार तेजस्वी यादव फिर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आरजेडी ने कट्टा दिखाकर कांग्रेस से मुख्यमंत्री का नाम घोषित करवा दिया।
03:08 PM Bihar Election 2025 LIVE: पहले चरण की वोटिंग से पहले भारत-नेपाल सीमा सील
Bihar Election 2025 LIVE: बिहार में 6 नवंबर को विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान को लेकर सोमवार 3 नवंबर से लेकर शुक्रवार 7 नवंबर की सुबह तक भारत-नेपाल सीमा पूरी तरह सील कर दी गई है। किशनगंज जिले के दिघलबैंक प्रखंड में नेपाल से सटे सीमा के सभी रास्तों और पगडंडियों को अगले 72 घंटों के लिए पूरी तरह सील कर दिया गया है। चप्पे चप्पे पर एसएसबी के जवान पहरा दे रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था इतनी सख्त है कि परिंदा भी पर न मार सके।
02:50 PM Bihar Election 2025 LIVE: आरजेडी ने गौड़ा बौराम से कैंडिडेट अफजल अली को पार्टी से निकाला
गौड़ा बौराम विधानसभा सीट पर आरजेडी ने अपने उम्मीदवार अफजल अली खान को पार्टी से निकाल दिया है। उन्हें 6 साल से आरजेडी से निष्कासित किया गया है। गौड़ा बौराम सीट पर मुकेश सहनी की वीआईपी के उम्मीदवार संतोश सहनी के नामांकन करने के बाद लालू एवं तेजस्वी यादव ने अफजल अली खान को नॉमिनेशन वापस लेने को कहा था। मगर अफजल अली ने नामांकन वापस नहीं लिया था। इससे यहां फ्रेंडली फाइट की स्थिति बन गई।
02:18 PM Bihar Election 2025 LIVE: जब-जब राहुल ने मोदी का अपमान किया, तब-तब हार मिली; शिवहर में बोले शाह
Bihar Election 2025 LIVE: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शिवहर में भाजपा की चुनावी रैली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर एक बार फिर छठी मैया के अपमान का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी, मोदी का अपमान करते-करते आपने छठ मैया का अपमान किया है। उन्होंने दावा किया कि जब-जब आपने (राहुल) नरेंद्र मोदी का अपमान किया है, जनता ने आपको हराकर जवाब दिया है। लेकिन इस बार, आपने मोदी के साथ-साथ छठ मैया का भी अपमान किया है।
02:10 PM Bihar Election 2025 LIVE: नीतीश नहीं चला रहे बिहार सरकार, सोनबरसा में बोलीं प्रियंका गांधी
Bihar Election 2025 LIVE: सहरसा जिले के सोनबरसा में कांग्रेस की चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी वाड्रा ने आरोप लगाया कि आज बिहार की सरकार नीतीश कुमार नहीं चला रहे हैं। यह सरकार केंद्र में बैठे नरेंद्र मोदी और अमित शाह चला रहे हैं। बिहार में मुख्यमंत्री का सम्मान नहीं कर रहे, सीएम की बातें नहीं सुनी जा रही हैं।
01:56 PM Bihar Election 2025 LIVE: सहरसा में बोले मोदी- राजद और कांग्रेस का विकास से नाता नहीं
Bihar Election 2025 LIVE: सहरसा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आरोप लगाया कि RJD और कांग्रेस की बदले की राजनीति के कारण सालों तक बिहार के लोगों को भुगतना पड़ा। एक समय था, जब कोसी-मिथिलांचल के बहुत बड़े हिस्से के लोगों को 300 किलोमीटर का सफर करके इस पार से उस पार जाना पड़ता था। आज ये सफर 30 किलोमीटर से भी कम रह गया है। RJD हो या कांग्रेस, इनका विकास से दूर-दूर तक का कोई नाता नहीं है। NDA की पहचान विकास से है और RJD-कांग्रेस की पहचान विनाश से है।
01:41 PM Bihar Election 2025 LIVE: मोदी के कट्टा वाले बयान पर तेजस्वी का पलटवार
Bihar Election 2025 LIVE: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कट्टा वाले बयान पर तेजस्वी यादव ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा, "जिसकी जैसी भावना है, जिसकी जैसी सोच, हम लोगों की ऐसी भावना नहीं है। हम नकारात्मक बातें नहीं करते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऐसे शब्दों का इस्तेमाल क्यों करते हैं, हमें पता नहीं। पीएम जितनी गिरी हुई भाषा बोल रहे हैं, वैसा हम नहीं बोल रहे हैं। उन्हें अपना विजन बताकर सरकार का हिसाब देना चाहिए।" एक दिन पहले पीएम मोदी ने कहा था कि आरजेडी ने कांग्रेस की कनपट्टी पर कट्टा रखकर तेजस्वी को सीएम कैंडिडेट के रूप में ऐलान करवाया।
01:28 PM Bihar Election 2025 LIVE: एक मंच पर आए जीतनराम मांझी और चिराग पासवान
Bihar Election 2025 LIVE: केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी और चिराग पासवान आज गयाजी जिले के बांके बाजार में एक मंच पर नजर आए। चिराग ने कहा कि कोई भ्रम में ना रहे, हम दोनों एक परिवार के लोग हैं। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में बिहार में विकास के साथ बहार आई है। चिराग ने इमामगंज से एनडीए उम्मीदवार एवं मांझी की बहू दीपा कुमारी के पक्ष में मतदान की अपील की। वहीं, जीतनराम मांझी ने कहा नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री बनेंगे।
01:11 PM Bihar Election 2025 LIVE: इस बार 3 सीटें भी मत छोड़ना, सीतामढ़ी में बोले अमित शाह
Bihar Election 2025 LIVE: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सीतामढ़ी जिले के बेलसंड में भाजपा की चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने जिले की सभी 11 विधानसभा सीटों पर एनडीए को जिताने की अपील की। शाह ने कहा कि पिछले चुनाव में कुछ कसर छूट गई थी। 11 में से 8 सीटें एनडीए को मिली थीं। अब यहां मां सीता का मंदिर बनने वाला है। इसलिए तीन सीटें भी क्यों छोड़नी है।
01:03 PM Bihar Election 2025 LIVE: लालू का आज दानापुर में रोड शो, रीतलाल यादव के लिए वोट मांगेंगे
Bihar Election 2025 LIVE: आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव भी चुनाव प्रचार में उतरने जा रहे हैं। लालू का दानापुर विधानसभा में आज शाम को रोड शो होगा। इस दौरान उनके बेटे तेजस्वी यादव भी मौजूद रहेंगे। दानापुर में लालू मौजूदा विधायक एवं राजद प्रत्याशी रीतलाल यादव के लिए वोट मांगेंगे। रीतलाल अभी रंगदारी के केस में भागलपुर की जेल में बंद हैं। राजद सांसद मीसा भारती ने कहा कि लालू का स्वास्थ्य ठीक नहीं हैं और मौसम भी खराब चल रहा है। इसके बावजूद हमने दानापुर में आज उनका रोड शो आयोजित किया है।
12:56 PM Bihar Election 2025 LIVE: लालू और राबड़ी से मिलीं माले कैंडिडेट दिव्या गौतम
Bihar Election 2025 LIVE: राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी से सोमवार को उनके आवास पर दीघा सीट से सीपीआई माले की उम्मीदवार दिव्या गौतम ने मुलाकात की। इस मौके पर दिव्या गौतम ने उनसे दीघा में जीत का आशीर्वाद प्राप्त किया और उनका वोट भी मांगा। दिव्या दिवंगत एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की रिश्तेदार हैं।
12:28 PM Bihar Election 2025 LIVE: योगी होकर हनुमानजी का अपमान कर रहे, बंदर वाले बयान पर भड़की कांग्रेस
Bihar Election 2025 LIVE: यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दरभंगा के केवटी में पप्पू, टप्पू और अप्पू को महागठबंधन के तीन बंदर कहा। इस पर कांग्रेस भड़क गई। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि वे योगी होकर हनुमान जी का अपमान कर रहे हैं। इसमें हम क्या ही कहें। जनता सब देख रही है और सुन रही है।
12:14 PM Bihar Election 2025 LIVE: पीएम मोदी की कटिहार रैली को लेकर सुरक्षा कड़ी
Bihar Election 2025 LIVE: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर 3 बजे कटिहार जिले में जनसभा को संबोधित करेंगे। जनसभा पूर्णिया-कटिहार मार्ग पर भसना के पास आयोजित की जाएगी। मोदी के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह से सतर्क है। जिला पदाधिकारी मनेश कुमार मीणा एवं पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी के नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतज़ाम किए गए हैं। सभा स्थल और उसके आसपास के इलाकों में सुरक्षा बलों की विशेष तैनाती की गई है। भसना स्थित सभा स्थल पर बड़े पैमाने पर तैयारियां की गई हैं। मंच और पंडाल का निर्माण अंतिम चरण में है।
12:06 PM Bihar Election 2025 LIVE: योगी बोले- पप्पू, टप्पू और अप्पू महागठबंधन के 3 बंदर
Bihar Election 2025 LIVE: दरभंगा जिले के केवटी में भाजपा की चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी और विपक्षी नेताओं पर निशाना साधा। योगी ने कहा, "गांधीजी के तीन बंदर के बारे में सुना था। आज इंडिया गठबंधन के तीन और बंदर आ गए- ये पप्पू, टप्पू और अप्पू। पप्पू सच बोल नहीं सकता। टप्पू अच्छा देख नहीं सकता। अप्पू सच सुन नहीं सकता है। इन लोगों को एनडीए के विकास दिखाई, सुनाई नहीं दे रहे।"
11:40 AM Bihar Election 2025 LIVE: ललन सिंह बोले- पूरा बिहार मोदी-नीतीश जय-जय है
Bihar Election 2025 LIVE: केंद्रीय मंत्री एवं जदयू के पूर्व अध्यक्ष ललन सिंह ने कहा कि पूरा बिहार में मोदी-नीतीश जय-जय है। बिहार में इस बार फिर से NDA की सरकार बनेगी और हम सब नीतीश कुमार के नेतृत्व में यह चुनाव लड़ रहे हैं।
11:25 AM Bihar Election 2025 LIVE: राहुल गांधी रील बनाने के लिए कुछ भी कर सकते, शाहनवाज का तंज
Bihar Election 2025 LIVE: भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने बेगूसराय में कांग्रेस नेता के तालाब में कूदकर मछली पकड़ने पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के जाल से जितनी भी मछली है, वो हम निकला चुके हैं, उनके हाथ कुछ नहीं लगा। संदेश साफ चला गया है कि राहुल सोशल मीडिया पर ट्रेंड होने के लिए ये सब काम करते हैं। रील बनाने के लिए पानी में भी कूद सकते हैं। लेकिन उनके वोट की खेती उजड़ गई है।
11:02 AM Bihar Election 2025 LIVE: मुख्यमंत्री जनता को तय करने दो, तेजस्वी पर सम्राट का तंज
डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव ने कांग्रेस को जिस तरह टॉर्चर कर बेटे (तेजस्वी) को मुख्यमंत्री घोषित करवाया। यह जनता को तय करने देना चाहिए। जनता ही मालिक है। लोकतंत्र में राजतंत्र नहीं चलता है।
10:46 AM Bihar Election 2025 LIVE: भागलपुर पहुंचे नीतीश कुमार, गोपालपुर में चुनावी रैली
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार चुनाव प्रचार करने भागलपुर पहुंच गए हैं। गोपालपुर के तीनटंगा में उनकी जनसभा हो रही है। गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र में इस बार जदयू ने मौजूदा विधायक गोपाल मंडल का टिकट काटकर बुलो मंडल को टिकट दिया है। गोपाल मंडल बगावत कर यहां से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं।
10:24 AM Bihar Election 2025 LIVE: बिहार चुनाव में एग्जिट पोल करने करने आए 3 लोगों की एक्सीडेंट में मौत
Bihar Election 2025 LIVE: बिहार चुनाव में एग्जिट पोल कवर करने आए सर्वे एजेंसी के तीन लोगों की हाजीपुर में तड़के सड़क हादसे में मौत हो गए। उनकी स्विफ्ट गाड़ी की सड़क किनारे खड़े ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे में तीन अन्य लोग घायल हुए हैं। सबी उत्तर प्रदेश के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
हाजीपुर - जंदाहा मुख्य मार्ग पर औद्योगिक थाना क्षेत्र के एचपी पेट्रोल पम्प के पास खड़े ट्रक में स्विफ्ट गाड़ी ने मारी ठोकर। भोर में 3 :30 बजे हुई घटना। तीन लोगों की मौत, तीन अन्य घायल। बताया गया कि चुनाव में एग्जिट पोल के लिए काम करने बिहार आए थे। उत्तर प्रदेश के बताए जा रहे हैं सभी लोग।
10:22 AM Bihar Election 2025 LIVE: तेजस्वी बोले- सब लोग जान रहे नीतीश की CM नहीं बनाएगी भाजपा
Bihar Election 2025 LIVE: राजद नेता एवं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने प्रचार के लिए रवाना होने से पहले पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने एनडीए के सीएम फेस पर तंज कसते हुए कहा, "इसमें कौनसी चौंकाने वाली बात है। सब लोग जान रहे हैं कि भाजपा के लोग नीतीश कुमार को बिहार का मुख्यमंत्री नहीं बनाएंगे।"
10:08 AM Bihar Election 2025 LIVE: नित्यानंद बोले- तेजस्वी के लिए 18 नवंबर की तारीख नहीं आएगी
Bihar Election 2025 LIVE: केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने महागठबंधन के सीएम उम्मीदवार तेजस्वी यादव पर तंज कसा है। उन्होंने कहा, "तेजस्वी 18 नवंबर को मुख्यमंत्री की शपथ का सपना देख रहे हैं। उनके लिए यह तारीख आएगी ही नहीं। 6 और 11 नवंबर को वोटिंग के दिन बिहार की जनता उनका सूपड़ा साफ कर देगी। ऐसे में वह सरकार कहां से बनाएंगे और शपथ कहां से लेंगे। बिहार की जनता जंगलराज नहीं चाहती है। जनता को विकास चाहिए उन्हें नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार पर भरोसा है।"
09:58 AM Bihar Election 2025 LIVE: प्रशांत किशोर आज सारण, सीवान और गोपालगंज में करेंगे रोड शो
Bihar Election 2025 LIVE: जन सुराज पार्टी के सूत्रधार आज सारण, सीवान और गोपालगंज जिले में चुनाव प्रचार करेंगे। उनका मांझी, बनियापुर, एकमा, दरौंधा, रघुनाथपुर, सीवान, जीरादेई और हथुआ विधानसभा क्षेत्रों में रोड शो होगा।





