Hindi NewsBihar NewsBihar Election 1314 candidates contesting for 121 seats in first phase 315 nominations cancelled 61 withdraw thier names
Bihar Election: पहले चरण की 121 सीटों पर 1314 प्रत्याशी, 315 नामांकन रद्द, 61 ने वापस लिए नाम

Bihar Election: पहले चरण की 121 सीटों पर 1314 प्रत्याशी, 315 नामांकन रद्द, 61 ने वापस लिए नाम

संक्षेप: बिहार चुनाव के पहले चरण के 18 जिलों की 121 सीटो पर 1314 उम्मीदवार होंगे। 315 नामांकन रद्द हो गए हैं। जबकि 61 प्रत्याशियों ने अपना नाम वापस ले लिया है। 6 नवंबर को पहले और 11 नवंबर को दूसरे फेज का चुनाव होगा। 

Tue, 21 Oct 2025 07:40 PMsandeep हिन्दुस्तान ब्यूरो, पटना
share Share
Follow Us on

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की चुनावी लड़ाई की तस्वीर साफ हो गयी है। नामांकन वापसी की समय सीमा समाप्त होने के बाद अब 18 जिलों की 121 सीटों पर 1314 उम्मीदवार बच गए हैं, जिनके बीच अंतिम मुकाबला होगा। निर्वाचन विभाग के अनुसार, इन सीटों पर कुल 1690 उम्मीदवारों ने 2496 सेट में नामांकन दाखिल किया था। इनमें 315 नामांकन संवीक्षा के दौरान रद्द हुए, जबकि 61 उम्मीदवारों ने नामांकन वापस ले लिया। नामांकन वापसी के बाद मुजफ्फरपुर और कुढ़नी विधानसभा में सबसे अधिक 20-20 उम्मीदवार शेष बचे हैं।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

इनके अलावा महनार में 18, डुमरांव में 16 और सिमरी बख्तियारपुर, महुआ, उजियारपुर, जमालपुर, तरारी और बक्सर में 15-15 उम्मीदवार चुनावी मैदान में डटे हैं। भोरे, परबत्ता और अलौली विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम पांच-पांच उम्मीदवारों के बीच ही मुकाबला होगा। इनके अलावा सोनवर्षा, दरौली, रोसड़ा और मटिहानी से छह-छह, जबकि बिहारीगंज, औराई, बैकुंठपुर, कुचायकोट, रघुनाथपुर, दरौंदा और दानापुर से सात-सात उम्मीदवार शेष बच गए हैं। मालूम हो कि पहले चरण के लिए 10 से 17 अक्तूबर तक नामांकन लिए गए। 18 को नामांकन पत्रों की संवीक्षा की गयी, जबकि 20 अक्तूबर तक नामांकन वापसी का अंतिम दिन था। मतदान छह नवंबर को होगा।

दूसरे चरण के मतदान को लेकर भी नामांकन की समय सीमा 20 अक्तूबर को समाप्त हो चुकी है। मंगलवार को निर्वाची पदाधिकारी के स्तर पर उम्मीदवारों के नामांकन पत्रों की संवीक्षा की गयी। इसमें कई नामांकन पत्र वैध नहीं पाए जाने पर रद्द कर दिये गए। इस चरण के उम्मीदवार 23 अक्तूबर तक नामांकन वापस ले सकेंगे। मतदान 11 नवंबर को होगा।

बिहार चुनाव 2025 की ताज़ा ख़बरों के लिए यहां क्लिक करें।

नामांकन वापस लेने वालों में लालगंज से कांग्रेस उम्मीदवार आदित्य कुमार और तारापुर से वीआईपी उम्मीदवार सकलदेव बिंद शामिल रहे। आदित्य कुमार ने महागठबंधन से राजद उम्मीदवार शिवानी शुक्ला, जबकि सकलदेव बिंद ने भाजपा उम्मीदवार सम्राट चौधरी के समर्थन में अपना नामांकन वापस लिया। दानापुर में निर्दलीय टिंकु कुमार यादव ने अपने भाई रीतलाल राय के समर्थन, डुमरांव में निर्दलीय करतार सिंह यादव ने अपने पिता ददन सिंह यादव के समर्थन और पटना साहिब में निर्दलीय शिशिर कुमार और डॉ. अजय प्रकाश ने भाजपा उम्मीदवार रत्नेश कुशवाहा के समर्थन में नामांकन वापस लिया।

नामांकन वापस लेने अन्य उम्मीदवारों में बरौली से बिहार सरकार के पूर्व मंत्री रामप्रवेश राय, खगड़िया से रालोजपा उम्मीदवार रहीं पूर्व विधायक पूनम देवी यादव, बक्सर से निर्दलीय अमरेंद्र पांडेय, गोपालगंज से जनसुराज के शशिशेखर सिन्हा, ब्रह्मपुर से जनसुराज के सत्यप्रकाश तिवारी, रघुनाथपुर से बसपा के अवधेश भगत, बछवाड़ा से बसपा के दिलीप कुमार और सिंहेश्वर से आप के नंदन कुमार शामिल रहे।