
बिहार को छठ पर डबल गिफ्ट, पूर्णिया से दिल्ली, हैदराबाद की डायरेक्ट फ्लाइट; साउथ से जुड़ा सीमांचल
पूर्णिया एयरपोर्ट के लिए 26 अक्टूबर का दिन हमेशा के यादगार रहेगा। दिल्ली से 10.50 में रवाना हुई इंडिगो की एयर बस 12.50 बजे पूर्णिया पहुंची। फिर यहां से 1.50 में यात्रियों को लेकर दिल्ली के लिए रवाना हुई।
छठी मैया की जय। छठी मैया के जयकारे के साथ टेकऑफ और लैंडिंग। पूर्णिया एयरपोर्ट पर आज खुशी का पारावार नहीं रहा। पूर्णिया आज एक साथ देश के दो बड़े महानगरों दिल्ली और हैदराबाद से जुड़ गया। छठ के मौके पर एक साथ डबल तोहफा। सीमांचल जहां साउथ से कनेक्ट हो गया, वहीं अब दिल्ली भी दूर नहीं..करीब हो गया। पूर्णिया एयरपोर्ट के लिए 26 अक्टूबर का दिन हमेशा के यादगार रहेगा। दिल्ली से 10.50 में रवाना हुई इंडिगो की एयर बस 12.50 बजे पूर्णिया पहुंची। फिर यहां से 1.50 में यात्रियों को लेकर दिल्ली के लिए रवाना हुई।

इसी तरह हैदराबाद से इंडिगो की एयर बस यहां दोपहर 2.25 में पहुंची। इसके बाद 3.25 में यहां से हैदराबाद के लिए रवाना हुई। सीमांचल और कोसी के लोगों को तो मानो वर्षों पुराना सपना साकार हो उठा। यात्रियों ने कहा आज सीधे अपने घर पहुंचकर बेहद खुशी हो रही है। दशकों का इंतजार खत्म हुआ। कम समय और कम खर्च में घर पहुंचकर बेहद खुशी हो रही है। पहली फ्लाइट से दिल्ली से अपने घर पहुंची सीमा ने बताया कि वह हर वर्ष छठ पूजा में अपने घर आती हैं। उनकी मां दशकों से छठ पूजा करती आ रही हैं। छठी मैया की कृपा से आज सीधे अपने घर पहुंचे। नहीं तो बागडोगरा जाना पड़ता था। वहां से घर आने में काफी समय बर्बाद हो जाता था। इसी तरह अरविन्द ने बताया कि आज इतनी खुशी हो रही है जिसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता है। हैदराबाद से आये यात्रियों ने भी हवाई सेवा की शुरूआत पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि आज का दिन अविस्मरणीय रहेगा।
चार बड़े मेट्रो पॉलिटन सिटी से जुड़ा पूर्णिया
अब पूर्णिया देश के चार बड़े मेट्रो पॉलिटन सिटी दिल्ली, हैदराबाद, कोलकाता और अहमदाबाद से जुड़ गया। यही नहीं अब तलक यहां से एटीआर एयरक्राफ्ट ही उड़ रही है। मगर अब यहां से एयर बस उड़ान भरने लगी है। वह भी एक नहीं दो-दो। एटीआर 76 सीटर होती थी जबकि एयर बस 186 सीटर होगी। इसके साथ ही पर्व-त्योहार में लोगों के लिए घर आना आसान हो गया।
अब रोज पांच फ्लाईट का आवागमन
पूर्णिया एयरपोर्ट के डायरेक्टर डीपी गुप्ता ने आपके अपने अखबार हिन्दुस्तान के साथ बातचीत में कहा कि दिल्ली से पहली फ्लाईट से वह स्वयं पूर्णिया पहुंचे हैं। 26 अक्टूबर से पूर्णिया एयरपोर्ट से रोज पांच फ्लाईट रवाना होगी और पांच फ्लाईट पहुंचेगी। दिल्ली और हैदराबाद के लिए एयरबस उड़ान भरेगी। यह 186 सीटर होगी। दिल्ली की फ्लाईट 26 को 12.50 बजे अपराह्न में यहां पहुंचेगी और फिर 1.50 में रवाना हो जायेगी।
15 को पीएम ने किया था उद्घाटन
पूर्णिया एयरपोर्ट का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों 15 सितंबर को उद्घाटन हुआ था। 17 सिंतबर से सेवा शुरू हुई। एयरपोर्ट से सिर्फ पूर्णिया बल्कि सीमांचल और कोसी के सात जिलों के अलावा भागलपुर, बंगाल, नेपाल और झारखंड तक के लोगों का आवागमन सुगम हुआ है। अब यहां से लोग बैंगलौर, मुंबई, पुणे और चेन्नई की फ्लाईट की मांग भी करने लगे हैं।
एविएशन मैप पर पूर्णिया की मजबूत पहचान
पूर्णिया एयरपोर्ट की शुरूआत के बाद सीमांचल और कोसी के इलाके में आवागमन में क्रांतिकारी परिवर्तन आया है। कोलकाता और अहमदाबाद के बाद अब दिल्ली व हैदराबाद से जुड़ने के बाद पूर्णिया अब एविएशन के मैप पर मजबूती के साथ अपनी पहचान बनाने में कामयाब होगा। इससे क्षेत्र में आर्थिक क्रांति भी आयेगी। हवाई सेवा में विस्तार के लिए नए सिविल एनक्लेव की जरूरत है। इसको लेकर भी काम चल रहा है।





