
वायरल ऑडियो साजिश है; बिहार कांग्रेस चीफ राजेश राम ने दी सफाई- दोषी निकलूं तो खुद कार्रवाई करूंगा
Bihar Chunav: वायरल ऑडियो पर सफाई देते हुए राजेश राम ने कहा कि कोई गलत बात नहीं की। एक स्वस्थ चर्चा थी। जिस तरह से ऑडियो लीक किया गया है, वो क्रिमिनल ऑफेंस है।
Bihar Election: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनजर बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने सोमवार को कुटुंबा विधानसभा सीट से नामांकन दाखिल कर दिया है। भीड़, जोश और नारों के बीच उन्होंने तीसरी बार मैदान में उतरने का ऐलान किया। नामांकन से पहले उन्होंने रोड शो निकाला। इस दौरान उन्होंने कहा कि कुटुंबा अब बिहार को राह दिखाएगा। इसके अलावा उन्होंने वायरल ऑडियो क्लिप पर भी बयान दिया है। कहा कि यह एक आपराधिक साजिश है।

नामांकन के बाद राजेश राम ने एक्स पर लिखा, “आज कुटुंबा की जनता के प्यार और आशीर्वाद से मैंने महागठबंधन के प्रत्याशी के तौर पर नामांकन दाखिल किया है। विकास की बुनियाद हमने साथ मिलकर रखी है, अब उसे नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।”
वायरल ऑडियो क्रिमिनल ऑफेंस
इस बीच एक वायरल ऑडियो क्लिप ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी, जिसमें कथित तौर पर राजेश राम पप्पू यादव को लेकर चर्चा करते सुनाई दे रहे हैं। इस पर सफाई देते हुए उन्होंने कहा, “मैंने कोई गलत बात नहीं की, बस एक स्वस्थ चर्चा थी। जिस तरह से ऑडियो लीक किया गया है, वो क्रिमिनल ऑफेंस है।” न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में राजेश राम ने साफ कहा कि अगर किसी ने आरोप लगाए हैं तो जांच जरूर होनी चाहिए। उन्होंने कहा, “अगर मैं भी दोषी निकलूं तो खुद कार्रवाई करूंगा।”
गठबंधन की उलझन पर बोले राजेश राम
कुटुंबा सीट पर कांग्रेस और आरजेडी, दोनों के नाम पर उम्मीदवारों की चर्चा चल रही थी। इस पर उन्होंने कहा, “मीडिया बहुत कुछ बोल रहा है, सब वक्त आने पर साफ हो जाएगा। मैं सिर्फ जनता और विकास की राजनीति करता हूं।”
पप्पू यादव ने भी दी सफाई
इधर, स्वतंत्र सांसद पप्पू यादव ने भी अपने ऊपर लगे आरोपों को नकारते हुए कहा, “मैं किसी के लिए लॉबिंग नहीं करता। कांग्रेस अनुशासन और सिद्धांतों वाली पार्टी है।”



