निशांत कुमार का राज्यसभा जाना तय, हरिवंश का पत्ता कटा, रामनाथ ठाकुर को तीसरा टर्म: सूत्र

Mar 03, 2026 05:13 pm ISTNishant Nandan लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share Share
Follow Us on

जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार का राजनीति में उतरना और राज्यसभा जाना तय है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर को तीसरा टर्म मिलेगा, लेकिन उपसभापति हरिवंश के बदले निशांत सांसद बनेंगे।

निशांत कुमार का राज्यसभा जाना तय, हरिवंश का पत्ता कटा, रामनाथ ठाकुर को तीसरा टर्म: सूत्र

जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इकलौते बेटे निशांत कुमार राज्यसभा सांसद बन सकते हैं। जदयू सूत्रों के मुताबिक निशांत का राजनीति में आना और राज्यसभा जाना तय है। सूत्रों के मुताबिक कर्पूरी ठाकुर के केंद्रीय मंत्री बेटे रामनाथ ठाकुर को तीसरी बार राज्यसभा का टिकट मिलेगा, जबकि राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह वाली सीट से अब निशांत बतौर सांसद राजनीतिक पारी की शुरुआत करेंगे। जेडीयू के नेता निशांत से राजनीति में आने और पार्टी देखने की अपील करते रहे हैं, लेकिन नीतीश अब तक नहीं हुए थे। लोकसभा और विधानसभा चुनाव के दौरान भी निशांत के चुनाव लड़ने की चर्चा हुई थी, लेकिन वो हुआ नहीं।

बिहार से राज्यसभा के 5 सांसदों का कार्यकाल अप्रैल में खत्म हो रहा है, जिन रिक्त हो रहे पदों की भर्ती के लिए 16 मार्च को राज्यसभा का चुनाव है। 5 मार्च को नामांकन का आखिरी दिन है। जदयू के हरिवंश नारायण सिंह और रामनाथ ठाकुर के अलावा राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के प्रेमचंद गुप्ता और एडी सिंह, राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा का भी कार्यकाल खत्म हो रहा है। बीजेपी ने एनडीए तरफ से तीन कैंडिडेट के नाम का ऐलान कर दिया है। बीजेपी के अध्यक्ष नितिन नवीन, शिवेश राम और उपेंद्र कुशवाहा उसके कैंडिडेट हैं। जदयू के नाम की घोषणा बाकी है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक निशांत और रामनाथ का नाम तय हो चुका है।

बिहार से राज्यसभा की 5 सीटों पर चुनाव में दो-दो सीटों पर बीजेपी और जदयू की जीत तय है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी राज्यसभा चुनाव में उम्मीदवार उतारने का ऐलान किा है। ऐसे में पांचवीं सीट के लिए मुकाबला देखने को मिल सकता है। बीजेपी ने जिन तीन नाम का ऐलान किया है, उसमें कुशवाहा 5वीं सीट के कैंडिडेट नजर आ रहे हैं, जिनका मुकाबला विपक्ष की तरफ से मैदान में उतरे छठे कैंडिडेट से हो सकता है।

चर्चा काफी दिनों से है, लेकिन होली से एक दिन पहले नीतीश के करीबी कैबिनेट मंत्री श्रवण कुमार ने निशांत के राजनीति में आने पर मुहर लगाई थी। श्रवण ने कहा था, ‘होली के अवसर पर यह शेयर करना चाहता हूं कि जिसकी चर्चा लंबे अरसे से हो रही है। निशांत कुमार की चर्चा काफी समय से हो रही है। होली के अवसर पर मैं आप लोगों से कहना चाहता हूं कि निशांत कुमार की एंट्री राजनीति में बहुत जल्द होने वाली है। उनकी एंट्री बहुत सक्रिय राजनीति में होगी। लंबे अरसे से लाखों नौजवान उनके राजनीति में आने का सुझाव दे रहे हैं। जो नौजवान उनके राजनीति में आने की मांग कर रहे हैं उनकी इच्छा जल्द पूरी होगी।’

तेजस्वी ने राजद के राज्यसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया है

बिहार के मुख्य विपक्षी दल राजद ने राज्यसभा चुनाव लड़ने का फैसला किया है। यह निर्णय पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष लालू प्रसाद के आवास पर आयोजित केंद्रीय और राज्य संसदीय बोर्ड की बैठक में लिया गया था। विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद राजद के पास राज्यसभा में सदस्य भेजने के लिए आवश्यक संख्या बल नहीं है। 243 विधायकों की विधानसभा में राजद के पास 25 एमएलए हैं। कांग्रेस और वाम दलों जैसे महागठबंधन के सहयोगियों को मिलाकर भी 35 विधायकों का समर्थन ही जुट पा रहा है। इस चुनाव में एक सीट जीतने के लिए 41 विधायकों का समर्थन चाहिए। राजद के पास 6 विधायकों की कमी है।

ओवैसी और मायावती के हाथ में तेजस्वी के संकट का हल

असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम के 5 और कुमारी मायावती की बसपा के 1 विधायक इस कमी को दूर कर सकते हैं, लेकिन ओवैसी की पार्टी खुद लड़ना चाहती है। उसके प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने कहा है कि राजद और महागठबंधन उनके कैंडिडेट का समर्थन करे तो बीजेपी और एनडीए को रोका जा सकता है।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें