26 सीटों पर सिमटी RJD को अब भी जीत की उम्मीद, क्यों बाजी पलटने का भरोसा
संक्षेप: बिहार विधानसभा चुनाव में दोपहर 2 बजे तक आए रुझानों से यह साफ हो चुका है कि एनडीए प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है। भाजपा-जेडीयू और एलजेपी-आर की जोड़ी 200 से अधिक सीटों पर जीत हासिल करती दिख रही है तो 30 से कम सीटों पर सिमटती दिख रही आरजेडी को अब भी बाजी पलटने का भरोसा है।
बिहार विधानसभा चुनाव में दोपहर 2 बजे तक आए रुझानों से यह साफ हो चुका है कि एनडीए प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है। भाजपा-जेडीयू और एलजेपी-आर की जोड़ी 200 से अधिक सीटों पर जीत हासिल करती दिख रही है तो 30 से कम सीटों पर सिमटती दिख रही आरजेडी को अब भी बाजी पलटने का भरोसा है।

आरजेडी के वरिष्ठ नेता मनोज झा ने दोपहर करीब एक बजे पत्रकारों से बातचीत के दौरान उम्मीद जताई कि बाजी अब भी पलट सकती है। उन्होंने दलील दी कि अधिकतर सीटों पर मार्जिन बहुत कम है। आरजेडी सांसद ने इसे मनोवैज्ञानिक खेल बताते हुए अपने उम्मीदवारों को अंत तक मतगणना केंद्रों में टिके रहने को कहा।
मनोज झा ने कहा, 'मतगणना का काम चल रहा है। हम अपने उम्मीदवारों से कहना चाहेंगे कि एक मनोवैज्ञानिक खेल भी चल रहा है। तमाम ओपनिंग हुई है उसका सिलसिला आप देखें तो जाहिर तौर पर जो उनके मजबूत पक्ष खुले हैं। 5-7 राउंड औसत हुए हैं। अभी हमने गणना की कि 65-70 सीटें पर हैं जहां 3 से 5 हजार का भी मार्जिन नहीं है, इससे भी कम का अंतर है। करीब 30 राउंड की गिनती होगी। आप डटे रहें और सुनिश्चित करें कि जीत का प्रमाण पत्र लेकर ही निकलें।'
मनोज झा ने कहा कि मतगणना धीमी गति से हो रही है। उन्होंने कहा कि अधिकतर जगहों पर 7 राउंड की गिनती ही हुई है। उन्होंने भाजपा के जश्न को जल्दबाजी बताते हुए कहा कि पहले इसे बदलते हुए भी देखा जा चुका है। उन्होंने कहा, 'मैं सीटों के नाम गिना सकता हूं, 60-70 सीटें पर बहुत कम मार्जिन है। हमें पूरा भरोसा है कि जब हमारे क्षेत्र का... (ईवीएम खुलेगा), अगर पैटर्न को देखें तो परिस्थितियां बदल सकती हैं, इसकी पूरी संभावना है।'





