
मोदी का 112 इंच का सीना, 5 घंटों में पाकिस्तान हथिया लेते अगर... मांझी ने राहुल-तेजस्वी को लपेटा
Bihar Chunav: चुनावी सभा को संबोधित करते हुए जीतनराम मांझी ने कहा कि पीएम मोदी का सीना 112 इंच का है। वे पांच घंटे में पाकिस्तान पर कब्जा कर लेने की ताकत रखते हैं।
Bihar Chunav: केंद्रीय मंत्री, बिहार के पूर्व सीएम और हिन्दु्स्तानी आवाम मोर्चा(HAM)के संरक्षक जीतनराम मांझी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि प्रधानमंत्री का सीना 112 इंच का है। वे चाहते तो पांच घंटे में पाकिस्तान पर कब्जा कर लेते। मांझी ने राहुल गांधी के उस बयान का जवाब दिया है जिसमें कांग्रेस सांसद दावा करते हैं कि डोनाल्ड ट्रंप के दबाव में नरेंद्र मोदी ने सरेंडकर कर ऑपरेशन सिंदूर पर विराम लगा दिया। उन्होंने तेजस्वी यादव पर कर्पूरी ठाकुर की जननायक की उपाधि चोरी करने के प्रयास का आरोप लगाया।

वैशाली के राजापाकर विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मांझी ने कहा कि नरेंद्र मोदी का सीना 112 इंच का है। उनके हाथों में बिहार सुरक्षित रहेगा। पुलवामा में आतंकियों ने महिलाओं का सिंदूर उजाड़ा तो आतंकियों को उनके घर में घुसकर सबक सिखा दिया। उन्होंने यह भी कहा कि मोदी चाहते तो पांच घंटे में पूरे पाकिस्तान पर कब्जा कर लेते। लेकिन पाकिस्तान की जनता का कोई दोष नहीं था, उनसे कोई दुश्मनी नहीं थी इसलिए युद्ध रोक दिया।
तेजस्वी यादव को टारगेट करते हुए जीतनराम मांझी ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर को जनता ने जननायक का सम्मान दिया। दो दिन के युवक तेजस्वी यादव को राजद वाले जननायक बता रहे हैं। यह तो उपाधि की चोरी है। इन लोगों को वोट देने की जरूरत नहीं है। वोट नीतीश कुमार को देना है जिन्होंने एक मुशहर के बेटे(मुझे) को सीएम बनाया। लालू यादव का राज रहता तो अपने बेटे को बैठा देते।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार और नरेंद्र के नेतृत्व में बिहार विकसित राज्य बनेगा। नीतीश जी अच्छे मुख्यमंत्री हैं और नरेंद्र मोदी से बिहार को पूरा सहयोग मिल रहा है। डबल इंजन की सरकार बिहार को चला रही है और आगे भी अच्छे से चलाएगी। इसलिए आप लोगों को किसी और पर भरोसा नहीं करना है। खासकर जंगलराज वालों पर तो कभी नहीं। ये लोग गरीबों का हक लूटने के लिए जैसे भी हो सत्ता पर कब्जा जमाना चाहते हैं।
नरेंद्र मोदी फिर बिहार आ रहे हैं। रविवार को वे नवादा, भोजपुर, आरा में चुनावी सभा करेंगे और शाम में पटना में रोड शो करेंगे। 6 तारीख को भागलपुर और अररिया में रैली करेंगे।





