Hindi NewsBihar Newsbihar chunav 2025 polling phase 1 voting on 121 vidhan sabha seat bihar election poll percentage constituency district
Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: पहले चरण में 64 प्रतिशत वोटिंग, चुनाव आयोग बोला- शांतिपूर्ण मतदान हुआ

Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: पहले चरण में 64 प्रतिशत वोटिंग, चुनाव आयोग बोला- शांतिपूर्ण मतदान हुआ

संक्षेप:

Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग खत्म हो गई है। चुनाव आयोग ने कहा कि शांतिपूर्ण मतदान हुआ है। अब तक के आंकड़े के अनुसार 64 प्रतिशत से ज्यादा वोट डाले गए हैं।

Thu, 6 Nov 2025 08:04 PMHimanshu Tiwari लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान खत्म हो गया है।सख्त सुरक्षा इंतजामों के बीच पहले चरण की वोटिंग सुबह 7 बजे से शुरू होकर और शाम 6 बजे हुई। इस दौरान 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर मतदाता अपने पसंदीदा उम्मीदवार को चुनने के लिए घरों से निकले। 122 महिला उम्मीदवार समेत कुल 1,314 प्रत्याशियों का भविष्य आज ईवीएम में कैद हो गया। अब तक के आंकड़ों के अनुसार बिहार में पहले चरण में कुल 64 प्रतिशत से ज्यादा मतदान हुआ है। लखीसराय में भाजपा प्रत्याशी एवं डिप्टी सीएम विजय सिन्हा के काफिले पर हमला हुआ है। दरभंगा के घनश्यामपुर में बोगस वोटिंग करते दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जाले में बूथ के बाहर दो पोलिंग एजेंट भिड़ गए, पथराव भी हुआ। वोटिंग को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। आयोग की ओर से संवेदनशील माने गए बूथों पर वेबकास्टिंग से नजर रखी गई। मुंगेर, सिमरी बख्तियारपुर, महिषी, तारापुर और जमालपुर जैसे इलाकों में शाम 5 बजे तक ही मतदान हुआ। बिहार चुनाव को लेकर क्या क्या घट रहा है पल पल की खबरों के लिए बने रहें लाइव हिन्दुस्तान के साथ…

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

07:55 PM Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: बिहार में पहले चरण में 64 प्रतिशत से ज्यादा मतदान

Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 64.46 प्रतिशत मतदान हुआ है। चुनाव आयोग की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी गई है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि यह फाइनल आंकड़ा नहीं है। घंटे भर बाद पहले चरण का सटीक आंकड़ा जारी किया जाएगा। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि मतदान 64 फीसदी से ज्यादा रहेगा।

07:50 PM Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: चुनाव आयोग बोला- शांतिपूर्ण मतदान हुआ

Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: बिहार में पहले चरण का मतदान शांतिपूर्ण हुआ है। यह जानकारी चुनाव आयोग की ओर से दी गई है। बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनोद गुंजियाल ने कहा कि छिटपुट घटनाओं को छोड़कर सभी जगह शांतिपूर्ण मतदान हुआ। कुछ देर बाद पहले चरण की वोटिंग का कुल प्रतिशत आ जाएगा।

07:35 PM Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: बिहार में महागठबंधन सरकार बनेगी, पहले चरण की वोटिंग के बाद कांग्रेस का दावा

कांग्रेस राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा ने पहले चरण की वोटिंग के बाद महागठबंधन सरकार बनने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों ने बदलाव के लिए वोट दिया है। गुरुवार को होटल मौर्या में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। लोगों ने वर्तमान सरकार के खिलाफ गुस्से का इजहार करते हुए वोट दिया है। यह बदलाव का संकेत है। उन्होंने कहा कि बिहार के कई भाजपा नेता, उम्मीदवार, उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा को भारी विरोध का सामना करना पड़ा है। इससे पता चला कि बिहार के मतदाता जागरूक हैं लेकिन चुनाव आयोग सोया हुआ है।

06:35 PM Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: आरजेडी ने ईवीएम के स्ट्रॉन्ग रूम पहुंचने निगरानी करने को कहा

Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: राष्ट्रीय जनता दल ने अपने सभी पोलिंग एजेंट, नेता और कार्यकर्ताओं से अपील की है कि पहले चरण की वोटिंग खत्म होने के बाद ईवीएम सील होने तक और उसके बाद जब तक उसे स्ट्रॉन्ग रूम तक नहीं पहुंचा दिया जाता, तब तक उसकी निगरानी की जाए। आरजेडी ने उनसे कहा कि जिस गाड़ी में ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम ले जाई जा रही है, उसका पीछे-पीछा जाकर छोड़कर आएं। साथ ही सभी पोलिंग एजेंट पीठासीन अधिकारी से फॉर्म 17 ग (भाग-1) भी अवश्य प्राप्त करें।

06:35 PM Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: जेडीयू ने पहले चरण की सभी 121 सीटों पर एनडीए की जीत का दावा किया

Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने पहले चरण के मतदान के पश्चात बिहार में एनडीए की बड़ी जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि पहले चरण की 121 सीटों पर एनडीए प्रचंड जीत हासिल करेगा। बिहार के जागरूक मतदाताओं ने विकास, सुशासन, सशक्तिकरण, रोजगार एवं सामाजिक सद्भावना के क्षेत्र में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए सरकार की उपलब्धियों पर मुहर लगा दी है। उन्होंने दावा किया कि एक बार फिर नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बनेंगे और एनडीए की सरकार बनेगी।

06:20 PM Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: देखें किस जिले में कितनी वोटिंग

Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: शाम 5 बजे तक मतदान प्रतिशत

जिला मतदान प्रतिशत

मधेपुरा 65.74

सहरसा 62.65

दरभंगा 58.38

मुजफ्फरपुर 65.23

गोपालगंज 64.96

सीवान 57.41

सारण 60.90

वैशाली 59.45

समस्तीपुर 66.65

बेगूसराय 67.32

खगड़िया 60.65

मुंगेर 54.90

लखीसराय 63.76

शेखपुरा 52.36

नालन्दा 57.58

पटना 55.02

भोजपुर 53.24

बक्सर 55.10

कुल 60.18 प्रतिशत

06:03 PM Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: पहले चरण की वोटिंग खत्म

Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: बिहार में पहले चरण का मतदान खत्म हो गया है। शाम 6 बजे तक मतदान का समय था। मतदान केंद्रों के गेट बंद कर दिए गए हैं। हालांकि, पहले से कतार में खड़े मतदाताओं द्वारा वोट डालें जा रहे हैं।

06:02 PM Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: मुंगेर में वोटिंग का रिकॉर्ड टूटेगा

Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: मुंगेर में इस बार मतदान का 10 सालों का रिकॉर्ड टूटेगा। शाम 5 बजे तक जिले में 54.90 प्रतिशत मतदान हो चुका है। 2015 में 52.36 प्रतिशत मतदान हुआ था। 2020 में 50.07 फीसदी वोट ही गिरे थे।

05:58 PM Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: मुजफ्फरपुर में 5 बजे तक 64.63 प्रतिशत मतदान

Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: मुजफ्फरपुर में विधानसभावार वोटिंग प्रतिशत-

औराई - : 64.43%

कांटी - : 68.88%

कुढ़नी - : 59.47%

गायघाट - : 56.03%

पारू - : 71.10%

बरूराज - : 66.29%

बोचहाँ - : 65.43%

मीनापुर - : 73.29%

मुजफ्फरपुर - : 57.28 %

सकरा - : 66. 29%

साहेबगंज -: 65.43%

कुल वोटिंग परसेंटेज: 64.63%

05:46 PM Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: सहरसा में 5 बजे तक 62.65 प्रतिशत मतदान

Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: सहरसा जिले में शाम पांच बजे तक कुल 62.65 फीसदी वोट गिरे हैं। महिषी में 60.23, सहरसा में 67.03, सिमरी बख्तियारपुर में 65.72 और सोनबरसा में 56.17 प्रतिशत मतदान हुआ।

05:39 PM Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: बिहार में शाम 5 बजे तक 60.13 प्रतिशत मतदान

Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: बिहार में पहले चरण में विधानसभा चुनाव के लिए 60.17 फीसदी मतदान हुआ है। बेगूसराय में सबसे ज्यादा 67.32 प्रतिशत मतदान हुआ है। वहीं भोजपुर में सबसे कम 53.24 प्रतिशत वोट पड़े हैं।

05:19 PM Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: रोहतास में महागठबंधन प्रत्याशी पर एफआईआर

Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: रोहतास थाना क्षेत्र में बिना अनुमति के उनके पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों द्वारा बाइक रैली निकालने को लेकर महागठबंधन के समर्थित प्रत्याशी मंगल राम सहित अन्य तीस लोगों पर प्राथमिकी दर्ज हुई है। थानाध्यक्ष निकुंज भूषण प्रसाद ने बताया कि बिना अनुमति के थाना क्षेत्र बाइक रैली निकालने का एक वीडियो प्राप्त हुआ था। जिस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए महागठबंधन के प्रत्याशी मंगल राम एवं उनके समर्थकों पर आदर्श आचार संहिता उल्लंघन को प्राथमिकी दर्ज की गई है।

05:07 PM Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: सासाराम के आरजेडी कैंडिडेट को झारखंड कोर्ट से मिली जमानत

Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: सासाराम विधान सभा में महागठबंधन के प्रत्याशी सत्येंद्र शाह को झारखंड के गढ़वा कोर्ट से जमानत मिल गई है। गुरुवार का गढ़वा कोर्ट ने उन्हें अस्थाई जमानत दी है। उक्त जानकारी राजद के जिलाध्यक्ष रामचंद्र ठाकुर ने दी है। ज्ञात हो कि बिहार विधानसभा के दूसरे चरण के नामांकन के अंतिम दिन 20 अक्टूबर 2025 को सासाराम विधानसभा क्षेत्र के महागठबंधन के राजद प्रत्याशी सत्येंद्र साह को गढ़वा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। झारखंड में एक बैंक डकैती व लूटकांड में आरोपी सत्येन्द्र साह तब से गढ़वा जेल में बंद थे। जमानत मिलने के बाद गुरुवार शाम तक या शुक्रवार उनके जेल से बाहर आने की उम्मीद हैं।

04:50 PM Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: शाम साढ़े 6 बजे होगी चुनाव आयोग की पीसी

Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के बाद आज शाम 6.30 बजे पटना में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इस दौरान चुनाव आयोग की ओर से पहले चरण के मतदान को लेकर अपडेट दिया जाएगा।

04:39 PM Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: साहेबगंज में भाजपा प्रत्याशी और लोगों के बीच नोकझोंक

Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी राजू सिंह और लोगों के बीच नोकझोंक से माहौल गर्मा गया। घटना गोपीगंज इलाके में उस समय हुई, जब राजू अपने काफिले के साथ जा रहे थे। घटनास्थल से आधा किलोमीटर दूरी पर मध्य विद्यालय में मतदान केंद्र है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार काफिले में साथ चल रहा जवान बेवजह लोगों पर लाठी भांजने लगा। इसी बात पर लोग आक्रोशित हो गए। माहौल तनावपूर्ण हो गया। इसके बाद प्रत्याशी वहां से निकल गए। घटना की सूचना मिलने पर एएसपी और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। साहेबगंज इंस्पेक्टर सुनील कुमार के मुताबिक मामूली कहासुनी की घटना हुई थी।

04:25 PM Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: बक्सर में आरजेडी और एनडीए समर्थकों के बीच मारपीट

Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: बक्सर के उत्क्रमित मध्य विद्यालय नैनीजोर बदलैया टोला मतदान केंद्र संख्या 254 के बाहर राजद एवं एनडीए समर्थकों के बीच मतदान को लेकर जमकर मारपीट हुई। इसके बाद वहां भगदड़ मच गई। मतदान के लिए पहुंचे कई मतदाता भी भाग गए। बाद में पुलिस ने वहां पहुंच स्थिति को संभाला। कई लोगों को हिरासत में लिए जाने की सूचना है।

04:15 PM Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: नक्सल प्रभावित क्षेत्र मीनापुर और पारु में धुआंधार वोटिंग

Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: पिछले विधानसभा चुनावों तक नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में बंदूकें गरजा करती थीं, आज माहौल और नजर सब कुछ बदला-बदला सा है। मुजफ्फरपुर जिले में दोपहर 3:00 तक तकरीबन 59% वोटिंग हुई है और सबसे बड़ी बात है कि नक्सल प्रभावित क्षेत्र में वोटो की मानों बरसात हुई है। सबसे ज्यादा वोटिंग इन क्षेत्रों में दर्ज की गई है। 64.73 प्रतिशत मतदान के साथ मीनापुर विधानसभा क्षेत्र मुजफ्फरपुर जिला की सभी 11 सीटों पर सबसे आगे है। वहीं दूसरे नंबर पर वोटिंग के मामले में भी नक्सल प्रभावित क्षेत्र रहा पारू ही है। पारु में 63.73 प्रतिशत वोट पड़े हैं। बरूराज में भी 62.01% वोटिंग हुई है। साहिबगंज में 56.01% वोट पड़े हैं। औराई में भी 6 घंटे में तकरीबन 59% वोट पड़े हैं।

03:59 PM Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: बिहार में 3 बजे तक 53.77 प्रतिशत मतदान

Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: बिहार में 3 बजे तक कुल 53.77 प्रतिशत मतदान हुआ है। जिला वार वोटिंग प्रतिशत यहां देखें-

बेगूसराय- 59.82%

भोजपुर- 50.07%

बक्सर- 51.69%

दरभंगा- 51.75%

गोपालगंज- 58.17%

खगड़िया- 54.77%

लखीसराय- 57.39%

मधेपुरा- 55.96%

मुंगेर- 52.17%

मुजफ्फरपुर- 58.40%

नालंदा- 52.32%

पटना- 48.69%

सहरसा- 55.22%

समस्तीपुर- 56.35%

सारण- 54.60%

शेखपुरा- 49.37%

सीवान- 50.93%

वैशाली- 53.63%

03:51 PM Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: सीवान जिले में 3 बजे तक कुल 50.93 फीसदी मतदान

Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: विधानसभावार मतदान प्रतिशथ (3 बजे तक)

1. बड़हरिया (संख्या 110) – 53.63%

2. दरौली (संख्या 107) – 46.65%

3. दरौंदा (संख्या 109) – 50.77%

4. गोरियाकोठी (संख्या 111) – 50.00%

5. महराजगंज (संख्या 112) – 53.06%

6. रघुनाथपुर (संख्या 108) – 50.63%

7. सिवान (संख्या 105) – 51.65%

8. जीरादेई (संख्या 106) – 51.15%03:46 PM Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: सहरसा में 3 बजे तक 55.22 प्रतिशत मतदान

Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: सहरसा जिले में दोपहर 3 बजे तक 55.22 प्रतिशत मतदान हुआ है। सोनवर्षा में 52.15, सहरसा में 60.04, महिषी में 54.67 और सिमरी बख्तियारपुर में 54.05 प्रतिशत लोगों ने अब तक अपने मताधिकार का प्रयोग किया है।

03:46 PM Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: जाले में वोटिंग के दौरान पोलिंग एजेंट भिड़े, बूथ पर पत्थर चले

Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: दरभंगा जिले के जाले विधानसभा क्षेत्र में मतदान के दौरान दो पार्टियों के पोलिंग एजेंट भिड़ गए। सिंघवाड़ा प्रखंड के कटका में पोलिंग बूथ के बाहर दोनों आपस में उलझ गए। उनके बीच मारपीट हुई। एक-दो पत्थर चलने की भी बात कही जा रही है। पुलिस ने उन्हें खदेड़ दिया।

03:30 PM Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: मुजफ्फरपुर में मतदाताओं को मोबाइल लेकर जाने से रोका गया

Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: मोबाइल रखने वाला यह थैला आज कई मतदान केंद्रों से गायब रहा। लिहाजा, मतदाताओं को बूथ से लौटकर अपना मोबाइल ले जाकर घर पर रखना पड़ा। सुरक्षा बलों ने मतदाताओं को मोबाइल लेकर बूथ पर पहुंचने से रोक दिया। मुजफ्फरपुर शहर के दाउदपुर कोठी स्थित मतदान केंद्र संख्या-29 पर सुरक्षाबलों ने तमाम मतदाताओं को बूथ से बेरंग लौटा दिया। इसको लेकर मतदाताओं में काफी नाराजगी रही। चुनाव आयोग के आदेश के अनुसार, सभी बूथों पर प्रशासन की ओर से मोबाइल रखने वाला विशेष थैला रखना था। जिसमें मतदाता अपने मोबाइल फोन को स्विच ऑफ मोड में करके सुरक्षित रखते। इससे मतदाताओं में नाराजगी दिखी। कई बूथों पर यही हालात रहे।

03:17 PM Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: महनार में राजद प्रत्याशी ने लाठी भांजने की शिकायत की

Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: वैशाली जिले में महनार विधानसभा क्षेत्र के राजद प्रत्याशी इं. रबिंद्र सिंह ने फोर्स पर बिना किसी कारण लाठी भांजकर लोगों को पीटने का आरोप लगाया है। उन्होंने जिला निर्वार्ची पदाधिकारी, एसडीओ और एसपी से इस तरह की कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने की अपील वीडियो जारी कर की।

03:03 PM Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: खान सर ने पटना में डाला वोट

Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: मशहूर शिक्षक एवं यूट्यूबर खान सर ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। पटना के पोलिंग बूथ पर पहुंचकर उन्होंने अपना वोट डाला।

02:50 PM Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: गोपालगंज में अब तक सबसे ज्यादा मतदान

Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के दौरान 18 जिलों में से गोपालगंज जिले में सबसे ज्यादा 46.73 प्रतिशत वोटिंग हुई है। इसके बाद लखीसराय जिले में 46.37 प्रतिशत और बेगूसराय जिले में 46.02 फीसदी मतदान हुआ है।

02:52 PM Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: विजय सिन्हा ने हमले पर बोला- जंगलराज नहीं आने देंगे

Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: लखीसराय में डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने अपने काफिले पर हुए हमले की बात डीएम और एसपी को बताई। उन्होंने कहा कि बिहार में जंगलराज नहीं आने देंगे। जब तक विजय सिन्हा यहां है, जंगलराज नहीं आएगा।

02:48 PM Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: पशुपति पारस ने खगड़िया में डाला वोट

Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के प्रमुख एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति पारस ने खगड़िया में अपना वोट डाला। उन्होंने कहा कि आज महापर्व का दिन है और पूरे बिहार के लोगों को निश्चित रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए। कुछ लोग बाहर हैं और दूसरे क्षेत्रों में काम कर रहे हैं इसलिए मतदान कम हुआ है। मतदान बहुत आवश्यक है। यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया का नियम है। इसलिए वह आज यहां आए और अपना वोट डाला।

02:43 PM Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: मुंगेर में वोट डालने जा रही महिला ट्रेन से गिरी, पैर कटा

Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: मुंगेर जिले के धरहरा प्रखंड के मोहनपुर गांव निवासी अशोक यादव की पत्नी मंजू देवी (40) मतदान करने अपने गांव लौट रही थीं, लेकिन ट्रेन से उतरते वक्त हुआ हादसा उनकी जिंदगी बदल गया। जानकारी के अनुसार, मंजू देवी नई दिल्ली से जमालपुर पहुंची और वहां से साहेबगंज–दानापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस से धरहरा आने के लिए सवार हुई। बुधवार की शाम जब ट्रेन धरहरा स्टेशन पर पहुंची। उसी दौरान वह उतरने की कोशिश कर रही थीं कि ट्रेन चल पड़ी। जल्दबाजी में वे फिसलकर नीचे गिर गईं। हादसे में उनका दाहिना पैर कट गया और वे गंभीर रूप से जख्मी हो गईं। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धरहरा लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। मां के साथ लौट रहे मिलन कुमार बताते हैं वह वोट डालने घर लौटी थी किसे पता था कि लौटते वक्त उनकी ये हालत हो जाएगी।

02:35 PM Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: अलीनगर में बोगस वोट डालते हुए दो गिरफ्तार

Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: दरभंगा जिल की अलीनगर विधानसभा क्षेत्र में बोगस वोटिंग डालते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मामला घनश्यापुर थाना क्षेत्र के बूथ नंबर 172 का है। आरोपी केशव कुमार और सौरभ कुमार को घनश्यामपुर पुलिस पकड़कर ले गई है।

02:25 PM Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: बड़हिया में ईवीएम खराब, 1 घंटे से वोटिंग बंद

Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: लखीसराय जिले के बड़हिया में बूथ संख्या 42 पर ईवीएम मशीन खराब हो गई है। बीते करीब एक घंटे से बूथ पर मतदान की प्रक्रिया बंद है।

02:15 PM Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: लखीसराय में विजय सिन्हा के काफिले पर हमला

Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: लखीसराय के रामगढ़ चौक थाना क्षेत्र के खोरियारी में बूथ संख्या 404 एवं 405 पर भाजपा प्रत्याशी सह डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा के काफिले पर हमला हुआ है। गाड़ियों पर पथराव कर क्षति पहुंचाई गई है। सिन्हा ने राजद और महागठबंधन के समर्थकों पर आरोप लगाया है।

1:56 PM - Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: बिहार में दानापुर में नाव सेवा बंद, हजारों मतदाता वोट नहीं डाल पा रहे; आरजेडी का आरोप

Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: राष्ट्रीय जनता दल ने दानापुर विधानसभा क्षेत्र में प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी ने ट्वीट कर दावा किया कि प्रशासन ने नावों का परिचालन बंद करवा दिया है, जिसके कारण हजारों मतदाता अपने बूथ तक नहीं पहुंच पा रहे। आरजेडी के अनुसार, 10 हजार से अधिक मतदाताओं को केवल एक स्टीमर के भरोसे छोड़ दिया गया है, जो दिन में सिर्फ एक बार चल रही है। पार्टी ने सवाल उठाया कि यदि इससे कोई दुर्घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। आरजेडी ने चुनाव आयोग से कार्रवाई की मांग करते हुए पूछा कि वह आखिर क्या कर रहा है।

1:51 PM - Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: बिहार में वोटिंग रफ्तार पकड़ती हुई, 1 बजे तक 42.31% मतदान, 11 बजे था 27.65 फीसदी

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण में मतदान लगातार तेज़ी से बढ़ रहा है। सुबह 11 बजे तक जहां 27.65% मतदान हुआ था, वहीं 1 बजे तक यह बढ़कर 42.31% पहुंच गया। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की भीड़ और उत्साह बना हुआ है।

1:25 PM - Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: जो सरकार रोजगार दे, पलायन रोके, हम उसके साथ: तेज प्रताप यादव

Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: मतदान करने के बाद पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने कहा कि बिहार में चाहे किसी की भी सरकार बने, वे उसी के साथ खड़े रहेंगे जो आम लोगों को रोजगार दे, राज्य से पलायन रोकने के लिए ठोस कदम उठाए और बिहार में वास्तविक बदलाव लाए। उन्होंने कहा कि जनता ही असली मालिक है, वही सरकार बनाती और बिगाड़ती है। तेज प्रताप ने कहा कि उनकी विरासत लोहिया और कर्पूरी ठाकुर की विचारधारा है, जो सामाजिक न्याय, संपूर्ण परिवर्तन और संपूर्ण क्रांति की राह दिखाती है।

12:37 PM - Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: खगड़िया जिले के 1372 बूथों पर शांतिपूर्ण मतदान जारी, 11 बजे तक 28.96 फीसदी हुई वोटिंग

Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: खगड़िया जिले में शांतिपूर्ण माहौल में चुनाव जारी है। दिन जे 11 बजे तक 28.96 फीसदी मतदाताओं ने अपने-अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर वोट डालने के लिए मतदाताओं की भीड़ लगने लगी। जिसमें महिलाओं की संख्या खासी दिखी। युवाओं में भी मतदान को लेकर उत्साह दिखा। नगर परिषद के बूथ संख्या 218, सामुदायिक भवन, संसारपुर में दिन साढ़े 11 बजे तक जमकर वोटिंग हुई। यहां के बूथ पर विकास के नाम पर वोटिंग की जा रही थीं। डीएम नवीन कुमार व एसपी राकेश कुमार ने अपनी पत्नी के साथ मतदान किया। वही सदर एसडीओ धनंजय कुमार व सदर एसडीपीओ मुकूल कुमार रंजन पुलिस बलों के साथ गश्त करते दिखे। शाम के छह बजे तक मतदान होगा। चुनाव मैदान में जिले के चार विधानसभा क्षेत्र से 34 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे हैं।

12:11 PM - Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: जनता का आशीर्वाद मिल रहा, मेहनत का आज इम्तिहान; वोट देने के बाद बोलीं मैथिली ठाकुर

Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में मतदान जारी है और भाजपा की प्रत्याशी मैथिली ठाकुर ने कहा कि सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग घरों से निकलकर मतदान कर रहे हैं और आने वाले घंटों में यह और बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि जनता का आशीर्वाद मिल रहा है और उन्हें अभी से जीत का एहसास हो रहा है। महिलाओं के लिए किए गए अपने कार्यों का जिक्र करते हुए मैथिली ठाकुर ने कहा कि उन्होंने कड़ी मेहनत की है और आज उनकी परीक्षा का दिन है। जनता से मिल रहे समर्थन और आशीर्वाद से वह अभिभूत हैं।

12:05 PM - Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: भोजपुर सांसद सुदामा प्रसाद ने पैतृक गांव पवना में किया मतदान

Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: भोजपुर के सांसद सुदामा प्रसाद ने अपने पैतृक गांव पवना में पहुंचकर मतदान किया। वोट डालने के बाद वे मतदान केंद्र से बाहर निकले तो स्थानीय लोगों ने उनका अभिनंदन किया।

11:39 AM - Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: बिहार में 11 बजे तक 27.65% मतदान, 9 बजे तक 13.13% हुआ था

Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण में मतदान तेजी से बढ़ रहा है। सुबह 9 बजे तक जहां 13.13% वोटिंग दर्ज की गई थी, वहीं 11 बजे तक यह बढ़कर 27.65% पहुंच गई। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की भीड़ लगातार बढ़ रही है। गौरतलब है कि दो घंटे मतदान के बढ़ने के प्रक्रिया दोगुनी थी।

11:27 AM - Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: तवे पर रोटी पलटती रहे; लालू का ट्वीट, बोले- 20 साल बहुत हुए

Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर नीतीश सरकार पर तंज कसते हुए लिखा कि जैसे तवे पर रोटी को पलटते रहना ज़रूरी होता है वरना वह जल जाती है, वैसे ही 20 साल के शासन के बाद अब बदलाव जरूरी है। उन्होंने कहा कि नए बिहार और युवा नेतृत्व के लिए तेजस्वी यादव की सरकार बनना बेहद आवश्यक है।

11:04 AM - Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: दरभंगा में जन सुराज प्रत्याशी आरके मिश्रा के साथ दुर्व्यवहार, कार्रवाई न होने पर थाने में धरना

Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: दरभंगा में जन सुराज के प्रत्याशी और पूर्व आईपीएस आरके मिश्रा के साथ सुबह हसन चौक पर कथित तौर पर कुछ लोगों ने दुर्व्यवहार किया। उन्होंने नगर थाने की पुलिस से शिकायत दर्ज करवाई, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने इस पर कोई कार्रवाई नहीं की। विरोध में आरके मिश्रा नगर थाना परिसर में धरने पर बैठ गए। उन्होंने दुर्व्यवहार करने वालों को बीजेपी समर्थक बताते हुए कार्रवाई की मांग की है।

10:47 AM - Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी ने परिवार संग डाला वोट

Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में वीआईपी (विकासशील इंसान पार्टी) के प्रमुख और महागठबंधन की ओर से डिप्टी सीएम फेस मुकेश सहनी ने गौरा बौराम में अपने परिवार के साथ मतदान किया।

10:32 AM - Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: भोजपुरी स्टार पवन सिंह ने डाला वोट

Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: भोजपुर के बड़हरा विधानसभा क्षेत्र में भोजपुरी के पावर स्टार पवन सिंह अपने गांव जोकहरी में मतदान किया। वोट डालने के बाद अंगुली की स्याही दिखाते हुए कहा कि सभी लोग अपना वो डालें और लोकतंत्र को मजबूत करें।

10:29 AM - Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: विदेशी मेहमानों ने देखा बिहार का चुनाव

Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: फॉरेन डेलिगेट्स द्वारा जिला अंतर्गत मुजफ्फरपुर विधानसभा क्षेत्र के रेलवे प्रशिक्षण केंद्र कंपनीबाग तथा आदर्श राजकीय मध्य विद्यालय सरैयागंज स्थित बुथों का अवलोकन किया। साथ ही ICCC भवन स्थिति नियंत्रण कक्ष का भी अवलोकन किया। जिले में संचालित मतदान प्रक्रिया को देखकर अत्यंत खुश हुए। उन्होंने लोकतंत्र की खूबसूरती एवं व्यवस्था की सराहना की।

10:22 AM - Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: माता-पिता का आशीर्वाद खास मगर जनता की अलग अहमियत; वोट डालने के बाद बोले तेज प्रताप यादव

Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: महुआ विधानसभा सीट से जन शक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उम्मीदवार तेज प्रताप यादव ने वोट डालने के बाद मतदाताओं से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों को अपना वोट जरूर डालना चाहिए, क्योंकि हर एक वोट महत्वपूर्ण होता है। तेज प्रताप यादव ने कहा कि माता-पिता का आशीर्वाद खास होता है, लेकिन जनता का आशीर्वाद अपनी अलग ही अहमियत रखता है।

10:19 AM - Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: बख्तियारपुर में सीएम नीतीश कुमार ने डाला वोट, पहले चरण में निभाई वोटिंग जिम्मेदारी

Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बख्तियारपुर स्थित मंजू सिन्हा प्रोजेक्ट गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल के मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। मतदान के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे और सीएम ने शांतिपूर्वक मतदान प्रक्रिया में हिस्सा लिया।

10:10 AM - Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: विकास के नाम पर किया मतदान; बोले भोजपुरी स्टार पवन सिंह, आरा में डाला वोट

Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण में अभिनेता-गायक और बीजेपी नेता पवन सिंह ने आरा के अपने गांव जोकहरी स्थित मतदान केंद्र पर वोट डाला। मतदान के बाद उन्होंने कहा कि उन्होंने विकास के लिए वोट दिया है और बिहार की जनता से भी अपील की कि वे घरों से निकलकर विकास के हित में मतदान करें। उन्होंने उम्मीद जताई कि जनता बढ़-चढ़कर हिस्सा लेगी और राज्य के बेहतर भविष्य के लिए अपना मत देगी।

9:49 AM - Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: सीएम नीतीश कुमार मतदान के लिए निकले, बख्तियारपुर में करेंगे वोट

Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण के तहत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पटना स्थित अपने आवास से मतदान करने के लिए रवाना हुए। वे बख्तियारपुर के मंजू सिन्हा प्रोजेक्ट गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल में अपने मतदान केंद्र पर वोट डालेंगे। मतदान को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं और सीएम के पहुंचने से पहले प्रशासन ने तैयारी पुख्ता कर ली है।

9:32 AM - Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: सुबह 9 बजे तक बिहार चुनाव में 13.13% मतदान, पहले चरण में वोटिंग जारी

Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण में मतदान जारी है और सुबह 9 बजे तक लगभग 13.13% वोटिंग दर्ज की गई। राज्य के कई जिलों में मतदाता उत्साह के साथ मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। प्रशासन ने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए हैं। जैसे-जैसे दिन चढ़ेगा, मतदान प्रतिशत में तेजी आने की उम्मीद है।

9:32 AM - Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: ये वोट बिहार की किस्मत बदल देगा; सीवान में वोट डालने पहुंचीं शहाबुद्दीन की पत्नी हिना साहब

Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में सीवान के राघुनाथपुर सीट से पूर्व विधायक और आरजेडी नेता मोहम्मद शहाबुद्दीन की पत्नी हिना साहब मतदान केंद्र पर पहुंचीं और कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार किया। उन्होंने कहा कि वोट डालना हर नागरिक का अधिकार है और यह वोट बिहार की किस्मत बदलने वाला है। हिना साहब ने भरोसा जताया कि राघुनाथपुर की जनता उनका पूरा समर्थन करेगी और बदलाव के लिए मतदान करेगी।

9:26 AM - Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: सहरसा में EVM-VVPAT खराबी से मतदान में देरी, लंबी कतारों में इंतजार कर रहे मतदाता

Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में सहरसा के कई मतदान केंद्रों पर EVM और VVPAT मशीन में तकनीकी खराबी के कारण वोटिंग में देरी हुई। इसके चलते सुबह से ही मतदान के लिए पहुंचे मतदाताओं को लंबी कतारों में इंतजार करना पड़ा। मतदान अधिकारी मशीनों को दुरुस्त करने में जुटे हैं ताकि वोटिंग सुचारु रूप से शुरू हो सके।

9:19 AM - Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: मेरा आशीर्वाद है; तेज प्रताप को लेकर बोलीं रोहिणी आचार्य

Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: बिहार चुनाव के बीच पटना में आरजेडी नेता रोहिणी आचार्य ने जनशक्ति जनता दल प्रमुख तेज प्रताप यादव के महुआ से चुनाव लड़ने पर कहा कि उनके भाई होने के नाते उनका आशीर्वाद उनके साथ है। उन्होंने कहा, “क्या आप अपने भाई-बहनों को आशीर्वाद नहीं देते?” रोहिणी आचार्य ने दावा किया कि इस बार बिहार से बेरोजगारी खत्म होने जा रही है। उन्होंने कहा कि गांवों में रोजगार के लिए दर-दर भटकने वाले युवाओं को अब बाहर नहीं जाना पड़ेगा और 8 दिनों के भीतर बिहार में ही रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।

8:53 AM - Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: 14 नवंबर को बनेगी नई सरकार; वोट डालने के बाद बोले तेजस्वी यादव

Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: पटना में मतदान करने के बाद आरजेडी नेता और महागठबंधन के सीएम चेहरे तेजस्वी यादव ने बिहारवासियों से बड़ी संख्या में वोट डालने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोग अपने वर्तमान और भविष्य को ध्यान में रखते हुए मतदान करें और रोजगार, शिक्षा तथा बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं जैसे मुद्दों को प्राथमिकता दें। तेजस्वी यादव ने दावा किया कि महागठबंधन की जीत तय है और 14 नवंबर को राज्य में नई सरकार बनेगी।

8:37 AM - Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: पटना में मतदाता को वोट डालने से रोका गया, कहा- स्लिप नहीं है; महिला ने जताया विरोध

Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: पटना में पहले चरण की वोटिंग के दौरान एक मतदान केंद्र पर मतदाता अनुपमा शर्मा ने आरोप लगाया कि उन्हें वोट डालने की अनुमति नहीं दी गई। एएनाई से अनुपमा ने बताया कि सूची में नाम होने और पहचान पत्र मौजूद होने के बावजूद अधिकारियों ने स्लिप न होने का हवाला देकर मतदान से रोक दिया। उन्होंने बताया कि उन्हें 5 मिनट इंतजार करने को कहा गया, लेकिन ऐसी दिक्कत पहली बार सामने आई है। घटना के बाद महिला ने नाराज़गी जताते हुए कहा कि अब वह वोट नहीं डालेंगी।

8:25 AM - Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: तेजस्वी यादव पत्नी संग पटना में डाला वोट, लालू-राबड़ी ने भी किया मतदान

Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: पटना में आरजेडी नेता और महागठबंधन के सीएम चेहरे तेजस्वी यादव अपनी पत्नी राजश्री यादव के साथ मतदान केंद्र पहुंचे और पहले चरण के तहत अपना वोट डाला। पटना के वेटनरी कॉलेज में बिहार के पूर्व सीएम लालू प्रसाद यादव और उनकी पत्नी राबड़ी देवी ने भी वोटा डाला है।

7:55 AM - Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: लखीसराय में डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने डाला वोट

Bihar Chunav 2025 LIVE: लखीसराय में बिहार के उपमुख्यमंत्री और इसी सीट से बीजेपी उम्मीदवार विजय कुमार सिन्हा ने पहले चरण के मतदान के तहत अपना वोट डाला। मतदान केंद्र पर पहुंचकर उन्होंने कतार में खड़े होकर मतदान प्रक्रिया में हिस्सा लिया। वोट डालने के बाद डिप्टी सीएम ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए हर मतदाता को मतदान अवश्य करना चाहिए और बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए।

7:27 AM - Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: बांकीपुर में मंत्री नितिन नवीन ने डाला पहला वोट, पटनावासियों से ज्यादा मतदान की अपील

Bihar Chunav 2025 LIVE: बिहार सरकार के मंत्री और बांकीपुर सीट से बीजेपी उम्मीदवार नितिन नवीन ने आज सुबह अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर सबसे पहले वोट डालने का दावा किया। मतदान के बाद उन्होंने पटना के मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि लोग घरों से निकलें और अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें। उन्होंने कहा कि पटना के लोग रिकॉर्ड बनाते हुए इस बार सबसे ज्यादा वोटिंग प्रतिशत दर्ज कराएं।

7:20 AM - Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: बड़हिया में गिरिराज सिंह ने डाला पहला वोट, सुबह 7 बजे ही पहुंचे मतदान केंद्र

Bihar Chunav 2025 LIVE: लखीसराय में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बड़हिया के मध्य विद्यालय बड़हिया नंबर-2 स्थित मतदान केंद्र संख्या 43 के पूर्वी भाग पर पहुंचकर अपना मतदान किया। मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ और गिरिराज सिंह समय से पहले ही केंद्र पर पहुंचकर लाइन में खड़े होकर वोट डालने वाले पहले मतदाता बने। उनके मतदान के साथ ही केंद्र पर वोटिंग प्रक्रिया की शुरुआत हुई।

7:00 AM - Bihar Chunav 2025 LIVE: सुबह 7 बजे से मतदान शुरू, बिहार में लोकतंत्र का जश्न

Bihar Chunav 2025 LIVE: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग सुबह 7 बजे शुरू हो गई है और शाम 6 बजे तक चलेगी। 18 जिलों की 121 सीटों पर सख्त सुरक्षा के बीच मतदान जारी है। राज्यभर में 45,341 बूथों पर 3 करोड़ 75 लाख से ज्यादा मतदाता अपने प्रतिनिधि चुनने के लिए वोट डाल रहे हैं। इस चरण में कुल 1,314 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 122 महिलाएं भी शामिल हैं। वोटिंग को लेकर मतदाताओं में उत्साह साफ दिख रहा है और लोग सुबह से ही घरों से निकलकर मतदान केंद्र पहुंच रहे हैं।

6:48 AM - Bihar Chunav 2025 LIVE: पहले मतदान, फिर जलपान; पहले चरण की वोटिंग पर PM मोदी की अपील

Bihar Chunav 2025 LIVE: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग शुरू होते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मतदाताओं से बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील की है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि आज बिहार में लोकतंत्र के उत्सव का पहला चरण है और सभी मतदाता पूरे उत्साह के साथ मतदान करें। उन्होंने विशेष तौर पर पहली बार वोट डालने वाले युवाओं को बधाई देते हुए संदेश दिया, “पहले मतदान, फिर जलपान।” पीएम मोदी की इस अपील के बाद सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की हलचल तेज होती दिख रही है।

6:11 AM - Bihar Chunav 2025 LIVE: वोटिंग के लिए 12 पहचान पत्र मान्य, EPIC न होने पर भी कर सकेंगे मतदान

Bihar Chunav 2025 LIVE: यदि किसी मतदाता के पास वोटर ID कार्ड (EPIC) नहीं है तो चिंता की बात नहीं। चुनाव आयोग ने मतदान के लिए 12 वैकल्पिक दस्तावेजों को मान्यता दी है। इनमें आधार कार्ड, मनरेगा कार्ड, बैंक/डाकघर की फोटोयुक्त पासबुक, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, पासपोर्ट, आयुष्मान कार्ड, पेंशन दस्तावेज, NPR स्मार्ट कार्ड और सरकारी फोटोयुक्त पहचान पत्र शामिल हैं। इससे यह सुनिश्चित होगा कि हर योग्य मतदाता बिना किसी बाधा के वोट डाल सके।

5:56 AM - Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: मतदाता निजी वाहन से जा सकेंगे मतदान केंद्र तक, 100 मीटर पर पर्ची वितरण की अनुमति

Bihar Chunav 2025 Phase 1 Voting LIVE updates: चुनाव आयोग ने मतदाताओं को राहत देते हुए मतदान केंद्रों तक निजी वाहन से जाने की अनुमति दी है। निजी वाहनों के परिचालन पर कोई प्रतिबंध नहीं रहेगा। राजनीतिक दल बूथ के बाहर 100 मीटर की दूरी पर पर्ची वितरण शिविर लगा सकेंगे। प्रत्येक मतदान केंद्र भवन में एक मतदाता सहायता कक्ष बनाया गया है, ताकि लोगों को नाम और बूथ की जानकारी आसानी से मिल सके।

5:47 AM - Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: 3 करोड़ 75 लाख से ज्यादा मतदाता करेंगे भाग्य का फैसला

Bihar Chunav 2025 Phase 1 Voting LIVE updates: पहले चरण में कुल 3 करोड़ 75 लाख 13 हजार 302 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 1.98 करोड़ पुरुष, 1.76 करोड़ महिलाएं और 758 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। कुल 45,341 बूथों पर मतदान हो रहा है, जिनमें 45,324 सामान्य और 13 सहायक बूथ हैं। आयोग ने हर मतदान केंद्र पर मतदाता हेल्पडेस्क की व्यवस्था की है, जहां बीएलओ मतदाता सूची के साथ मौजूद रहेंगे।

5:33 AM - Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: संवेदनशील बूथों पर सख्त निगरानी, पांच सीटों पर शाम 5 बजे तक ही मतदान

Bihar Chunav 2025 Phase 1 Voting LIVE updates: चुनाव आयोग ने सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती है। सिमरी बख्तियारपुर, महिषी, तारापुर, मुंगेर, जमालपुर और सूर्यगढ़ा के 56 बूथों को संवेदनशील घोषित किया गया है, जहां मतदान शाम 5 बजे तक ही होगा। आयोग ने इन इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है और वेबकास्टिंग के जरिए हर बूथ पर लाइव निगरानी की जा रही है। आयोग के कंट्रोल रूम से मतदान की हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है।

5:14 AM - Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: बिहार में आज लोकतंत्र का महापर्व, 18 जिलों की 121 सीटों पर मतदान जारी

Bihar Chunav 2025 Phase 1 Voting LIVE updates: बिहार में गुरुवार को पहले चरण का मतदान हो रहा है। सख्त सुरक्षा इंतजEमों के बीच राज्य के 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर वोटिंग सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगी। पटना की 14 सीटों समेत सभी इलाकों में मतदाता ‘पहले वोट, फिर काम’ के संदेश के साथ मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। इस चरण के साथ 1314 उम्मीदवारों का भाग्य EVM में कैद हो जाएगा, जिनमें 122 महिला प्रत्याशी भी शामिल हैं।

Himanshu Tiwari

लेखक के बारे में

Himanshu Tiwari
हिमांशु तिवारी लाइव हिन्दुस्तान में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं। वे करियर, एजुकेशन और जॉब्स से जुड़ी खबरें बनाते हैं। यूपीएससी, यूपीपीएससी, बीपीएससी, आरपीएससी जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं पर इनकी पैनी नजर रहती है। कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातक, जामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी करने के बाद साल 2016 में इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत की और लाइव हिन्दुस्तान से पहले जी न्यूज, इंडिया टीवी और एबीपी न्यूज जैसे बड़े मीडिया हाउस में काम कर चुके हैं। करियर, एजुकेशन और जॉब्स के अलावा हिमांशु को राजनीति, देश-विदेश, रिसर्च और मनोरंजन बीट का भी अनुभव है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar Shapath Grahan, Bihar Election Result 2025, Bihar Chunav Result, बिहार चुनाव 2025 , Bihar vidhan sabha seats , बिहार चुनाव एग्जिट पोल्स और बिहार चुनाव 2025 की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।