Hindi NewsBihar Newsbihar chunav 2025 live mahagathbandhan seat sharing rjd candidate arrest bjp ljp r vip jdu nitish tejashwi congress news
Bihar Chunav: महागठबंधन की कल साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस, मुजफ्फरपुर में नीतीश ने लालू को घेरा

Bihar Chunav: महागठबंधन की कल साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस, मुजफ्फरपुर में नीतीश ने लालू को घेरा

संक्षेप:

Bihar Chunav 2025: बिहार विधानसभा चुनाव का रंग अब पूरी तरह चढ़ चुका है। पहले चरण में 1314 उम्मीदवार मैदान में हैं, तो वहीं महागठबंधन की एकता पर 9 सीटों की लड़ाई ने सवाल खड़े कर दिए हैं।

Tue, 21 Oct 2025 10:16 PMHimanshu Tiwari लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

Bihar Chunav 2025: बिहार विधानसभा चुनाव अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है। दो चरणों में होने वाले इस चुनाव का पहला चरण अब पूरी तरह तय हो गया है। चुनाव आयोग की माने तो पहले चरण में कुल 121 विधानसभा सीटों पर 1314 उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं, दूसरे चरण के लिए नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अब उम्मीदवारों के पास 23 अक्टूबर तक नाम वापस लेने का वक्त है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

9 सीटों पर महागठबंधन में ही टक्कर

महागठबंधन में लंबे इंतजार के बाद सीट बंटवारे का फॉर्मूला भले ही सामने आ गया हो, लेकिन इस गठबंधन में अब दरारें साफ दिखने लगी हैं। जानकारी के मुताबिक, 243 सीटों वाले बिहार में महागठबंधन के दलों ने कुल 252 उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं, यानी 9 सीटों पर घटक दल आपस में ही लड़ाई के मैदान में उतर गए हैं।

इन सीटों पर आरजेडी, कांग्रेस और वाम दलों के बीच प्रत्यक्ष मुकाबला होगा, और दिलचस्प यह है कि सामने एनडीए का भी उम्मीदवार मौजूद रहेगा। यह स्थिति महागठबंधन की रणनीतिक एकजुटता पर सवाल खड़े कर रही है।

पहले चरण में कड़ा मुकाबला

पहले चरण में मुकाबले बेहद दिलचस्प हैं। कई सीटों पर पुराने प्रतिद्वंद्वी फिर आमने-सामने हैं, जबकि कुछ जगहों पर नए चेहरे भी जोर लगा रहे हैं। इस चरण में 61 उम्मीदवारों ने नाम वापस लिए, जबकि 300 से अधिक नामांकन खारिज किए गए। अब कुल 1314 उम्मीदवार मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। बिहार चुनाव में क्या क्या घट रहा है पल पल के अपडेट के लिए बने रहें लाइव हिन्दुस्तान के साथ…

Bihar Chunav 2025 LIVE: 10:05 PM- पटना में कल महागठबंधन की साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस

बिहार चुनाव को लेकर महागठबंधन कल पटना में एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगा। जिसके बाद अलायंस के सहयोगी दल अपना चुनाव प्रचार शुरू करेंगे। आपको बता दें ग्रांड अलायंस ने सीटों के बंटवारे के औपचारिक ऐलान के बिना ही अपने-अपने प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतारे हैं।

Bihar Chunav 2025 LIVE: 9:52 PM - चिराग समेत चारों सांसद स्टार प्रचारक, लोजपा-आर के 40 स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी

बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर लोजपा (रामविलास) ने अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। 40 सदस्य सूची में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के अलावा चारों सांसद अरुण भारती, वीणा देवी, राजेश वर्मा और शांभवी चौधरी को जगह मिली है। अन्य स्टार प्रचारकों में पार्टी के झारखंड से विधायक जनार्दन पासवान, धीरेंद्र कुमार सिंह, प्रणव कुमार, कुंवर अमीन खान, राजेश पासवान चंद्रप्रभा भाटिया, सुशील कुमार आदि के नाम हैं।

Bihar Chunav 2025 LIVE: 6:38 PM - कांग्रेस ने नियुक्त किए 30 जिला पर्यवेक्षक

बिहार विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने जिला पर्यवेक्षकों की नियुक्ति कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने 30 जिला पर्यवेक्षक बनाए हैं।रौशन कुमार सिंह को पटना महानगर के सभी विधानसभा क्षेत्रों के लिए पर्यवेक्षक बनाया गया है। वहीं पटना ग्रामीण जिला के लिए शशिकांत तिवारी पर्यवेक्षक बनाए गए हैं। राज्यसभा सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह के बेटे आकाश कुमार सिंह को मोतिहारी व पश्चिम चंपारण जिले के लिए जमाल अहमद भल्लू को पर्यवेक्षक बनाया गया है।

Bihar Chunav 2025 LIVE: 6:12 PM - रालोमो के 20 स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी, उपेंद्र कुशवाहा संभालेंगे कमान

राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) ने विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार को 20 स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी। सभी स्टार प्रचारक रालोमो सहित एनडीए में शामिल दलों के प्रत्याशियों को जीत दिलाने के लिए क्षेत्र में चुनाव प्रचार करेंगे। रालोमो की स्टार प्रचारक की सूची में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा शामिल हैं।

Bihar Chunav 2025 LIVE: 6:08 PM - मुकेश सहनी की VIP के 20 स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी

विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) ने मंगलवार को 20 स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी। स्टार प्रचारकों में पार्टी के संस्थापक मुकेश सहनी, राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष सहनी, ब्रज किशोर सिंह, नुरुल होदा शामिल हैं। सभी स्टार प्रचारक अपनी पार्टी के के साथ ही महागठबंधन के प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव प्रचार करेंगे।

Bihar Chunav 2025 LIVE: 6:05 PM - रालोजपा ने जारी की दूसरे चरण के 29 प्रत्याशियों की लिस्ट, कुल 54 सीटों पर लड़ रही

राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी ने नामांकन की समय-सीमा खत्म होने के बाद मंगलवार को दूसरे चरण के उम्मीदवारों की सूची जारी की है। इस सूची में 29 लोगों को विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से पार्टी का उम्मीदवार बनाया गया है। गौरतलब है कि रालोजपा ने इससे पहले 16 अक्तूबर को 25 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी।

Bihar Chunav 2025 LIVE: 5:22 PM - हमारे उम्मीदवार नहीं; सकलदेव बिंद के बीजेपी में जाने पर मुकेश सहनी ने दी सफाई

ऐसी चर्चाएं थीं कि वीआईपी के उम्मीदवार सकलदेव बिंद ने भाजपा का दामन थाम लिया है, जिसे लेकर मुकेश सहनी ने अब सफाई दी है। न्यूज एजेंसी एएनआई को दिए हालिया बयान में सहनी ने कहा, “हमारे उम्मीदवार ने बीजेपी जॉइन नहीं किया है, आप गलतफहमी में हैं। वह व्यक्ति पहले निर्दलीय चुनाव लड़ चुका था। वह वीआईपी का प्रत्याशी नहीं है, हां उसने अब बीजेपी को समर्थन दिया है।”

Bihar Chunav 2025 LIVE: 4:17 PM - डर नहीं, भरोसे का बिहार बना है: नीतीश कुमार

नीतीश कुमार ने कहा कि उनकी सरकार का मकसद सिर्फ सत्ता नहीं, बल्कि समाज को बदलना है। उन्होंने महागठबंधन पर वार करते हुए कहा, “हमने बिहार को उस दौर से बाहर निकाला है जब लोग शाम ढलते ही घरों में बंद हो जाते थे। आज का बिहार भरोसे और उम्मीदों का बिहार है।”

Bihar Chunav 2025 LIVE: 4:15 PM - पहले स्थिति थी खराब: नीतीश कुमार

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुजफ्फरपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले 20 सालों में राज्य ने जो बदलाव देखा है, वो किसी चमत्कार से कम नहीं। उन्होंने कहा,“हमारी सरकार लगातार 20 साल से विकास के काम में जुटी है, लेकिन याद कीजिए हमसे पहले बिहार की क्या हालत थी। शाम के बाद लोग घर से नहीं निकलते थे। समाज में झगड़े-फसाद का माहौल था। सड़कें टूटी पड़ी थीं, बिजली सिर्फ कुछ घरों तक पहुंचती थी, और शिक्षा की स्थिति भी बहुत खराब थी।”

Bihar Chunav 2025 LIVE: 4:08 PM - वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी बोले- उमेश सहनी ही असली उम्मीदवार, जीत पक्की

वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी ने महागठबंधन की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि दरभंगा शहर सीट से महागठबंधन प्रत्याशी उमेश सहनी ही असली उम्मीदवार हैं और उनके जीतने को लेकर पूरा भरोसा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी उम्मीदवार बीजेपी में शामिल नहीं हुआ है। मुकेश सहनी ने कहा कि उमेश सहनी के चुनावी कार्यालय के उद्घाटन में सभी महागठबंधन नेता मौजूद रहे और दरभंगा में परिवर्तन की हवा चल रही है।

Bihar Chunav 2025 LIVE: 3:02 PM - महागठबंधन नहीं, अच्छे लोगों से डरती है बीजेपी; प्रेस कॉन्फ्रेंस में पीके का वार

प्रशांत किशोर ने कहा कि बीजेपी को महागठबंधन से कोई खतरा नहीं है क्योंकि वो जानते हैं कि उनके खिलाफ कोई ताकतवर नेता खड़ा नहीं है। उन्होंने कहा, “बीजेपी को अच्छे और ईमानदार लोगों से डर लगता है। इसलिए वो जन सुराज से घबराए हुए हैं। जनता को गुमराह कर रही है कि जंगलराज लौट आएगा, लेकिन असल में डर उन्हें है कि सच्चे लोग राजनीति में जगह बना लेंगे।”

Bihar Chunav 2025 LIVE: 1:18 PM - कोई मापदंड नहीं, कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज किया; शहनवाज हुसैन का RJD पर हमला

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहनवाज हुसैन ने मंगलवार को बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जारी RJD उम्मीदवारों की सूची पर निशाना साधा। हुसैन ने कहा कि RJD ने टिकट वितरण में कोई स्पष्ट मापदंड नहीं अपनाया और अपने ही कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज कर किसी के भी हाथ टिकट थमा दिए। उन्होंने आगे कहा कि महागठबंधन पूरी तरह से विफल हो गया है और उनकी सूची स्पष्ट रूप से दिखाती है कि इसमें कोई भी उम्मीदवार जीतने की स्थिति में नहीं है।

Bihar Chunav 2025 LIVE: 12:22 PM - 2 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे प्रशांत किशोर

जन सुराज के प्रमुख प्रशांत किशोर आज (मंगलवार) पटना के शेखपुरा हाउस में दोपहर 2 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इस दौरान वे राजनीतिक हालात और आगामी चुनावों को लेकर महत्वपूर्ण बयान देने की संभावना जताई जा रही है।

Bihar Chunav 2025 LIVE: 11:38 AM - एनडीए की सरकार बनना तय

मखदुमपुर में सोमवार को लोजपा (आर) प्रत्याशी रानी कुमारी के नामांकन के अवसर पर बस स्टैंड परिसर में आशीर्वाद सभा आयोजित की गई। इस मौके पर केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री एवं लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बिहार में विधानसभा चुनाव के बाद एनडीए की सरकार बनना तय है, और इसलिए लोगों से अपील की कि वे रानी कुमारी को जीताने के लिए अपना बहुमूल्य वोट दें।

Bihar Chunav 2025 LIVE: 11:23 AM - चुनाव में बेटिकट रहे दशरथ मांझी के बेटे

कुछ महीने पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ‘माउंटेन मैन’ दशरथ मांझी के घर जाकर उनके बेटे भागीरथ मांझी और परिवार से मुलाकात की थी, तब चर्चा थी कि उन्हें बिहार चुनाव में टिकट मिल सकता है। लेकिन अब चुनाव शुरू हो चुका है और इस पर कोई बात नहीं हो रही। टिकट न मिलने पर भागीरथ मांझी के दामाद मिथुन मांझी ने कहा कि “हर बार चुनाव आते ही राजनीतिक दलों को महादलितों की याद आ जाती है।”

Bihar Chunav 2025 LIVE: 10:12 AM - दिलीप जायसवाल ने राहुल गांधी पर भी साधा निशाना

दिलीप जायसवाल ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी 'जननायक' शब्द को करपूरी ठाकुर से छीनने की कोशिश कर रहे हैं। जायसवाल ने कहा, “राहुल गांधी का ये कदम बिहार और पिछड़े समाज का अपमान है।” यह विवाद तब शुरू हुआ जब कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी को “जननायक” कहकर संबोधित किया, जबकि यह शब्द बिहार के भारत रत्न करपूरी ठाकुर से जुड़ा हुआ है।

Bihar Chunav 2025 LIVE: 9:33 AM - आरजेडी प्रत्याशी सिद्धार्थ गिरफ्तार

इसी बीच, चुनावी माहौल में एक और बड़ी खबर आई है। 21 साल पुराने मामले में आरजेडी उम्मीदवार सिद्धार्थ को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी उस वक्त हुई है जब पार्टी पहले से ही अंदरूनी तालमेल को लेकर सवालों से घिरी है।

Bihar Chunav 2025 LIVE: 9:15 AM - एनडीए ने महागठबंधन पर साधा निशाना

वहीं, एनडीए घटक राष्ट्रिय लोक मोर्चा के नेता उपेंद्र कुशवाहा ने महागठबंधन पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि “स्पेशल इंस्टीट्यूशनल रिजर्वेशन (SIR) को लेकर विपक्ष ने खूब हंगामा मचाया, लेकिन आज जनता के बीच उस पर कोई चर्चा नहीं है। जनता इन्हें पहले ही नकार चुकी है।”

Himanshu Tiwari

लेखक के बारे में

Himanshu Tiwari
हिमांशु तिवारी लाइव हिन्दुस्तान में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं। वे करियर, एजुकेशन और जॉब्स से जुड़ी खबरें बनाते हैं। यूपीएससी, यूपीपीएससी, बीपीएससी, आरपीएससी जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं पर इनकी पैनी नजर रहती है। कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातक, जामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी करने के बाद साल 2016 में इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत की और लाइव हिन्दुस्तान से पहले जी न्यूज, इंडिया टीवी और एबीपी न्यूज जैसे बड़े मीडिया हाउस में काम कर चुके हैं। करियर, एजुकेशन और जॉब्स के अलावा हिमांशु को राजनीति, देश-विदेश, रिसर्च और मनोरंजन बीट का भी अनुभव है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar Shapath Grahan, Bihar Election Result 2025, Bihar Chunav Result, बिहार चुनाव 2025 , Bihar vidhan sabha seats , बिहार चुनाव एग्जिट पोल्स और बिहार चुनाव 2025 की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।