
सोनाचूर चावल को GI टैग, इंडस्ट्रियल कॉरिडोर; सासाराम में अमित शाह के वादे, कांग्रेस-RJD पर वार
संक्षेप: bihar chunav 2025: अमित शाह ने सासाराम रैली में लालू-राजद पर तीखे हमले बोले। उन्होंने राम मंदिर, नक्सलवाद, घुसपैठ और विकास के मुद्दे को लेकर वोटरों को साधा।
bihar chunav 2025: बिहार चुनाव के माहौल के बीच गृह मंत्री अमित शाह ने सासाराम की रैली में विपक्ष पर तीखे वार किए और वोटरों से अपील की कि जंगल राज को लौटने मत देना। उन्होंने दावा किया कि पहले चरण के वोटिंग के नतीजों से ही लालू की पार्टी का सूपड़ा साफ होता दिख रहा है और एनडीए की सरकार बनना तय है। इस दौरान उन्होंने सोनाचूर चावल को जीआई टैग देने साथ ही सासाराम में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर स्थिापित करने का भी वादा किया।

अमित शाह ने कहा कि अगर जरा सी भी गलती हुई, तो जंगल राज फिर दस्तक दे देगा। उन्होंने जनता को चेताया, “जंगल राज को घूमने मत देना, नहीं तो तहस-नहस हो जाएगा।” शाह ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर घुसपैठियों का बचाव करने का आरोप लगाते हुए कहा कि बिहार और देश से एक-एक घुसपैठिये को चुन-चुनकर निकालेंगे।
शाह ने राम मंदिर से लेकर पाकिस्तान तक, भावनात्मक एंगल से वोटरों को साधा
अमित शाह ने भाषण में राम मंदिर का मुद्दा जोर-शोर से उठाया और कहा कि 500 साल पहले बाबर ने मंदिर तोड़ा था, फिर मुगलों ने, अंग्रेजों ने और बाद में कांग्रेस-लालू ने इसे लटकाए रखा।
उन्होंने कहा, “2019 में आपने मोदी जी को फिर मौका दिया, भूमि पूजन हुआ और 2024 में भव्य राम मंदिर में ‘जय श्री राम’ की गूंज सुनाई दी।” शाह ने डिफेंस कोरिडोर बनाने का जिक्र करते हुए कहा, “पाकिस्तान पर बम तो जरूर बरसेंगे, लेकिन याद रखना, वो बम बनते कहां हैं? यहीं मेरे बिहार में… इसी सासाराम में।”
शाह ने कहा कि कभी बिहार का बड़ा इलाका औरंगाबाद, सासाराम, गया नक्सलवाद की चपेट में था। उन्होंने कहा, “40 साल तक ये लोग काठमांडू से लेकर तिरुपति तक ‘रेड कॉरिडोर’ का सपना देखते रहे, लेकिन मोदी सरकार ने बिहार को नक्सलवाद से आजादी दिलाई।” उन्होंने विपक्ष के चेहरे पर तंज कसते हुए कहा, “ये लोग भेष बदल लेते हैं, कपड़े बदल लेते हैं, पर पहचान वही, लालटेन और पंजा। इन्हें वापस मत आने देना।”
सोनाचूर चावल को देंगे जीआई टैग; सासाराम में अमित शाह
विकास का रोडमैप पेश करते हुए अमित शाह ने बिहार के लिए विकास का वादा भी सामने रखा। उन्होंने कहा, “बिहार में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर बनाया जाएगा सोनाचुर चावल को GI टैग दिलाया जाएगा। साथ ही सोन नदी की मछली को बड़ा मार्केट मिलेगा।”





