554 करोड़ की योजनाओं की सौगात, जीविका दीदियों से बात; सीतामढ़ी में CM नीतीश की समृद्धि यात्रा
पुल उदघाटन स्थल के दक्षिण दिशा में हेलीपैड का निर्माण कराया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन, पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की तैनाती की गई है। अधिकारियों के अनुसार कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा में किसी प्रकार की चूक न हो, इसके लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सीतामढ़ी जिले में समृद्धि यात्रा को लेकर जिले में उत्साह चरम पर है। आज मुख्यमंत्री बेलसंड प्रखंड के चंदौली पंचायत पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर पूरे क्षेत्र को दुल्हन की तरह सजाया गया है। गांव से लेकर कार्यक्रम स्थल तक साफ-सफाई, रंगाई-पुताई और सजावट का कार्य पूरा कर लिया गया है। प्रशासनिक स्तर पर भी सभी तैयारियां अंतिम रूप ले चुकी हैं।
स्वागत को लेकर चंदौली में खास तैयारी
मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए चंदौली पंचायत सहित आसपास के इलाकों में व्यापक तैयारी की गई है। सड़कों की मरम्मत, चौराहों की सजावट और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष ध्यान दिया गया है। स्थानीय ग्रामीणों में मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।
हेलीपैड और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
पुल उदघाटन स्थल के दक्षिण दिशा में हेलीपैड का निर्माण कराया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन, पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की तैनाती की गई है। अधिकारियों के अनुसार कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा में किसी प्रकार की चूक न हो, इसके लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है।
हितनारायण हाई स्कूल में समीक्षा बैठक
इसके बाद मुख्यमंत्री हितनारायण सिंह उच्च विद्यालय स्थित कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। यहां वे वरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। बैठक में पिछले प्रगति यात्रा के दौरान किए गए कार्यों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। साथ ही वर्तमान योजनाओं की प्रगति और भविष्य की रणनीति पर भी चर्चा होगी।
विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण और संवाद
कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का मुख्यमंत्री निरीक्षण करेंगे। स्टॉलों के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों को दी जा रही है। मुख्यमंत्री इन स्टॉलों पर मौजूद कर्मियों और लाभार्थियों से संवाद भी करेंगे।
जीविका दीदियों और आम लोगों से बातचीत
स्टॉल निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री जीविका दीदियों और स्थानीय लोगों से संवाद करेंगे। इस दौरान स्वयं सहायता समूहों की उपलब्धियों, महिलाओं के सशक्तिकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
संबोधन में मिल सकती है नई सौगात
मुख्यमंत्री के संबोधन के दौरान जिलेवासियों को नई सौगात मिलने की संभावना जताई जा रही है। राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में इसे लेकर चर्चा तेज है कि मुख्यमंत्री कुछ नई योजनाओं की घोषणा भी कर सकते हैं। मुख्यमंत्री का यह दौरा सीतामढ़ी जिले के लिए विकास की नई दिशा तय करने वाला माना जा रहा है। जनता को उम्मीद है कि इस समृद्धि यात्रा से जिले को ठोस और दूरगामी लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री बेलसंड-मीनापुर पथ में बागमती नदी पर चंदौली घाट पर 70.89 करोड़ की लागत से बनी 18×24 मीटर उच्चस्तरीय आरसीसी पुल और पहुंच पथ का उद्घाटन से करेंगे। उदघाटन के बाद वे 1378.09 करोड़ की लागत से बागमती नदी के तटबंध पर 144.51 किमी लंबाई में ऊंचीकारण, सुदृढ़ीकरण, सुरक्षात्मक और कालीकरण कार्य की प्रगति का निरीक्षण करेंगे। यह परियोजना क्षेत्र के लोगों के लिए आवागमन को सुगम बनाने के साथ-साथ बाढ़ सुरक्षा के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
208 करोड़ की 26 योजनाओं का उदघाटन : समीक्षा बैठक के उपरांत मुख्यमंत्री जिले की 208.12 करोड़ रुपये की 26 विभिन्न विकास योजनाओं का उदघाटन करेंगे। इनमें सड़क, पुल, शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास और नगर निकाय से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं।
346 करोड़ की 41 योजनाओं का शिलान्यास
इसके साथ ही मुख्यमंत्री 346 करोड़ रुपये की लागत वाली 41 नई योजनाओं का शिलान्यास करेंगे। अधिकारियों का कहना है कि ये योजनाएं आगामी वर्षों में जिले की आधारभूत संरचना को और मजबूत करेंगी तथा रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।



