3 मिनट में विक्रशिला सेतु का जायजा, भागलपुर को कई सौगात भी; सम्राट चौधरी के दौरे में क्या है खास

Nishant Nandan हिन्दुस्तान, भागलपुर
Follow us on Google News
share

Samrat Choudhary Bhagalpur Visit: राजकीय हेलीकॉप्टर से भागलपुर आ रहे सीएम 1.50 बजे हवाई अड्डा मैदान में बने हेलीपैड पर उतरेंगे और सड़क मार्ग से विक्रमशिला सेतु जाएंगे। सेतु पर मात्र तीन मिनट रुकेंगे। इसी दौरान निर्माणाधीन समानांतर पुल और गंगा पथ (मरीन ड्राइव) अलाइनमेंट का निरीक्षण करेंगे।

3 मिनट में विक्रशिला सेतु का जायजा, भागलपुर को कई सौगात भी; सम्राट चौधरी के दौरे में क्या है खास

Samrat Choudhary Bhagalpur Visit: बिहार का मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी पहली बार रविवार को यानी आज भागलपुर आएंगे। सरकारी दौरे पर आ रहे मुख्यमंत्री करीब सवा तीन घंटा भागलपुर में रहेंगे। राजकीय हेलीकॉप्टर से भागलपुर आ रहे सीएम 1.50 बजे हवाई अड्डा मैदान में बने हेलीपैड पर उतरेंगे और सड़क मार्ग से विक्रमशिला सेतु जाएंगे। सेतु पर मात्र तीन मिनट रुकेंगे। इसी दौरान निर्माणाधीन समानांतर पुल और गंगा पथ (मरीन ड्राइव) अलाइनमेंट का निरीक्षण करेंगे। सीएम यहां से समाहरणालय आएंगे और यहां कई योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे।

समीक्षा भवन में पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे और वहां से 35 मिनट बाद नरगा स्थित पूरनमल बाजोरिया शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय जाएंगे। पूरनमल महाविद्यालय में भाजपा के प्रशिक्षण शिविर में शिरकत करेंगे। यहां करीब सवा एक घंटा यहां रुकने के बाद वे दोपहर 4.25 बजे हवाई अड्डा मैदान आएंगे और यहां से पटना के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर रविवार को सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी। सीएम के दौरे से संबंधित सभी चिह्नित स्थलों को टेम्परेरी रेड जोन और नो ड्रोन फ्लाई जोन घोषित किया गया है। इस दौरान जीरोमाइल से शहरी क्षेत्र में करीब चार घंटे तक सामान्य आवाजाही बाधित रहेगी।

सम्राट चौधरी भागलपुर में प्रशासनिक समीक्षा बैठक करेंगे और भाजपा के कार्यक्रम में भी शिरकत करेंगे। बिहार में पहली बार भाजपा के मुख्यमंत्री बने हैं और उनके पहले दौरे को लेकर सांगठनिक स्तर पर स्वागत की जोरदार तैयारी है। पार्टी की ओर से हवाई अड्डा पर स्वागत के लिए कई नेता मौजूद रहेंगे जबकि नाथनगर के चंपानगर में आयोजित भाजपा के प्रशिक्षण वर्ग में भी जिले के कई कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रहेगी। भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री का हवाई अड्डे पर भाजपा के कार्यकर्ता और नेता स्वागत करेंगे। इसके लिए बैठक कर तमाम विषयों पर बात की गई है। वहीं प्रशिक्षण वर्ग में भी संगठन के चिह्नित कार्यकर्ता और नेता ही मौजूद रहेंगे। तमाम कार्यकर्ता पार्टी के अनुशासन में रहते हुए प्रशिक्षण वर्ग में शिरकत कर रहे हैं। इस मौके पर स्थानीय विधायकों के अलावा अन्य जनप्रतिनिधि एवं पार्टी के पदाधिकारी रहेंगे।

देर रात हवाई अड्डा रोड किनारे सूखे पेड़ कटवाए

सीएम के दौरे को लेकर नगर निगम की ओर से भी चाक-चौबंद तैयारी की जा रही है। सीएम के आगमन से एक दिन पूर्व नगर निगम की ओर से सीएम जिन रास्तों से गुजरेंगे वहां विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इसके साथ ही रास्ते पर मौजूद ऐसे पेड़ों की टहनियां जो कि खतरनाक बन चुकी थीं उनकी भी छंटाई की गई। इधर देर रात नगर निगम और वन विभाग की टीम की ओर से हवाई अड्डा मुख्य सड़क किनारे मौजूद सूखे पेड़ों की कटाई का कार्य भी शुरू किया गया।

वहीं कई इलाकों में खराब हो चुकी सड़कों और जिन रास्तों पर गड्ढे उभर आए थे वहां आरसीडी और नगर निगम की ओर से पैचिंग का कार्य किया गया। वहीं पेड़ों की छंटाई के दौरान शनिवार को कई जगह बिजली आपूर्ति भी बंद रही। इसके लिए शटडाउन लिया गया था। इसी बीच बिजली विभाग ने फॉल्ट से बचने के लिए खुद भी पेड़़ों की छंटाई करायी। नया बाजार और यूनिवर्सिटी फीडर में काफी देर तक बिजली कटती रही। वहीं जेल रोड में भी पेड़ों की छंटाई हो रही थी। जब आपूर्ति शुरू की गई तो ट्रिपिंग से परेशानी हुई।

जाम नहीं लगे, यातायात पुलिस ने बनाई रणनीति

सीएम के आगमन को लेकर यातायात पुलिस की टीम तैयारी पूरी कर ली है। आम लोगों को सीएम के आगमन पर जाम में नहीं फंसना पड़े, इसको लेकर कई चरण में तैयारी पूरी की गई है। दोपहर 1.45 बजे सीएम के हवाई अड्डा से वाया तिलकामांझी से सीधे मनाली चौक होते हुए समीक्षा भवन पहुंचेंगे। वहां से बैठक करने के बाद मनाली चौक होते हुए वाया विश्वविद्यालय थाना चौक होते हुए सभी स्थल पर पहुंचेंगे। इस दौरान इस रूट पर 20 से 25 मिनट के लिए ही आम लोगों को रोका जाएगा। यातायात पुलिस उपाधीक्षक संजय कुमार ने बताया कि सीएम के आगमन को लेकर यातायात रूट निर्धारित की गई है। तिलकामांझी से वाया एसएसपी आवास रोड और हटिया रोड में किसी भी तरह की तब्दीली नहीं की गई है। नगर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सीएम के आगमन को लेकर शहरी क्षेत्रों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

मुख्यमंत्री दौरे के मद्देनजर दुरुस्त हो रही जलापूर्ति व्यवस्था

मुख्यमंत्री के भागलपुर आगमन को लेकर नगर निगम पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। निगम प्रशासन की ओर से एक पत्र जारी कर सभी प्रभागों और शाखाओं को अपने-अपने कार्यों को तत्परता से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। पत्र में साफ चेतावनी दी गई है कि कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मियों की जवाबदेही तय कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। Xशनिवार को नगर निगम की टीम ने कई इलाकों में तकनीकी खराबियों को दूर किया। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए निगम शहर की बुनियादी समस्याओं, खासकर पानी और सफाई व्यवस्था को लेकर कोई कसर बाकी नहीं छोड़ना चाहता है। जलकल शाखा प्रभारी वशिष्ठ नारायण चौधरी ने बताया कि भीषण गर्मी को देखते हुए डीप बोरिंग और प्याऊ में खराबी आने की जानकारी पर त्वरित कार्रवाई कर उसे ठीक कराया जा रहा है।

सीएम कार्यक्रम का शेड्यूल

● 01.50 बजे राजकीय वायुयान द्वारा भागलपुर हवाई अड्डा पर आगमन।

● 01.55 बजे सड़क मार्ग से हवाई अड्डा से सेतु के लिए प्रस्थान।

● 01.58 बजे सेतु पर आगमन। सेतु के साथ-साथ गंगा पथ का निरीक्षण।

● 02.05 बजे कार्यक्रम स्थल से समाहरणालय के लिए प्रस्थान।

● 02.10 बजे समाहरणालय में कई योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास।

● 02.15 बजे समीक्षा भवन में योजनाओं की समीक्षा बैठक में भाग लेना।

● 02.50 बजे समीक्षा भवन से पूरनमल बजोरिया महाविद्यालय, नरगा के लिए प्रस्थान।

● 03.00 बजे नरगा आगमन एवं स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेना।

● 04.15 बजे नरगा से भागलपुर हवाई अड्डा के लिए प्रस्थान।

● 04.25 बजे पटना हवाई अड्डा के लिए प्रस्थान।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।