बिहार को तोहफा, जनसंवाद और बैठकें; मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा में क्या है खास
मुख्यमंत्री की यह 16वीं यात्रा होगी। नीतीश कुमार अब-तक अपनी सभी यात्राओं की शुरुआत पश्चिम चंपारण से करते रहे हैं। इस बार भी उम्मीद है कि वे पश्चिम चंपारण से ही समृद्धि यात्रा की शुरुआत करेंगे। इसकी जिलेवार तिथि एक-दो दिनों में जारी की जाएगी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक बार फिर जिलों की यात्रा पर निकल रहे हैं। मुख्यमंत्री 16 जनवरी से समृद्धि यात्रा पर निकलेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री सभी जिलों में जाएंगे। वहां की योजनाओं-कार्यक्रमों की धरातल पर क्या स्थिति है, इसका जायजा लेंगे। साथ ही समीक्षा बैठक भी करेंगे और पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे। यात्रा के दौरान वह जनसंवाद भी करेंगे।
मुख्यमंत्री की यह 16वीं यात्रा होगी। नीतीश कुमार अब-तक अपनी सभी यात्राओं की शुरुआत पश्चिम चंपारण से करते रहे हैं। इस बार भी उम्मीद है कि वे पश्चिम चंपारण से ही समृद्धि यात्रा की शुरुआत करेंगे। इसकी जिलेवार तिथि एक-दो दिनों में जारी की जाएगी। मुख्यमंत्री अपनी यात्रा के दौरान मुख्य रूप से प्रगति यात्रा के दौरान लिये गये निर्णयों और उनके निर्देशों की स्थिति को देखेंगे। इसके साथ ही सात निश्चय से संबंधित योजनाओं तथा जिले की अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं का स्थल निरीक्षण करेंगे।
जिले की प्रमुख योजनाओं का शिलान्यास-उद्घाटन भी करेंगे। जनसंवाद कार्यक्रम भी होंगे। जिलास्तरीय समीक्षा बैठक भी करेंगे।मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा को लेकर सभी विभागों के अपर मुख्य सचिवों-प्रधान सचिवों के साथ ही जिलों के प्रभारी सचिव, डीजीपी, सभी डीएम-एसपी को पत्र लिखा है।
उन्होंने जिलाधिकारियों को विशेष निर्देश देते हुए कहा है कि समृद्धि यात्रा के दौरान होने वाले सभी कार्यक्रमों की आवश्यक तैयारी समय पर करना सुनिश्चित करें। स्थल निरीक्षण के समय संबंधित विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव और सचिव भी मौजूद रहेंगे। जिलों की समीक्षा बैठक में पुलिस महानिदेशक, निर्धारित विषयों से संबंधित विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव, सचिव उपस्थित रहेंगे।





