अगल टारगेट एक करोड़ रोजगार और नौकरियां, समृद्धि यात्रा में बोले सीएम नीतीश; नई इबारत लिखेंगे
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि सात निश्चय-3 से समृद्ध बिहार की नई इबारत लिखी जाएगी। सात निश्चय-2 तक राज्य के हर क्षेत्र में बुनियादी विकास हुआ है। अब ‘सात निश्चय-3’ के जरिए बिहार को समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाया जाएगा।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि राज्य में प्रतिष्ठित निजी अस्पतालों की स्थापना के लिए प्रोत्साहन दिया जाएगा। वे समृद्धि यात्रा के दौरान सोमवार को सीतामढ़ी के चंदौली हित नारायण उच्च विद्यालय व शिवहर के किसान मैदान में अलग-अलग जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार का अगला महालक्ष्य राज्य में एक करोड़ रोजगार और नौकरियां सृजित करना है। इसे हर हाल में पूरा किया जाएगा। नीतीश कुमार ने कहा कि सबका सम्मान-जीवन आसान आधुनिक तकनीक तथा अच्छे प्रशासन के माध्यम से राज्य के सभी नागरिकों के जीवन को आसान बनाया जायेगा। केन्द्र सरकार का भी पूरा सहयोग प्राप्त हो रहा है।
इसके पहले समृद्धि यात्रा में सीतामढ़ी व शिवहर पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि सात निश्चय-3 से समृद्ध बिहार की नई इबारत लिखी जाएगी। सात निश्चय-2 तक राज्य के हर क्षेत्र में बुनियादी विकास हुआ है। अब ‘सात निश्चय-3’ के जरिए बिहार को समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाया जाएगा। सीतामढ़ी के बेलसंड स्थित हितनारायण हाईस्कूल में घोषणा की कि सीतामढ़ी में औद्योगिक विकास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बेलसंड में बागमती नदी पर बने चंदौली पुल व एप्रोच पथ सहित कुल 208.12 करोड़ की लागत से बनी 26 योजनाओं का उद्घाटन किया। चंदौली स्थित हितनारायण हाईस्कूल में 346 करोड़ की लागत से 41 योजनाओं का शिलान्यास किया।
इससे पूर्व सीएम ने शिवहर वासियों को 59 करोड़ की लागत वाली 103 योजनाओं की सौगात दी। सीएम ने 1378.09 करोड़ रुपये की बागमती तटबंध परियोजना को क्षेत्र के लिए वरदान बताया। 144.51 किलोमीटर लंबे इस तटबंध का न केवल ऊंचीकरण किया जा रहा है, बल्कि इसके ऊपर कालीकरण कर पक्की सड़क भी बनाई जाएगी।


