
Chhath Puja: नीतीश, चिराग और सम्राट ने परिवार संग मनाई छठ,घाटों पर श्रद्धालुओं का सैलाब, डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य
छठ महापर्व का आज तीसरा दिन है। श्रद्धालु और व्रती डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। इसके लिए प्रशासन की ओर से उचित इंतजाम किए गए हैं। घाटों की सफाई से लेकर कृत्रिम तालाब भी बनाए गए। ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई। मुख्यमंत्री नीतीश ने भी सीएम आवास पर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया।
Chhath Puja 2025: बिहार समेत देशभर में छठ महापर्व धूम-धाम से बनाया जा रहा है। छठ के तीसरे दिन व्रतियों और श्रद्धालुओं ने डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। फिर मंगलवार को उत्तराषाढ़ा नक्षत्र में उदयीमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। श्रद्धालुओं को किसी तरह की कोई दिक्कत-परेशानी न हो इसके लिए बड़े स्तर पर इंतजाम किए गए। पटना में 78 घाटों पर व्रती अर्घ्य दे रहे हैं। 60 कृत्रिम तालाब भी बनाए गए। राजधानी के 35 गंगा घाटों पर कुल 187 कैमरे लगे हैं। सीएम नीतीश कुमार, डिप्टी सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने अपने परिवार के साथ छठ पर्व मनाया। और डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया।

Chhath Puja LIVE: 9:47 PM-सहरसा में छठ घाट बनाने के दौरान किशोर की डूबने से मौत, परिवार में मातम
सहरसा के सिमरी बख्तियारपुर के बलवाहाट थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में सोमवार को छठ घाट बनाने के दौरान गहरे पानी में चले जाने से एक 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गयी। मृतक की पहचान रामपुर गांव निवासी दिनेश प्रसाद सिंह के पुत्र प्रियांशु कुमार के रूप में हुई है
Chhath Puja LIVE: 7:30 PM-भागलपुर में 4 बच्चों की मौत पर सीएम नीतीश ने जताया दुख
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भागलपुर जिले के इस्माइलपुर थाना क्षेत्र में गंगा नदी में डूबने से चार बच्चों की मौत पर मर्माहत हैं। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। सीएम ने कहा कि यह दुर्घटना काफी दुःखद है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
Chhath Puja LIVE: 6:03 PM- तेज प्रताप ने छठ पर दी बधाई, पार्टी प्रत्याशियों पर कही ये बात
जनशक्ति जनता दल प्रमुख तेज प्रताप यादव ने बिहार के लोगों को छठ पूजा की शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर जब उनसे पूछा गया कि अगर उनके कुछ उम्मीदवार जीत जाते हैं तो क्या वह राजद में वापसी करेंगे, तो उन्होंने कहा, "नहीं, यह झूठ है। मैं इसका खंडन करता हूं। ये बात जिसने भी कही, वह गलत है।
Chhath Puja LIVE: 5:49 PM- अक्षरा सिंह ने पटना में मनाई छठ, डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य, गंगा में लगाई डुबकी
भोजपुरी स्टार एक्ट्रेस अक्षरा सिंह ने भी पटना में छठ महापर्व मनाया। इस दौरान दीघा घाट पर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया।
Chhath Puja LIVE: 5:43 PM- नितिन नबीन ने पटना में परिवार के साथ मनाई छठ
बिहार सरकार में मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता नितिन नबीन ने पटना स्थित आवास पर परिवार के साथ छठ मनाई। और डूबते सूर्ये को अर्घ्य दिया।
Chhath Puja LIVE: 5:41 PM-पटना में शांभवी चौधरी ने माता-पिता के साथ मनाया छठ, डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य
एलजेपी-(आर) सांसद शांभवी चौधरी ने पटना में छठ पूजा का अनुष्ठान किया। इस मौके पर शांभवी के पिता और बिहार सरकार में मंत्री अशोक चौधरी और मां भी शामिल रहीं।
Chhath Puja LIVE: 5:33 PM- मुंगेर में सम्राट चौधरी ने परिवार संग मनाया छठ, सूर्य को दिया अर्घ्य
डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने मुंगेर में अपने परिवार के साथ छठ पर्व मनाया। इस मौके पर उन्होने डूबते भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया। और राज्य के लिए मंगलकामना की।
Chhath Puja LIVE: 5:28 PM- परिवार के साथ चिराग पासवान ने मनाया छठ, डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य
केंद्रीय मंत्री सह लोजपा-आर के अध्यक्ष चिराग पासवान ने पटना में परिवार के साथ छठ पर्व मनाया, इस दौरान उन्होने डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। चिराग ने कहा कि मेरे छठ बहुत यादें लेकर आता है। मेरी दादी और बहनें छठ करती हैं। अब मैं ये चीजें नई पीढ़ी को सिखा रहा हूं। छठी मईया से कामना है कि बिहार को आने वाले सालों में विकास की लहर चले। और विकसित राज्य बने।
Chhath Puja LIVE: 5:18 PM- पटना के कृषि फार्म परिसर में बना तालाब, व्रतियों ने डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य
पटना के कृषि फार्म परिसर में बने पोखर में सूर्यदेव को शाम का पहला अर्घ्य देने छठी व्रती महिलाओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। छठी मइया के जयकारों गूंज उठे।
Chhath Puja LIVE: 5:08 PM-लखीसराय में धूमधाम से व्रतियों ने डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य, 44 घाटों पर उमड़े श्रद्धालु
लखीसराय में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा का तीसरा दिन सोमवार को श्रद्धा और उल्लास के माहौल में संपन्न हुआ। जिले के विभिन्न 44 घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। शाम को छठव्रती महिलाएं एवं उनके परिजन हाथों में प्रसाद का डालिया लेकर घाटों की ओर प्रस्थान करते नजर आए। संध्या समय सभी श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ अस्ताचलगामी सूर्य भगवान को अर्घ्य अर्पित किया और परिवार, समाज तथा प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
Chhath Puja LIVE: 5:00 PM- सीएम नीतीश ने डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य, परिवार के लोग रहे मौजूद
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना स्थित सीएम आवास में डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। इस मौके पर उनके साथ परिवार के लोग मौजूद रहे। छठ के मौके पर राज्य के विकास और उन्नति की मंगलकामना की।
Chhath Puja LIVE: 4:58 PM- भागलपुर में छठ पर मातम, गंगा में डूबने से 4 बच्चों की मौत, परिवार में हाहाकार
भागलपुर के नवगछिया अनुमंडल के इस्माइलपुर में छठ घाट की सफाई के बाद गंगा स्नान कर रहे चार बच्चे सोमवार की सुबह गंगा में डूब गए। चारों की मौत हो गई है। सभी बच्चे पास के ही गांव के रहने वाले थे। सोमवार की सुबह छठ पूजा की तैयारी के लिए घाट पर थे। घाट बनाने के बाद सभी बच्चे नदी में स्नान करने गए थे। तभी गहरे पानी में जाने से सभी डूब गए। बताया गया कि पहले एक बच्चा डूबने लगा तो उसे बचाने गए अन्य बच्चे भी डूब गए।
Chhath Puja LIVE: 4:50 PM- औरंगाबाद में व्रतियों ने दिया डूबते सूर्य को अर्घ्य
औरंगाबाद में कार्तिक छठ पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। लाखों की संख्या में छठ व्रती देव पहुंचे और भगवान भास्कर को पहलाअर्घ्य दिया। देव पहुंचने वाले सभी रास्तों पर गाड़ियों की कतार लगी हुई है। सूर्य कुंड जाने वाले रास्तों पर भारी भीड़ है, और श्रद्धालु धीरे-धीरे आगे बढ़ रहे थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस वर्ष श्रद्धालुओं की सर्वाधिक भीड़ है।
Chhath Puja LIVE: 4:48 PM- छठ महापर्व पर मतदाता जागरुकता अभियान भी जारी
बिहार विधानसभ चुनाव 2025 को लेकर छठ महापर्व के अवसर पर चुनाव आयोग ने सोमवार को मतदाता जागरूकता संबंधी वीडियो जारी किया। इसमें 6 नवम्बर एवं 11 नवम्बर को मतदान कर लोकतंत्र को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभाने की अपील की गई है। बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय द्वारा छठ महापर्व पर आधारित एक छठ गीत राज्य स्वीप आइकन अभिनेता पंकज झा, अभिनेत्री नीतू चंद्रा एवं अभिनेता क्रांति प्रकाश झा, के संदेश के साथ, सभी मतदाताओं को समर्पित किया गया है।
Chhath Puja LIVE: 4:46 PM- छठ पर व्रतियों और श्रद्धालुओं को तेजस्वी ने दी शुभकामनाएं
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने छठ पर सभी व्रतियों और श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दी हैं। तेजस्वी ने ट्विट कर लिखा कि निर्जला व्रत कर सब की खुशहाली की कामना करने वाली सभी छठ व्रतियों को प्रणाम! समस्त देशवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएँ। एकता, स्वच्छता और शुद्धता का प्रतीक छठ महापर्व, हमारी माटी का गर्व है। छठी मईया से कामना है कि सभी की जिंदगी में खुशहाली लाएं, हर माँ के बेटे को पक्की सरकारी नौकरी दिलाएं। जय छठी मईया!
Chhath Puja LIVE: 4:39 PM- वैशाली में व्रतियों ने डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य
वैशाली में सूर्योपासना के महापर्व छठ के चार दिवसीय अनुष्ठान में तीसरे दिन सोमवार की शाम छठ व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया और छठी मईया से आशीर्वाद मांगा। मंगलवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद 36 घंटे के छठ महाव्रत का समापन करेंगे।
Chhath Puja LIVE: 4:37 PM- डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए घाटों पर पहुंच रहे व्रती, जानें शहरों का सूर्यास्त टाइम
छठ महापर्व के तीसरे दिन डूबते सूर्यको अर्घ्य देने के लिए व्रतियों और श्रद्धालुओं का घाटों पर पहुंचना जारी है। बिहार आज सूर्यास्त का समय कुछ प्रमुख शहरों में इस प्रकार रहेगा- पटना का सूर्यास्त 5:11 बजे, गया में सूर्यास्त 5:13 बजे, मुजफ्फरपुर में 5:10 बजे, भागलपुर में 5:04 बजे, दरभंगा में 5:08 बजे, पुर्णिया में 5:02 बजे, बेगूसराय में 5:08 बजे, सिवान में 5:14 बजे और छपरा में 5:13 बजे निर्धारित किया गया है।





