Bihar Band Live: 'बिहार बंद' के दौरान पटना में फिर चली लाठियां; सीतामढ़ी में डीएम दफ्तर पर चले पत्थर

लाइव हिन्दुस्तान, पटना
Follow us on Google News
share

Bihar Band Live: छात्र संगठन आइसा ने नीट पेपर लीक और आंदोलनकारियों पर लाठीचार्ज के विरोध में बिहार बंद बुलाया है। राजद समेत कई विपक्षी दलों ने समर्थन किया है।पटना में पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। सीतामढ़ी में डीएम ऑफिस पर जमकर पत्थर चले।

Bihar Band Live: नीट पेपर लीक और आंदोलनकारियों पर दिल्ली से पटना और बिहार के अन्य शहरों में लाठीचार्ज के विरोध में छात्र संगठन आइसा के बिहार बंद के दौरान पटना में पुलिस ने फिर लाठीचार्ज किया। बिहार बंद को राजद, वीआईपी, भाकपा माले और माकपा समेत कई दलों ने समर्थन दिया है। इसे देखते हुए राजधानी पटना समेत राज्य के सभी जिलों में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। पटना में छात्र नेता के घर पर छापेमारी की गई है।

बिहार पुलिस के साथ एसएसबी और अन्य पारा मिलिट्री बलों को चौक चौराहों एवं अन्य संवेदनशील स्थानों पर लगाया गया है। शहर में अर्धसैनिक बलों की 14 कंपनियां तैनात की गई हैं। इसके अलावा पीटीसी कर रहे 300 जवानों और 500 अतिरिक्त होमगार्ड को भी प्रतिनियुक्त किया गया है। मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को चौबीसों घंटे जिलों की स्थिति की निगरानी करने का निर्देश दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि राज्य सरकार पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। किसी भी असामाजिक तत्व को कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी।

सभी शहरों में विधि व्यवस्था कायम करने को लेकर पुलिस ने शुक्रवार को कई इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला। शहर से लेकर गांवों तक पुलिस ऐक्शन में है। इस बीच सीवान, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, जहानाबाद, गोपालगंज समेत कई जिलों में बंद समर्थक सड़कों पर आ गए हैं। समस्तीपुर में टायर जलाकर प्रदर्शन किया गया। बिहार बंद से जुड़ी ताजा अपडेट्स आप लाइव हिन्दुस्तान पर देख सकते हैं।

Bihar Band Live

14. 14 PM- Bihar Band Live: पटना में फिर चले पत्थर

गांधी मैदान बिस्कोमान के पास ईटा पत्थर शुरू हो गया है । छात्र आक्रोशित हो गए। छात्र एक जगह इकट्ठे होकर खड़े थे। उसी में कुछ पुलिसकर्मी आए और लाठी चार्ज करने का प्रयास किया । इसके बाद छात्र भड़क गये। आंदोलन फिर से शुरू हो गया।

14. 14 PM- Bihar Band Live: सीतामढ़ी एसपी पथराव में जख्मी

बिहार बंद के दौरान सीतामढ़ी में भारी उत्पात मचाया गया। उपद्रवी तत्वों ने मर्यादा पथ का गेट तोड़ दिया और जमकर पत्थरबाजी की। गेट पर पथराव के बाद डीएम और एसपी सड़क पर उतर गए। पत्थर लगने से एसपी जख्मी हो गए।

13. 24 PM- Bihar Band Live: सीतामढ़ी डीएम ऑफिस पर पथराव- VIDEO

सीतामढ़ी में कलेक्ट्रेट गेट के पास आंदोलनकारी छात्रों ने पत्थरबाजी शुरू कर दिया। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में पत्थर और डंडे चलाए। जुलूस के दौरान शांतिनगर में एक कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस प्रशासन के मौजूदगी में अचानक से हुई पत्थरबाजी से अफरातफरी मच गई। पत्थरबाजी के बीच कई पुलिसकर्मी व आम लोग चोटिल हो गए।

13. 15 PM- Bihar Band Live: दरभंगा में प्रतिवाद मार्च

दिल्ली के जंतर-मंतर और पटना में नीट परीक्षा में प्रश्नपत्र लीक के मामले में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में शनिवार को बिरौल में प्रतिवाद मार्च निकाला गया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र और बिहार सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। करीब दिन के करीब 11 बजे भगत चौक से निकला प्रतिवाद मार्च कोठी पुल पर पहुंचा। वहां 12 बजे के करीब अनुमंडल प्रशासन के साथ बार्ता हुई। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांग पत्र सौपकर वापस हुए।

13. 12 PM- Bihar Band Live: मुजफ्फरपुर में डीएम ऑफिस पर प्रोटेस्ट

नीट पेपर लीक और जंतर-मंतर पर छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में शनिवार को बिहार बंद का व्यापक असर दिखा। सुबह से ही कलेक्ट्रेट गेट से लेकर शहर की सड़कों तक जगह-जगह जुलूस और मार्च निकले। बंद को राजद और विपक्षी दलों का समर्थन मिला। बंद को देखते हुए सुबह से ही बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर तैनात रही। एसपी खुद शहर का भ्रमण कर हर चौक-चौराहे का जायजा लिया। उन्होंने जवानों को मुस्तैद रहने और संयम बरतने का निर्देश दिया। कंट्रोल रूम के सीसीटीवी से पल-पल निगरानी रखी गई। ड्रोन उड़ाकर शहर की स्थिति देखी गई और हर एक घंटे पर वायरलेस से शहर की रिपोर्ट ली गई। तोड़फोड़ की आशंका पर बड़ी संख्या में पुलिस और मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे।

13. 05 PM- Bihar Band Live: मोतिहारी में बिहार बंद बेअसर

मोतिहारी में वामपंथी छात्र संगठनों के शनिवार को बिहार बंद के आह्वान का अब तक जिले में कोई असर नहीं दिखा है। बाजार खुले हैं। वाहनों का परिचालन आम दिनों की तरह हो रहा है। इधर, बंद के आह्वान को देखते हुए प्रशासन अलर्ट है। विधि व्यवस्था को लेकर पुलिस लगातार गश्त कर रही है। रेलवे स्टेशनो पर नजर रखी जा रही है।बापूधाम मोतिहारी रेलवे स्टेशन पर विशेष चौकसी बरती जा रही। स्टेशन पर रेल पुलिस व नगर थाना की पुलिस की ड्यूटी लगी है। पुलिस केंद्र से भी पुलिस बल की यहां तैनाती की गई है। वहीं चकिया, मेहसी, सुगौली, रक्सौल, कुंडवाचैनपुर आदि स्टेशनों पर भी पुलिस गश्त कर रही है।

12. 59 PM- Bihar Band Live: हाजीपुर में सुरक्षा के कड़े प्रबंध- VIDEO

नीट परीक्षा पेपर लीक मामले में दिल्ली, पटना में प्रदर्शन के दौरान लाठी चार्ज के विरोध में विभिन्न संगठन के द्वारा बिहार बंद बुलाए जाने को लेकर हाजीपुर शहर समेत अलग-अलग जगह पर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस पदाधिकारी की तैनाती की गई है। सदर एसडीओ राम बाबू बैठा, सदर एसडीपीओ वन सुबोध कुमार एवं विभिन्न थाना के थानाध्यक्ष शनिवार की सुबह से शहर के अलग-अलग जगह पर निरीक्षण किया। शहर के गांधी चौक, रामाशीष चौक, पासवान चौक, महात्मा गांधी सेतु जढुआ सहित अलग-अलग जगह पर भारी संख्या में पुलिस पदाधिकारी मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल की तैनाती की गई है। एसडीपीओ सुबोध कुमार ने बताया कि विभिन्न संगठन के द्वारा बंद बुलाए जाने को लेकर शहर में पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती की गई है।

12. 50 PM- Bihar Band Live: बक्सर में विशाल जुलूस- VIDEO

बक्सर में नीट पेपर लीक और पटना दिल्ली में लाठीचार्ज के विरोध में शहर के किला मैदान से आज छात्रों का विशाल जुलूस निकाला। यह जुलूस शहर के सड़कों से गुजरने के बाद अंबेडकर चौक पहुंचा जहां इनौस के राष्ट्रीय अध्यक्ष डुमरांव के पूर्व विधायक डॉ अजीत कुशवाहा ने छात्रों को संबोधित किया। सभी छात्रों ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे को लेकर खूब नारेबाज़ी की। छात्रों के प्रदर्शन के दौरान काफी संख्या में पुलिस के जवान तैनात किए गए थे।

12. 43 PM- Bihar Band Live: छपरा में पुलिस पर चले पत्थर

बिहार बंद के दौरान छपरा में नगरपालिका चौक के पास प्रदर्शनकारियों को रोक रही पुलिस पर छात्रों ने रोड़ेबाजी कर दी। उसके बाद पुलिस ने छात्रों को खदेड़ कर भगा दिया।

12. 36 PM- Bihar Band Live: सासाराम में झड़प, पथराव

सासाराम में शहर के पोस्टऑफिस चौक पर छात्रों व पुलिस में झड़प हो गई। छात्रों ने पुलिस पर पत्थरबाजी कर दी। भगदड़ के बाद आसपास की दुकानें बंद कर दुकानदार भाग चले। पुलिस ने कुछ छात्रों को हिरासत में लिया है।

सासाराम में प्रदर्शनकारियों को खदेड़ती पुलिस

12. 30 PM- Bihar Band Live: पटना में डाक बंगला पर फिर भिड़ंत

पटना डाक बंगला चौराहा पर छात्रों का एक दल करीब 500 की संख्या में पहुंचा। पुलिस की भी मौजूदगी उतनी ही है। दोनों तरफ से छात्र और पुलिस प्रशासन के बीच नोक झोक शुरू हो चुकी है। आंदोलन में मौजूद छात्र केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देने की मांग कर रहे हैं।

डाक बंगला पर प्रदर्शनकारी और पुलिस भिड़े

12. 26 PM- Bihar Band Live: बिहार बंद से BRABU में परीक्षा स्थगित

बिहार बंद के मद्देनजर बीआरए बिहार यूनिवर्सिटी में यूनानी की सेकेंड और थर्ड ईयर की परीक्षा स्थगित कर दी गई है। परीक्षा नियंत्रक प्रो. राम कुमार ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। शनिवार को आयोजित होने वाली इस परीक्षा में कुल 72 छात्रों को शामिल होना था। परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि छात्रों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसलिए शुक्रवार रात ही परीक्षा स्थगित होने की सूचना मैसेज के माध्यम से भेज दी गई थी। अब यह परीक्षा 2 अगस्त को आयोजित की जाएगी।

12. 22 PM- Bihar Band Live: पटना में कई प्रदर्शनकारी हिरासत में

बिहार बंद के दौरान पटना में पुलिस सख्त ऐक्शन मोड में है। डाक बंगला चौराहा पर जो भी छात्र दिख रहा है उन्हें सीधे पुलिस हिरासत में ले रही है। कुछ देर पहले प्रदर्शनकारी पुलिस वालों से भिड़ गए थे। बैरिकेडिंग तोड़कर वीआईपी और संवेदनशील इलाके में मार्च निकालने की तैयारी में थे। डाक बंगला चौराहा पर आज के आंदोलन में जितने छात्र नहीं दिख रहे हैं उससे कहीं ज्यादा पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

पटना में डाक बंगला चौराहे पर तैनात पुलिस

12. 16 PM- Bihar Band Live: नीट पेपर लीक पर म

सुपौल के राघोपुर प्रखंड कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में शुक्रवार को प्रखंड मुख्यालय से सिमराही मुख्य चौक तक एक दिवसीय 'जन आक्रोश मार्च' निकाला गया। प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष मोहम्मद जमील अनवर उर्फ टुन्ना के नेतृत्व में आयोजित इस मार्च में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज, कांग्रेस नेता राहुल गांधी की गिरफ्तारी और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक के मामलों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

राघोपुर में कांग्रेस का ‘जन आक्रोश मार्च’

12.00 PM- Bihar Band Live: पटना में बिहार बंद के दौरान लाठीचार्ज

बिहार बंद के दौरान पटना के डाक बंगला चौराहा पर प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पुलिस ने लाठी चार्ज कर दिया। पुलिस वहां पहले से ही तैनात थी। प्रदर्शनकारियों को संवेदनशील इलाके की ओर बढ़ने से रोका गया तो उग्र होने लगे। पुलिस की ओर से लगाई गयी बैरिकेडिंड तोड़ने लगे। हालात को देखते हुए पुलिस ने लाठी भांजकर खदेड़ना शुरू किया तो प्रदर्शनकारी पीछे हटे।

11.39 AM- Bihar Band Live: छात्र आंदोलन के समर्थन में स्टूडेंट फ्रंट का धरना

देशभर में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज, पेपर लीक, शिक्षक बहाली में पारदर्शिता, रिक्त पदों पर समयबद्ध नियुक्ति और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर स्टूडेंट फ्रंट का अनिश्चितकालीन धरना शनिवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। सुबह से ही धरना स्थल पर छात्र-छात्राओं, युवाओं, अभिभावकों और आम नागरिकों की भीड़ जुटनी शुरू हो गयी थी।बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं भी धरना स्थल पर पहुंचे और आंदोलन को अपना समर्थन दिया। इन छात्रों ने कहा कि छात्रों से जुड़े मुद्दों का समाधान संवाद और जवाबदेही के माध्यम से होना चाहिए। धरना को संबोधित करते हुए अररिया का मुद्दा के संचालक फैसल जावेद यासीन ने कहा अब हमारी मांग केवल शिक्षा मंत्री के इस्तीफे तक सीमित नहीं रहेगी। यदि छात्रों के साथ अन्याय और दमन जारी रहा तो हम पूरे केंद्रीय मंत्रिमंडल के इस्तीफे की मांग करेंगे।

अररिया में स्टूडेंट फ्रंट का धरना तीसरे दिन जारी

11.28 AM- Bihar Band Live: सहरसा में सड़क पर उतरे बंद समर्थक

सहरसा में नीट, पेपर लीक, छात्र आंदोलन पर पुलिस की कार्रवाई के विरुद्ध ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) और इंकलाबी नौजवान सभा (आरवाईए) ने शनिवार को बिहार बंद बुलाया। संगठन के कार्यकर्ता सुबह आठ बजे से हीं सड़क पर उतर गए। बंद समर्थकों ने कचहरी चौक समीप सड़क जाम कर नारेबाजी किया ।वहीं जिला परिषद परिसर से समाहरणालय तक आक्रोश मार्च निकाला जाएगा।

11.24 AM- Bihar Band Live: छपरा में नगरपालिका चौक पर जाम

छपरा में बिहार बंद को लेकर शनिवार को शहर के नगरपालिका चौक के पास छात्रों ने प्रदर्शन किया। सड़क पर बैठ कर आवागमन भी बाधित कर दिया। काफी संख्या में पुलिस की गई है। स्टेशन पर भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं।

11.22 AM- Bihar Band Live: सासाराम में बिहार बंद का मिला-जुला असर

सासाराम में बिहार बंद का शहर में मिला-जुला असर दिख रहा है। बंद समर्थकों ने कलेक्ट्रेट गेट के समीप धरना स्थल पर जुटना शुरू किए हैं। भारी संख्या में पुलिस बल शहर के चप्पे-चप्पे पर तैनाती की गई है। शहर के अधिकांश बाजारों में दुकानें खुली है। वाहनों का परिचालन हो रहा है।

10.40 AM- Bihar Band Live: जहानाबाद में बंद का मिला-जुला असर

जहानाबाद में बिहार बंद का मिला-जुला असर दिख रहा है। बड़ी गाड़ियां कम चल रही हैं। शहर के अधिकांश बाजारों में दुकानें खुली हैं। बंद समर्थक सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रशासन अलर्ट है, जगह-जगह पर भारी संख्या में पुलिस की तैनाती है।

10.36 AM- Bihar Band Live: पटना में कई छात्र नेता हिरासत में

पटना में पुलिस ने कई छात्रों नेताओं को पकड़ लिया है। उन्हें स्थानीय थानों में बैठाकर रखा गया है। बिहार बंद को लेकर गांधी मैदान के पास प्रदर्शन कर रहे थे।

10.28 AM- Bihar Band Live: पटना में छात्र नेता के घर छापेमारी

पटना विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष मनीष यादव के घर पर छापेमारी की गयी। सभी छात्रावास और लॉजों पर पुलिस ने का पहरा लगा दिया गया है। कई छात्रावासों को देर रात तक पुलिस खंगालती रही। आंदोलन में कम छात्र भाग ले सकें इस उद्येश्य से मुसल्लहपुरहाट भिखना पहाड़ी, पटना यूनिवर्सिटी से कई इलाकों में पुलिस की घेराबंदी की गयी है।

10.22 AM- Bihar Band Live: सीतामढ़ी में हॉस्टल और लॉजों पर चौकसी

बिहार बंद को देखते हुए सीतामढ़ी जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है। शहरी इलाके के सभी लॉज और हॉस्टलों पर पुलिस की नजर है। प्रशासन ने कहीं अनावश्यक भीड़ लगाने से मना किया है।

10.20 AM- Bihar Band Live: मुजफ्फरपुर में रोकी गई इंटरनेट सेवा बहाल

बिहार बंद को देखते हुए इंटरनेट सेवा को 26 जुलाई दस बजे तक के लिए बंद कर दिया गया था। डीएम गौरव कुमार के आदेश पर इसे फिर से बहाल कर दिया गया है।

10.18 AM- Bihar Band Live: आरा में कई स्थानों पर प्रदर्शन

आरा में कई चौक चौराहों पर बंद समर्थक नारेबाजी कर रहे हैं। सड़क परिवहन पर इसका खासा असर दिख रहा है। हालांकि, रेलवे पर अभी तक बंद का कोई असर नहीं दिख रहा है। पुलिस की गाड़ियां शहर के कोने-कोने में गश्त लगा रही हैं।

10.15 AM- Bihar Band Live: सीवान में सड़क पर उतरे छात्र

नीट पेपर लीक पर आइसा के बिहार बंद को लेकर सीवान में प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतर गए हैं। जेपी चौक को जामकर वाहनों की आवागमन भी रोक दिया गया है। प्रदर्शनकारी सरकार विरोधी नारे लगा रहे हैं।

Sudhir Kumar

लेखक के बारे में

Sudhir Kumar

टीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar NewsLive: 'बिहार बंद' के दौरान पटना में चली लाठी, सीतामढ़ी में डीएम ऑफिस पर पथराव