Hindi NewsBihar NewsBihar Assembly Vote Counting update Exit Poll Tejashwi Yadav NDA Grand Alliance Election Commission
Bihar election:एग्जिट पोल्स से खुश NDA जश्न की तैयारी में, राजद के चुनाव आयोग पर लगाए आरोप; पूरा अपडेट

Bihar election:एग्जिट पोल्स से खुश NDA जश्न की तैयारी में, राजद के चुनाव आयोग पर लगाए आरोप; पूरा अपडेट

संक्षेप: बिहार विधानसभा चुनाव में दोनों चरणों के मतदान संपन्न हो चुका है। अब शुक्रवार को मतगणना की तैयारी जारी है। एग्जिट पोल्स के आंकड़ों से खुश एनडीए ने जश्न मनाने की तैयारी शुरू कर दी है, वहीं, महागठबंधन ने एग्जिट पोल के आंकड़ों को खारिज करते हुए जीत का दावा किया है।

Thu, 13 Nov 2025 04:08 PMUpendra Thapak लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

Bihar Assembly Election result: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 अब अपने आखिरी चरण में है। दोनों चरण का मतदान संपन्न हो चुका है और अब देखना यह है कि आखिर अगले 5 साल के लिए बिहार के सिंहासन पर कौन विराजमान होने वाला है। बिहार और देश के राजनेताओं के लिए यह समय धड़कन बढ़ा देने वाला है। एग्जिट पोल्स के आंकड़ों में बढ़त हासिल करने से उत्साहित एनडीए ने लड्डू बनवाना शुरु करवा दिया है, तो वहीं, एग्जिट पोल को फर्जी बताकर जीत का दावा कर रहे राजद नेता तेजस्वी यादव ने चुनाव आयोग पर नए आरोप लगा दिए हैं।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

शुक्रवार को सुबह 8 बजे से शुरू होने वाली मतगणना से पहले विपक्ष ने गुरुवार को चुनाव आयोग को एक बार फिर से निशाने पर लिया है। उन्होंने आयोग पर संभावित चुनावी धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया। एग्जिट पोल्स में एनडीए को मिलती बढ़त पर तंज कसते हुए तेजस्वी ने बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता धर्मेन्द्र की मौत से जुड़ी खबरों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मीडिया ने तो धर्मेंद्र को भी मृत घोषित कर दिया था। उन्होंने कहा कि एग्जिट पोल बेकार साबित होंगे और महागठबंधन बहुमत के साथ जीतकर आएगा। विपक्षी नेताओं ने यह भी कहा कि एग्जिट पोल "एक कहानी गढ़ने" की कोशिश कर रहे हैं और कहा कि इसमें "धोखाधड़ी" हो सकती है।

एग्जिट पोल पर महागठबंधन का रिएक्शन

तेजस्वी यादव ने विशेष रूप से आरोप लगाया कि एनडीए "मतगणना को धीमा करने की पूरी कोशिश करेगा" और भय पैदा करके "लोकतंत्र की हत्या" करने की कोशिश करेगा। विशेष रूप से, राजद ने सासाराम निर्वाचन क्षेत्र में "वोट चोरी" का एक नाटकीय आरोप लगाया। पार्टी ने कहा कि जिला प्रशासन ने बिना किसी पूर्व सूचना के इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) को मतगणना केंद्र में "घुसपैठ" कर दिया था, और आरोप लगाया कि कैमरों की फीड "बंद" कर दी गई थी। रोहतास की डीएम उदिता सिंह ने राजद नेता के इस दावे का खंडन करते हुए स्पष्ट किया कि जिस ट्रक की बात हो रही है, उसमें खाली स्टील के डिब्बे थे। उन्होंने कहा कि कई उम्मीदवारों और उनके समर्थकों की मौजूदगी में ट्रक की जाँच की गई और लॉगबुक में इसकी एंट्री दर्ज की गई।

Bihar Exit Polls, बिहार चुनाव 2025 की ताज़ा ख़बरों के लिए यहां क्लिक करें।

तेजस्वी ने फिर भी राजद उम्मीदवारों और जिला पदाधिकारियों के साथ एक ऑनलाइन बैठक की, जिसमें इस बात पर जोर दिया गया कि पार्टी को किसी भी तरह की "असंवैधानिक गतिविधि" से निपटने के लिए "सतर्क, सतर्क, सावधान और पूरी तरह सक्षम" रहना होगा।

एनडीए की लड्डू वाली तैयारी

एग्जिट पोल्स में नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ने वाले एनडीए को बिहार में बहुमत की संभावना जताई है। ऐसे में पहले से ही उत्साहित एनडीए की कार्यकर्ताओं में चौगुना उत्साह हो गया है। एनडीए ने नेताओं का एग्जिट पोल्स पर कहना है कि यह पोल जमीनी हकीकत को दिखा रहे हैं।केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने बिहार में एनडीए के बेहतरीन प्रदर्शन का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी के प्रभाव और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सुशासन की लहर को दिया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक भाजपा ने भी जश्न की तैयारी शुरू कर दी है। पटना में एक भाजपा कार्यकर्ता ने मतगणना से पहले 501 किलोग्राम लड्डू का ऑर्डर दिया है। इसी तरह, जदयू उम्मीदवार अनंत कुमार सिंह, जिन पर चुनाव प्रचार के दौरान हत्या का मामला दर्ज किया गया था, ने 14 नवंबर को समर्थकों के स्वागत के लिए अपने आवास पर टेंट, कुर्सियाँ और सजावट की व्यवस्था की है।

मतगणना की तैयारी

बिहार विधानसभा चुनाव 2025, चुनाव आयोग के लिए भी एक बड़े त्योहार की तरह है। विपक्ष के आरोपों के बीच बिहार की जनता और चुनाव आयोग की तैयारियों ने इस बार बिहार में मतदान के सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए।6 और 11 नवंबर को दो चरणों में हुए मतदान में लगभग 67% मतदाताओं ने रिकॉर्ड स्तर पर भागीदारी की। चुनाव आयोग (ईसी) ने कहा कि 1951 में स्वतंत्र भारत में पहली बार हुए चुनावों के बाद से बिहार में यह सबसे अधिक मतदान है।। अब बारी मतगणना की है। चुनाव आयोग ने इसके बारे में जानकारी देते हुए बताया कि कि मतगणना 38 जिलों के 46 केंद्रों पर होगी।

मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा उपाय

चुनाव आयोग के अधिकारियों के अनुसार, वोटिंग मशीनें "डबल-लॉक सिस्टम" का उपयोग करके स्ट्रांगरूम के अंदर सील रहती हैं, परिसर की सुरक्षा दो स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था द्वारा की जाती है। भीतरी स्तर केंद्रीय अर्धसैनिक बलों को सौंपा गया है, जबकि बाहरी स्तर का प्रबंधन राज्य पुलिस द्वारा किया जाता है। सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्ष चुनाव आयोग की ईमानदारी पर सवाल उठा रहा है। मतगणना प्रक्रिया की वीडियोग्राफी केंद्रीय चुनाव आयोग पर्यवेक्षकों और उम्मीदवारों द्वारा नियुक्त एजेंटों की उपस्थिति में की जाएगी।

Upendra Thapak

लेखक के बारे में

Upendra Thapak
उपेन्द्र पिछले कुछ समय से लाइव हिन्दुस्तान के साथ बतौर ट्रेनी कंटेंट प्रोड्यूसर जुड़े हुए हैं। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान, नई दिल्ली (2023-24 बैच) से पूरी की है। इससे पहले भोपाल के बरकतउल्ला विश्वविद्यालय से अपना ग्रैजुएशन पूरा किया। मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के रहने वाले हैं। अंतर्राष्ट्रीय संबंधों, राजनीति के साथ-साथ खेलों में भी दिलचस्पी रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बिहार चुनाव 2025 , Bihar vidhan sabha seats , बिहार चुनाव एग्जिट पोल्स और बिहार चुनाव 2025 की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।