
लोकतंत्र की जननी ने चुनावी इतिहास रचा; बिहार के दूसरे चरण में 69% मतदान, औसत 67% वोटिंग
Bihar Chunav Voting Percentage: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 20 जिलों की 122 सीटों पर 68.79 प्रतिशत मतदान हुआ है। दूसरे फेज की वोटिंग में पहले चरण और पुराने सभी रिकॉर्ड टूट गए।
Bihar Chunav Voting Percentage: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में मतदान के सभी रिकॉर्ड टूट गए हैं। दूसरे चरण में ऐतिहासिक 68.79 प्रतिशत वोटिंग हुई। हालांकि, यह फाइनल आंकड़ा नहीं है। चुनाव आयोग के अनुसार, अभी दो हजार बूथों से डेटा आना अभी बाकी है। ऐसे में दूसरे चरण का मतदान प्रतिशत और बढ़ेगा। पहले और दूसरे चरण के मतदान का औसत मिलाएं तो अभी तक 66.93 प्रतिशत है, जो कि बिहार में अब तक के चुनावी इतिहास में सबसे ज्यादा है।
बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल ने मंगलवार शाम पटना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि दूसरे चरण में 45399 बूथ थे। कुल मतदाताओं की संख्या 3.7 करोड़ थी। इनमें पुरुष मतदाता 1.95 करोड़ और महिला मतदाता 1.74 करोड़ थे। उन्होंने बताया कि अब तक कटिहार में सर्वाधिक 78.63 फीसदी, किशनगंज में 78.06 फीसदी और पूर्णिया में 76.04 फीसदी मतदान हुआ है।
गुंजियाल ने कहा कि यह पिछले विधानसभा चुनाव से 9.6 प्रतिशत ज्यादा है। इसमें थोड़ी और बढ़ोतरी होगी। दूसरे चरण में 1302 उम्मीदवार थे। 1135 पुरुष और 136 महिला उम्मीदवार थे।
चुनाव आयोग के अनुसार पहले चरण की तरह दूसरे फेज में भी शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से मतदान हुआ। किसी भी जगह मतदान केंद्रों को शिफ्ट नहीं किया गया। महिला मतदाताओं ने इस बार अच्छी संख्या में मतदान किया है। सूत्रों के मुताबिक, पुरुष का मतदान प्रतिशत 61.56 और महिलाओं का 69.04 प्रतिशत रहा।
बिहार में वोटिंग के सभी भी रिकॉर्ड टूटे
लोकतंत्र की जननी कहे जाने वाले बिहार (वैशाली) में विधानसभा चुनाव 2025 में दो चरणों में 6 और 11 नवंबर को मतदान हुआ। पहले चरण में 18 जिलों की 121 सीटों पर कुल 65.08 प्रतिशत वोटिंग हुई थी। यह आंकड़ा बिहार में अब तक हुए सभी विधानसभा और लोकसभा चुनाव में सबसे ज्यादा रहा। अब दूसरे चरण में मंगलवार को 20 जिलों की 122 सीटों पर वोटिंग हुई। इसमें पहले फेज का रिकॉर्ड भी टूट गया।





