बिहार के 4 दारोगा समेत 11 पुलिसवाले को अरेस्ट करें, कोर्ट ने क्यों दिया आदेश

हिन्दुस्तान, प्रधान संवाददाता, मुजफ्फरपुर
share

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक अदालत ने 11 पुलिसवालों को अरेस्ट करने का ऑर्डर जारी किया है। अदालत ने इन सभी के खिलाफ गैर जमानतीय वारंट भी जारी किया है। 

Bihar Police
बिहार में 4 दारोगाओं के खिलाफ गैर जमानतीय वारंट जारी हुआ है। (सांकेतिक तस्वीर)

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में कोर्ट ने 11 पुलिसवालों को अरेस्ट करने का आदेश जारी किया है। दरअसल डकैती की योजना बनाते छह हिस्ट्रीशीटरों की हथियार के साथ गिरफ्तारी मामले में कोर्ट में गवाही देने नहीं आने पर एडीजे-11 ने चार दारोगा समेत 11 पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी का आदेश दिया है। सभी के खिलाफ गैर जमानतीय वारंट जारी करते हुए 28 अक्टूबर तक गिरफ्तार करने का समय तय किया गया है। एडीजे-11 के न्यायालय से सरैया थानेदार और एसएसपी कार्यालय में पुलिसकर्मियों के गैर जमानतीय वारंट भेजे गए हैं।

बताया गया कि सरैया थाने की पुलिस टीम ने 17 सितंबर 2018 को मनिकपुर स्थित भगत सिंह उच्च विद्यालय के मैदान में रात साढ़े नौ बजे छापेमारी की थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि वहां कुछ अपराधी हथियार के साथ डकैती की साजिश रच रहे हैं। छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने राहुल कुमार यादव उर्फ क्रांति यादव, मो. अंजार और मुकेश कुमार राम को गिरफ्तार किया था। वहीं, पुलिस को चकमा देकर मौके से अनिल कुमार, गुड्डू सहनी व राजेश राय फरार हो गए थे। केस में सभी छह को आरोपित बनाया गया था। गिरफ्तार तीनों शातिरों के पास से पुलिस ने लोडेड देसी पिस्तौल व कारतूस जब्त किया था। इस संबंध में सरैया थाने में प्राथमिकी दर्ज कर सभी को जेल भेजा गया था। इस केस में न्यायालय में ट्रायल चल रहा है।

आरोपित पक्ष के खिलाफ छापेमारी में शामिल पुलिसकर्मियों को गवाही देनी है और जब्त हथियार को न्यायालय में पेश करना है। लेकिन, कई तारीखों से पुलिसकर्मी गवाही देने नहीं आ रहे और नहीं साक्ष्य पेश किया जा रहा है। न्यायालय ने गवाही नहीं देने पर 8 मई 2025 को सभी को समन जारी किया था। समन के बाद भी पेश नहीं हुए तो 20 अगस्त 2026 को जमानतीय वारंट जारी किया गया। इसके बावजूद जब वे न्यायालय में उपस्थित नहीं हुए तो बीते गुरुवार को एडीजे-11 ने सख्त रुख अपनाते हुए सभी की गिरफ्तारी का आदेश देते हुए गैर जमानतीय वारंट जारी कर दिया।

न्यायालय ने सरैया थाने में तैनात दारोगा मो. अलाउद्दीन, शत्रुघ्न सहनी, योगेंद्र कुमार सिंह और आईओ अनिल कुमार, बीएमपी के हवलदार संजय शर्मा, सिपाही अभय कुमार सिंह, अजहर खान, राहुल कुमार और परिचारी चालक राधाकांत प्रसाद समेत 11 पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी का आदेश दिया है। वारंट मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। एसएसपी कार्यालय को निर्देश दिया गया है कि तय समय सीमा के भीतर सभी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाए।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsबिहार के 4 दारोगा समेत 11 पुलिसवाले को अरेस्ट करें, कोर्ट ने क्यों दिया आदेश