Bihar Aakrosh March Live: सड़क पर आक्रोश और ज्ञानेश कुमार का फूंका पुतला, बिहार में विपक्ष का प्रदर्शन

Bihar Aakrosh March Live: बिहार में आज महागठबंधन में शामिल नेता और कार्यकर्ता एक बार फिर सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन करेंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्षी पार्टियां आज आक्रोश मार्च निकालेंगी।

Bihar Aakrosh March Live: सड़क पर आक्रोश और ज्ञानेश कुमार का फूंका पुतला, बिहार में विपक्ष का प्रदर्शन

फारबिसगंज में इंडिया गठबंधन ने प्रदर्शन किया है।

Nishant Nandan| लाइव हिन्दुस्तान,पटना |
WhatsAppFacebookX
YouTubeFollow us on Google News

Bihar Aakrosh March Live: बिहार की सड़कों पर विपक्षी पार्टियों का आज फिर हल्लाबोल है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर महागठबंधन में शामिल राजद, कांग्रेस, वीआईपी समेत अन्य राजनीतिक दल के नेता और कार्यकर्ता आज ब्लॉक स्तर पर आक्रोश मार्च निकालेंगे। एक दिन पहले ही बिहार के नेता विपक्ष तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया था कि बिहार में विधानसभा चुनाव के पहले एसआईआर के तहत मतदाता सूची से सही लोगों का नाम काटा गया। वोट की चोरी हुई।

तेजस्वी यादव ने कहा था कि बिहार से ही एसआईआर की शुरुआत भाजपा और केंद्र के कहने पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश गुप्ता ने करवाई थी। जिसके खिलाफ हमलोग लोकतंत्र को बचाने के लिए संघर्ष और आंदोलन करेंगे। आज आक्रोश मार्च के अलावा कल यानी 08 अक्टूबर को विपक्षी पार्टियां लोकभवन मार्च करेंगी। इस दिन जिला मुख्यालयों पर इंडिया गठबंधन में शामिल दलों के नेता धरना देंगे। पटना में तेजस्वी यादव के नेतृत्व में मार्च निकलेगा।

Bihar Aakrosh March Live: फारबिसगंज में विपक्ष का जोरदार प्रदर्शन

Bihar Aakrosh March Live: बुधवार को फारबिसगंज के स्थानीय प्रखंड मुख्यालय परिसर में इंडिया गठबंधन की ओर से जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के पुतले फूंके और इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने ज्ञानेश कुमार त्यागपत्र दो, मोदी-शाह इस्तीफा दो के नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि लोकतंत्र की बुनियाद को कमजोर करने वाले मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को एक पल भी पद पर रहने का अधिकार नहीं है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर फर्जी वोट के जरिए शासन कर लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाया गया। प्रदर्शन के दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरकार एवं चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर विरोध जताया।

प्रदर्शन के दौरान इंडिया गठबंधन के घटक दलों के बीच पुतला दहन को लेकर अलग-अलग तस्वीर देखने को मिली। जहां राजद की ओर से सिर्फ मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका गया, वहीं कांग्रेस की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का भी पुतला फूंका गया। इस संबंध में राजद के अमित पूर्व ने कहा कि प्रशासन की ओर से प्रधानमंत्री और गृह मंत्री का पुतला नहीं फूंकने का आदेश दिया गया था, जिसके बाद राजद की ओर से केवल मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका गया। वहीं कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इंडिया गठबंधन का यह ऐलान है, जिसके तहत तीनों का पुतला फूंका गया।

Share

Bihar Aakrosh March Live: चुनाव आयोग बीजेपी के लिए काम कर रहा- तेजस्वी यादव

Bihar Aakrosh March Live: तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया था कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार भाजपा के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा था कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान जीवित लोगों के नाम मृतकों की सूची में डालने और मतदाताओं के नाम हटाने में अनियमितताएं हुईं। उन्होंने यह आरोप लगाया था कि बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करते हुए महिलाओं के खातों में दस-दस हजार रुपये डाले गए, ताकि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को चुनावी लाभ मिल सके।

Share

Bihar Aakrosh March Live: खरगे के लंच में विपक्षी रणनीति पर मंथन

Bihar Aakrosh March Live: इधर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को 'इंडिया' गठबंधन के सांसदों को दोपहर के भोज पर आमंत्रित किया है, जिसमें मुख्य निर्वाचन आयुक्त और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में अनियमितताओं से जुड़े मुद्दे पर आगे की रणनीति को लेकर मंथन होने की संभावना है। सूत्रों ने बताया कि जनपथ स्थित सागर रत्ना रेस्तरां में अपराह्न करीब 1:30 बजे होने वाले इस भोज में मंगलवार को निर्वाचन आयोग के खिलाफ हुए प्रदर्शन के बाद विपक्ष की आगे की रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है।

सूत्रों के अनुसार, इस दौरान विपक्षी दलों के सांसद मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार से मुलाकात का आग्रह करने वाले एक पत्र पर भी हस्ताक्षर कर सकते हैं। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को कहा था कि विपक्ष के 300 सांसद मुख्य निर्वाचन आयुक्त से मिलकर यह कहना चाहते हैं कि आपने ''वोट चोरी'' की है।

Share

Bihar Aakrosh March Live: राहुल गांधी ने क्या कहा था

Bihar Aakrosh March Live: मंगलवार को दिल्ली में राहुल गांधी ने धरना स्थल पर पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा था कि सभी सांसद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार तथा उनके दो सहयोगियों से मिलना चाहते थे लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। सांसद देश के प्रतिनिधि हैं और देश की जनता की आवाज का प्रतिनिधित्व करते हैं। उनको चुनाव आयोग से मिलने नहीं दिया गया जबकि चुनाव आयोग का कार्यालय यहां से करीब 50 गज दूर है।"

Share

Bihar Aakrosh March Live: दिल्ली में इंडिया गठबंधन के आक्रोश मार्च में कौन-कौन था

Bihar Aakrosh March Live: मंगलवार को इंडिया गठबंधन के सांसद निर्वाचन सदन की तरफ मार्च करने से पहले संसद भवन के मकर द्वार पर एकत्रित हुए और हाथों में बैनर लेकर निर्वाचन सदन की ओर बढ़े। सांसद संसद भवन से नारे लगाते हुए और हाथों में बैनर लेकर निर्वाचन आयोग की ओर बढ़ रहे थे लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया तो मार्च धरना में बदल गया। मार्च में कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, ममता तृणमूल कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) और शिवसेना (उद्धव गुट) सहित इंडिया गठबंधन के कई सांसद शामिल थे।

इसमें बीजू जनता दल (बीजद) के सांसद भी शामिल हुए जो अभी तक इंडिया गठबंधन का हिस्सा नहीं है। सांसदों में सपा के अखिलेश यादव, रामगोपाल यादव, ममता तृणमूल कांग्रेस के अभिषेक बनर्जी, सौगत राय, कांग्रेस की प्रियंका गांधी वाड्रा, पी. चिदंबरम, के सी वेणुगोपाल, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) की सुप्रिया सुले,तथा शिवसेना (उद्धव गुट) के अरविंद सावंत, संजय राउत सहित कई सांसद शामिल थे।

Share

Bihar Aakrosh March Live: ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा मांग रहा है विपक्ष

विपक्षी सांसद चुनाव आयोग पर सरकार के इशारे पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के जरिए मतदाता सूचियों से बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाने का आरोप लगा रहे हैं। उनका यह भी आरोप है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार दो चुनाव आयुक्तों की आपत्तियों के बावजूद कई बड़े फैसले लेते रहे हैं। विपक्षी दल ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और एसआईआर की प्रक्रिया को रोकने की मांग कर रहे हैं।

Share

Bihar Aakrosh March Live: आज सड़क पर उतर रहे महागठबंन के नेता

Bihar Aakrosh March Live: बिहार में SIR और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर महागठबंधन अब सड़क पर उतर रहा है। आज जहां आक्रोश मार्च है तो वहीं कल विपक्षी नेता राजभवन मार्च करेंगे।

Share

Bihar Aakrosh March Live: दिल्ली में हुआ था प्रदर्शन

Bihar Aakrosh March Live: कांग्रेस और विपक्षी इंडिया गठबंधन के नेताओं ने मंगलवार की सुबह संसद भवन परिसर से चुनाव आयोग के मुख्यालय तक 'लोकतंत्र बचाओ' मार्च का आयोजन किया था जिसमें बड़ी संख्या में सांसदों ने हिस्सा लिया था। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को निर्वाचन सदन से कुछ पहले आकाशवाणी भवन के सामने बेरिकेड लगाकर रोक दिया था। राहुल गांधी तथा कुछ अन्य सांसदों ने बेरिकेड पार करने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे नहीं बढने दिया। पुलिस ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को हिरासत में भी लिया था लेकिन बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया था।

Share

Bihar Aakrosh March Live: महागठबंधन SIR का करता है विरोध

Bihar Aakrosh March Live: महागठबंधन शुरू से ही एसआईआर का विरोध करता रहा है। इतना ही नहीं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव बिहार विधानसभा चुनाव से पहले महिलाओं के खाते में 10 हजार रुपये भेजे जाने पर भी सवाल उठाते रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया था कि जब खाते में पैसे भेजे जा रहे थे तब चुनाव आयोग क्या कर रहा था।

Share

Bihar Aakrosh March Live: 08 अक्टूबर को जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन

Bihar Aakrosh March Live: 8 अक्टूबर को सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन होगा। पटना में महागठबंधन के विधायक, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ नेता सप्तमूर्ति के पास से लोकभवन तक मार्च निकालेंगे।

Share

Bihar Aakrosh March Live: विपक्षी पार्टियों का हल्लाबोल

Bihar Aakrosh March Live: सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्षी पार्टियों का आज हल्लाबोल है। आज विभिन्न जिला प्रखंडों में विपक्षी नेता प्रदर्शन करेंगे। इस प्रदर्शन में कई नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे।

Share

Location : पटना

First Published : October 7, 2026, 09:37 IST

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi NewsबिहारBihar Aakrosh March Live: सड़क पर आक्रोश और ज्ञानेश कुमार का फूंका पुतला, बिहार में विपक्ष का प्रदर्शन