
बिहार में बड़ा खेला; तेजप्रताप ने कर दिया NDA का समर्थन, रोहिणी को JJD में आने का ऑफर
तेज प्रताप यादव ने एनडीए को समर्थन देने का ऐलान कर दिया है और तेजस्वी के खिलाफ मोर्चा खोल चुकीं बहन रोहिणी आचार्या को अपनी पार्टी जेजेडी में आने का ऑफर दे दिया है। लालू के लिए यह बड़ा झटका है।
बिहार की राजनीति में बड़ा खेला हो गया है। लालू यादव के बेटे तेज प्रताप यादव ने एनडीए को समर्थन देने का ऐलान कर दिया है। इसके साथ साथ तेजस्वी के खिलाफ मोर्चा खोल चुकीं बहन रोहिणी आचार्या को अपनी पार्टी जेजेडी में आने का ऑफर दिया है। जनशक्ति जनता दल(जेजेडी) की बैठक में इसका निर्णय लिया गया। रोहिणी आचार्या को पार्टी के राष्ट्रीय संरक्षक पद का प्रस्ताव लाया गया। जेजेडी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम यादव ने यह जानकारी दी।
विधानसभा चुनाव में शर्मनाक पराजय और परिवार में बेटे-बेटी के बीच घमासान का तनाव झेल रहे लालू प्रसाद यादव को बड़ा झटका लगा है। लालू यादव जिस भाजपा से लड़ते रहे, उनके बड़े बेटे तेज प्रताप यादव उसी पार्टी की अगुआई वाले गठबंधन एनडीए के साथ जाने का ऐलान कर दिया है। तेज प्रताप की पार्टी जनशक्ति जनता दल एनडीए को नैतिक समर्थन देने का ऐलान किया है। तेज का यह फैसला ऐसे समय में आया है जब राजद, लालू और तेजस्वी यादव को अपनी पार्टी की हार का जवाब नहीं सूझ रहा है।
आजतक के अनुसार तेजप्रताप यादव की पार्टी की कोर कमेटी बैठक हुई जिसमें एनडीए सरकार को नैतिक समर्थन देने की घोषणा की गई। प्रवक्ता प्रेम यादव ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जल्द ही रोहिणी दीदी से बात करेंगे और जेजेडी का राष्ट्रीय संरक्षक की जिम्मेदारी संभालने का आग्रह करेंगे। हालांकि यह समर्थन औपचारिक गठबंधन जैसा नहीं होगा। बिहार की राजनीति में इसे बड़े डेवलपमेंट के रूप में देखा जा रहा है। बकौल प्रेम यादव तेज प्रताप यादव ने कहा कि जेजेडी ही लालू यादव की असली पार्टी है। माना जा रहा है कि तेज प्रताप का यह कदम राजनीति में स्वतंत्र पहचान बनाने की रणनीति का हिस्सा है।
तेज प्रताप यादव यह पहले ही ऐलान कर चुके हैं कि वे किसी भी सूरत में अब राजद में नहीं जाएंगे। वे स्वतंत्र रहकर बिहार की जनता की सेवा करेंगे। बीते दिनों एक मॉल में दोनों भाई आमने सामने आए पर कोई बात नहीं की।





