भरत तिवारी की मौत के बाद अब महापंचायत का ऐलान, प्रशांत किशोर को न्योता; परिजनों से मिल खेसारी क्या बोले
भरत भूषण एनकाउंटर केस में उनके परिजनों ने बिहटा में जाकर प्रशांत किशोर से मुलाकात की है। भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव ने भी भोजपुर के बिलौटी गांव में जाकर परिजनों से भेंट की है। इस मामले में महापंचायत आयोजित किए जाने का ऐलान भी किया गया है।

भरत भूषण तिवारी की एनकाउंटर में मौत के बाद उनके परिजनों से लोगों का मिलना जारी है। इसी कड़ी में भोजपुरी फिल्मों के गायक और अभिनेता खेसारी लाल यादव ने भी भरत भूषण तिवारी के परिजनों से मुलाकात की है। भरत तिवारी के परिजनों जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर से भी मुलाकात की है। भरत भूषण तिवारी की मौत के बाद महपंचायत का ऐलान भी किया गया है। भोजपुर के बहुचर्चित भरत भूषण तिवरी एनकाउंटर मामले में न्याय की मांग अब व्यापक जनसमर्थन हासिल करती नजर आ रही है। सोमवार को पीड़ित परिवार के सदस्यों ने बिहटा स्थित जन सुराज के बिहार नवनिर्माण आश्रम में जाकर प्रशांत किशोर से मुलाकात कर उनसे इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है।
परिजनों ने प्रशांत किशोर को पूरे मामले की जानकारी देते हुए न्याय दिलाने की गुहार लगाई है। इस मुलाकात के बाद प्रशांत किशोर ने परिवार को हरसंभव कानूनी एवं सामाजिक सहयोग का भरोसा दिलाया। वहीं परिजनों ने उन्हें आगामी 24 जून को भोजपुर जिले के बिलौटी गांव में प्रस्तावित सर्व समाज महापंचायत में शामिल होने का न्योता बी दिया।
इस महापंचायत में बिहार और उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना जताई जा रही है। इधर जनसुराज नेत्री पद्मा ओझा ने बताया है कि भरत तिवारी की बहन रूबी पांडेय समेत अन्य परिजनों ने प्रशांत किशोर के सामने अपनी चिंताएं रखी हैं। प्रशांत किशोर ने परिजनों को आश्वस्त करते हुए कहा कि केवल आर्थिक सहायता से न्याय नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि परिवार को कानूनी, सामाजिक और सुरक्षा संबंधी जरूरतों की जिम्मेदारी जनसुराज पार्टी उठाएगी। जनसुराज दोषियों को सजा और पीड़ितों को न्याय दिलाने की लड़ाई में पीछे नहीं हटेगी।
खेसारी लाल यादव ने की मुलाकात
इधर भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव ने भी भरत तिवारी के परिजनों से मुलाकात की है। इस मुलाकात के बाद खेसारी लाल यादव ने अपील करते हुए कहा कि इस दुख की गड़ी को कोई भी दल या नेता पब्लिसिटी स्टंट या चुनाव प्रचार का जरिया ना बनाएं। खेसारी ने कहा कि यहां पर हर कोई सिर्फ अपनी टीआरपी और राजनीति चमकाने की होड़ में लगा हुआ है, जबकि यह समय पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ा होने का है। मीडिया और नेताओं को नसीहत देते हुए कहा कि एनकाउंटर जैसी संवेदनशील घटनाओं पर राजनीति बंद होनी चाहिए। परिजनों से बातचीत में खेसारी लाल यादव ने भी व्यवस्था और स्थानीय राजनेताओं की कार्यशैली पर क्षोभ प्रकट किया।


