भरत तिवारी एनकाउंटर की न्यायिक जांच की कमान विनोद सिन्हा को, महापंचायत में बड़े आंदोलन का ऐलान
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat Highlights: भोजपुर के बिलौटी में भरत तिवारी एनकाउंटर के खिलाफ महापंचायत में राज्य सरकार को कार्रवाई की चेतावनी देते हुए देशव्यापी आंदोलन की धमकी दी गई है। वहीं, सम्राट सरकार ने इस केस की जांच के लिए न्यायिक आयोग का गठन कर दिया है।
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat Highlights: भरत तिवारी की पुलिस एनकाउंटर में मौत की जांच के लिए न्यायिक आयोग का गठन कर दिया गया है। इसकी अध्यक्षता पटना हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज विनोद कुमार सिन्हा करेंगे। भोजपुर जिला (आरा) के शाहपुर प्रखंड के बिलौटी गांव में भरत तिवारी एनकाउंटर के खिलाफ महापंचायत का आयोजन किया गया। इसमें पुलिस और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। महापंचायत में बिहार और यूपी से काफी लोग पहुंचे। जन सुराज पार्टी के नेता प्रशांत किशोर ने भी भरत तिवारी के परिवार से मिलने के बाद महापंचायत में हिस्सा लिया। इस महापंचायत में ऐलान किया गया कि श्राद्ध होने तक अगर उचित ऐक्शन नहीं हुआ, तो देश भर में आंदोलन किया जाएगा।
भरत तिवारी के मुठभेड़ से पहले का वीडियो सामने आने के बाद मां की शिकायत पर एनकाउंटर में शामिल पुलिस टीम पर प्राथमिकी दर्ज हो गई है। कई पुलिस वाले सस्पेंड और लाइन हाजिर हैं और आगे गिरफ्तारी की तलवार भी लटक रही है। भरत तिवारी एनकाउंटर को लेकर सम्राट चौधरी की सरकार चौतरफा घिरती दिख रही है। मानवाधिकार आयोग ने जवाब मांगा है। सुप्रीम कोर्ट में जांच की याचिका दाखिल हुई है। सम्राट ने हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज से न्यायिक जांच का ऐलान किया था, लेकिन परिवार ने भरोसा नहीं कह दिया। विपक्ष के साथ-साथ गठबंधन सरकार चला रही भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के मंत्री और नेता भी एनकाउंटर से भड़के हुए हैं।
भरत तिवारी केस में श्राद्ध तक ऐक्शन नहीं तो देश भर में होगा आंदोलन
भरत तिवारी एनकाउंटर में श्राद्ध तक अगर कोई ऐक्शन नहीं लिया गया तो देश भर में आंदोलन किया जाएगा। यह चेतावनी आज भरत के भोजपुर जिले स्थित बिलौटी गांव में हई महापंचायत में दी गई। इसमें जुटे लोगों ने सरकार से एनकाउंटर के दौरान मौजूद रहे पुलिस अधिकारियों और कर्मियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की।
भरत तिवारी केस की जांच के लिए न्यायिक आयोग गठित, विनोद सिन्हा को कमान
भरत तिवारी एनकाउंटर की जांच के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर न्यायिक आयोग का गठन किया गया है। इसकी अध्यक्षता पटना हाईकोर्ट से रिटायर्ड जस्टिस विनोद कुमार सिन्हा करेंगे। सम्राट कैबिनेट से इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है।
रौशन आनंद बोले- भरत तिवारी की हत्या हुई, पुलिस भक्षक बन गई
खान सर विवाद से चर्चा में चल रहे पटना की ज्ञान बिंदु एकेडमी के डायरेक्टर रौशन आनंद ने भरत तिवारी के पुलिस एनकाउंटर को हत्या करार दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस रक्षक नहीं बल्कि भक्षक बन गई है। जब उन्होंने सरेंडर कर दिया था, तो उनका एनकाउंटर क्यों किया गया? यह काम करने का कौनसा तरीका है?
भरत तिवारी की हत्या के पीछे कौन-कौन, पूरी जांच हो- प्रशांत किशोर
भोजपुर जिले के शाहपुर पहुंचे प्रशांत किशोर ने एनकाउंटर में मारे गए भरत तिवारी के परिजन से मुलाकात के बाद उचित न्याय की मांग की। उन्होंने कहा- जिन लोगों ने हत्या की है, उनके साथ-साथ उन लोगों की भी जांच हो, जिनके कहे पर यह हत्या हुई। जिन्होंने वो परिस्थिति बनाई कि आज बता रहे हैं कि वो पागल हो गया था। वो पागल नहीं था, सिस्टम और अफसरों ने उसे उस मानसिक दशा में पहुंचा दिया था, जहां उसे समझ नहीं आ रहा था कि कैसे इनसे डील करें। भरत तिवारी अपनी लड़ाई नहीं लड़ रहे थे। 80 परिवार जो जवइनियां गांव से गंगा के कटाव से जो विस्थापित होकर आए थे, उनके लिए बिजली-पानी की लड़ाई लड़ रहे थे। उन्होंने कहा कि इस मामले में सभी की जांच होनी चाहिए। पटना से मारने का आदेश देने वाले अधिकारी की जांच होनी चाहिए। उस मजिस्ट्रेट की भी जांच होनी चाहिए जिसने गोली चलाने के आदेश पर साइन किया था।
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: भरत पर महापंचायत के लिए यूपी, एमपी और बंगााल से आए लोग
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: भोजपुर जिले के बिलौटी में भरत तिवारी के एनकाउंटर के बाद चल रहे महापंचायत में हजारों लोगों के जुटने की बात कही जा रही है। आयोजन समिति के अनुसार, शाहपुर दियारांचल क्षेत्र से सबसे अधिक लोग सैकड़ों वाहनों के काफिले के साथ पहुंचे हैं। इसके अलावा उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना समेत कई राज्यों से भी लोगों के आने की सूचना है।
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: रोहिणी आचार्या का सवाल- भरत तिवारी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट कहां है?
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: राजद नेता रोहिणी आचार्या ने भरत तिवारी का पोस्टमार्टम रिपोर्ट अब तक सार्वजनिक नहीं होने पर सवाल उठा दिया है। रोहिणी ने एक ट्वीट के जरिए पूछा है कि अब तक रिपोर्ट क्यों सामने नहीं आई है। रोहिणी ने आरोप लगाया है कि सम्राट चौधरी सरकार द्वारा एनकाउंटर की न्यायिक जांच का आदेश देना मामले को ठंडा करने की कवायद भर है।
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: भरत तिवारी महापंचायत में सम्राट चौधरी के खिलाफ नारेबाजी
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: भरत तिवारी एनकाउंटर के खिलाफ बिलौटी गांव में चल रहे महापंचायत में सीएम सम्राट चौधरी के खिलाफ खूब नारेबाजी हो रही है। भरत की मौत से आक्रोशित लोग सम्राट चौधरी से इस्तीफा मांग रहे हैं।
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: महापंचायत में रोने लगे भरत तिवारी के पिता काशीनाथ तिवारी
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: भरत तिवारी महापंचायत में उनके पिता काशीनाथ तिवारी रोने लगे। शिव मंदिर के मैदान में श्रद्धांजलि सभा व महापंचायत में काशीनाथ तिवारी जब पहुंचे तो आंसू से पागलों की तरह रोने लगे। वहां मौजूद लोगों ने उन्हें चुप कराया और पानी पिलाया।
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: भरत तिवारी के परिवार से मिलने पहुंचे प्रशांत किशोर, महापंचायत में भी शामिल
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: भरत तिवारी एनकाउंटर के खिलाफ महापंचायत में शामिल होने जन सुराज पार्टी के नेता प्रशांत किशोर बिलौटी पहुंच गए हैं। भरत तिवारी के परिवार से मिलने के बाद प्रशांत किशोर महापंचायत में शामिल हो गए हैं। भरत के परिजन न्याय की लड़ाई में साथ देने के लिए उनसे मिलने पटना गए थे।
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: भरत तिवारी एनकाउंटर पर बाबा धीरेंद्र शास्त्री भी गुस्सा
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: भरत तिवारी के एनकाउंटर से बागेश्वर धाम के बाबा धीरेंद्र शास्त्री भी गुस्सा हैं। महाराष्ट्र में आयोजित एक दरबार में धीरेंद्र शास्त्री ने भरत तिवारी को सनातनी और हिंदुओं का रक्षक बताया है। बाबा ने कहा कि पुलिस ने सरेंडर करने के बाद गोली चलाई है। उन्होंने बिहार की सरकार से कहा कि रामचरितमानस कहता है कि अगर कोई शरण में आ जाए तो उसका वध नहीं किया जाता है।
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: राजेश शर्मा पर ऐक्शन के बाद पंकज मिश्रा बने जगदीशपुर के एसडीपीओ
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: भरत तिवारी एनकाउंटर में आरोपी एसडीपीओ राजेश शर्मा को लाइन हाजिर करने के बाद पुलिस मुख्यालय से अटैच कर दिया गया है। सरकार ने उनकी जगह पर पंकज कुमार मिश्रा को डीएसपी बनाकर जगदीशपुर भेजा है।
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: भरत तिवारी एनकाउंटर में आरोपी डीएसपी राजेश शर्मा लाइन हाजिर
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: भरत तिवारी की मां आशा देवी की शिकायत पर पुलिस टीम पर एफआईआर दर्ज होने के बाद राज्य सरकार ने आरोपी एसडीपीओ (डीएसपी) राजेश शर्मा को लाइन हाजिर कर दिया है। सरकार ने राजेश शर्मा की जगह पंकज मिश्रा को जगदीशपुर का डीएसपी बनाकर भेजा है।
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: भरत तिवारी की मांग का दावा- पुलिस ने गाड़ी में बिठाने के बाद मारी 2 गोली, प्राइवेट पार्ट को भी नहीं छोड़ा
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: भरत तिवारी की मां आशा देवी ने एफआईआर में आरोप लगाया है कि पुलिस ने भरत तिवारी को जमीन पर गिराकर बाहर ही 3 गोली मारने के बाद गाड़ी में बिठाया। आशा देवी ने कहा है कि गाड़ी में बिठाने के बाद पुलिस ने उनके बेटे को 2 गोली मारी। मां ने बताया है कि पुलिस ने भरत तिवारी के प्राइवेट पार्ट तक को नहीं छोड़ा, उसमें भी गोली मारी गई।
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: भरत तिवारी की मां ने FIR में पुलिस के दावे को झूठा बताया है
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: भरत तिवारी की मां के द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर में पुलिस के दावों को झूठा बताया गया है। पुलिस ने उसे मारने के लिए आत्मरक्षा का हवाला दिया था। भरत की मां ने बताया है कि भरत को पिस्तौल फेंकने के बाद पुलिस ने जमीन पर गिराकर डीएसपी के आदेश पर 5 गोली मारी, जिससे उसकी मौत हो गई।
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: जीतनराम मांझी पुलिस के पक्ष में बोल रहे, भरत तिवारी पर लगातार उठा रहे सवाल
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: भरत तिवारी के एनकाउंटर को लेकर भाजपा की सहयोगी पार्टी हम के नेता और केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने पुलिस को बचाव किया है। मांझी ने भरत तिवारी के एनकाउंटर को जायज ठहराते हुए पहले कहा था कि पुलिस वाले को गोली मार देता तो ठीक रहता क्या। मांझी ने फिर इस मसले पर ट्वीट करके कहा है कि भरत तिवारी के एनकाउंटर पर वही लोग सवाल उठा रहे हैं जो एनकाउंटर में दलित मरे तो उसे नक्सली और मुसलमान मरे तो उसे आतंकवादी बता देते हैं।
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: संजय झा ने कहा- पुलिस ने अपराध किया तो वो भी नहीं बचे, निलंबन काफी नहीं
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: भरत तिवारी एनकाउंटर को लेकर सीएम सम्राट चौधरी पर सहयोगी दल जेडीयू ने भी दबाव बना रखा है। जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा है कि इस मामले में निलंबन काफी नहीं है। संजय झा ने कहा कि अगर पुलिस ने अपराध किया है तो वो भी नहीं बचे। उन्होंने सीएम द्वारा न्यायिक जांच के फैसले का स्वागत किया और कहा कि जब वो कहते हैं कि कोई अपराधी नहीं बचेगा तो उसके दायरे में अपराद करने वाले पुलिस वाले भी हैं।
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: डीएसपी, थानेदार पर भी दर्ज हो गई है एफआईआर
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: भरत तिवारी एनकाउंटर का मामला तूल पकड़ने पर दबाव में आई सरकार ने परिवार की शिकायत पर थाने में डीएसपी, थानेदार समेत अन्य पुलिस वालों पर एफआईआर दर्ज कर लिया है। इस मामले में परिवार ने डीएसपी राजेश शर्मा, थानेदार राजेश मालाकार और अन्य को आरोपी बनाया है। सरकार ने एनकाउंटर के अगले ही दिन पुलिस के दावे पर विवाद के बाद थानेदार समेत पांच पुलिस वालों को सस्पेंड कर दिया था। इस केस में अभी कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: मानवाधिकार आयोग ने राज्य सरकार से मांगा है भरत तिवारी एनकाउंटर पर जवाब
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: मानवाधिकार आयोग ने राज्य सरकार से भरत तिवारी एनकाउंटर पर 4 हफ्ते में जवाब मांगा है। आयोग ने बिहार के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक और भोजपुर के एसपी को एनकाउंटर पर विस्तृत जवाब दाखिल करने का नोटिस दिया है।
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: भरत तिवारी के परिवार से मिलने पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह भी पहुंचीं
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: भरत तिवारी एनकाउंटर के बाद अभिनेता पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह भी बिलौटी गांव पहुंची। ज्योति सिंह ने भरत के परिवार को मिलकर सांत्वना दिया।
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: भरत तिवारी के परिजनों से मिले खेसारी लाल यादव, कहा- न्याय की लड़ाई में साथ
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: भरत तिवारी एनकाउंटर के बाद बिलौटी गांव पहुंचे अभिनेता खेसारी लाल यादव ने परिवार से मुलाका की और कहा था कि वो न्याय की लड़ाई में साथ हैं। उन्होंने परिवार को भरोसा दिया था कि जब भी जरूरत होगी, वो उनके साथ खड़े होंगे।
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: भरत तिवारी के परिवार से मिलने पहुंची थीं पटना में मरी नीट छात्रा की मां
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: भरत तिवारी एनकाउंटर के बाद उनके परिवार से मिलने पटना में मरी नीट छात्रा की मां भी पहुंची थीं। नीट छात्रा की मां ने भरत के परिवार को न्याय की लड़ाई में साथ देने का भरोसा दिया था।
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: भरत तिवारी को न्याय दिलाने के लिए बिलौटी में आमरण अनशन पर बैठे चंपारण के सचिन मिश्रा
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: भरत तिवारी को न्याय दिलाने की मांग के साथ पश्चिम चंपारण से बिलौटी आए सचिन मिश्रा ने मुंडन करा लिया है और आमरण अनशन पर बैठ गए हैं।
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: भरत तिवारी की बहन का दावा- भरत तिवारी को मुर्दों के बीच छोड़कर भागी पुलिस, प्राइवेट पार्ट में भी गोली मारा
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: भरत तिवारी की बहन ने मीडिया से बातचीत में दावा किया है कि पुलिस उनके भाई को पटना के अस्पताल में मुर्दों के बीच छोड़कर भाग गई। बहन ने दावा किया कि भरत तिवारी के प्राइवेट पार्ट में भी गोली मारी गई।
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: परिवार ने कहा है कि जब तक दोषियों को फांसी नहीं मिलती, भरत तिवारी का श्राद्ध नहीं
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: भरत तिवारी के परिवार ने कहा है कि जब तक उनके बेटे के हत्यारों को फांसी की सजा नहीं मिल जाती, भरत तिवारी का श्राद्ध नहीं करेंगे।
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: पूर्व आईपीएस से विधायक बने आनंद मिश्रा ने भी पुलिस ऐक्शन पर सवाल उठाया
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: आईपीएस अफसर की नौकरी छोड़कर भाजपा से विधायक बने आनंद मिश्रा ने भी भरत तिवारी मुठभेड़ में पुलिस के ऐक्शन पर सवाल उठाया था। खुद एनकाउंटर स्पेशलिस्ट एसपी रह चुके आनंद मिश्रा ने कहा था कि पुलिस प्रशासन ने समय पर सही कदम उठाए होते तो स्थिति को ज्यादा संवेदनशीलता के साथ संभाला जा सकता था।
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: ऋतुराज सिन्हा ने कहा था- रक्षक ही ना बन जाएं भक्षक
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: भाजपा नेता ऋतुराज सिन्हा ने भरत तिवारी एनकाउंटर पर दुख जताते हुए कहा था कि कानून का राज कायम रखना जरूरी है, लेकिन यह भी देखना होगा कि रक्षक ही भक्षक ना बन जाएं। उन्होंने न्यायिक जांच की मांग की थी।
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: विजय सिन्हा ने कहा था कि भरत तिवारी के मामले में लापरवाही हुई
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने भरत तिवारी एनकाउंटर को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा था कि पुलिस से इस मामले में लापरवाही हुई है। इस मामले को सुलझाया जा सकता था। उन्होंने दोषियों पर हर हाल में कार्रवाई होने का भरोसा दिया था।
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: तेजस्वी यादव ने कहा था- भरत तिवारी एनकाउंटर के लिए परिवार से माफी मांगें सम्राट चौधरी
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: राजद के नेता तेजस्वी यादव ने भरत तिवारी एनकाउंटर को फर्जी बताते हुए सीएम सम्राट चौधरी से परिवार से इस हत्या के लिए माफी मांगने की मांग की थी।
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: पप्पू यादव ने परिवार की आर्थिक मदद की, कोर्ट जाने का भी दिया भरोसा
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने भरत तिवारी के परिवार से मुलाकात की थी और उनकी आर्थिक मदद भी की थी। पप्पू यादव ने परिवार को भरोसा दिया था कि वो इस मसले को लेकर कोर्ट जाएंगे।
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: पूर्व मंत्री आरके सिंह ने कहा- भरत तिवारी की हत्या हुई है
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: पूर्व केंद्रीय मंत्री आरके सिंह ने कहा है कि भरत तिवारी का एनकाउंटर नहीं हुआ है, उसकी हत्या हुई है।
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: महावीरी लॉकेट बेचकर भरत तिवारी ने खरीदी थी पिस्तौल
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: बिलौटी गांव की महिलाओं ने मीडिया से कहा कि उन सबको खदेड़कर भगा दिया गया और फिर भरत तिवारी को पुलिस ने मार दिया। महिलाओं ने कहा कि भरत तिवारी ने महावीरी लॉकेट को बेचकर अपनी सुरक्षा के लिए पिस्तौल खरीदी थी।
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: सम्राट चौधरी के न्यायिक जांच के ऐलान को भरत तिवारी के परिवार ने ठुकराया
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: सीएम सम्राट चौधरी द्वारा भरत तिवारी एनकाउंटर की न्यायिक जांच के ऐलान को परिवार ने ठुकरा दिया था। परिवार ने कहा था कि उसे सरकार की जांच पर भरोसा नहीं है। परिवार को अदालत पर भरोसा है।
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: सम्राट चौधरी ने भरत तिवारी एनकाउंटर के न्यायिक जांच का ऐलान किया है
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भरत तिवारी एनकाउंटर की न्यायिक जांच का ऐलान किया है। सरकार ने कहा है कि हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज की अध्यक्षता में इस मुठभेड़ की निष्पक्ष जांच करवाने के बाद दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा- जरूरी था तो भरत तिवारी का हाफ एनकाउंटर करते
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: सम्राट चौधरी सरकार में भाजपा के मंत्री मिथिलेश तिवारी ने एनकाउंटर पर दुख जताते हुए कहा था कि अगर जरूरी था तो पुलिस को हाफ एनकाउंटर करना चाहिए था। उन्होंने कहा था कि इस मामले में दोषियों को सजा मिलेगी।
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: भरत तिवारी एनकाउंटर पर भाजपा नेता अश्विनी चौबे ने 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया था
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: भरत तिवारी एनकाउंटर को लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने सम्राट चौधरी सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए सभी दोषियों को जेल भेजने की मांग की थी। अभी तक इस मामले में कोई पुलिस वाला गिरफ्तार नहीं हुआ है।
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: भरत तिवारी के पिता पर भी पुलिस ने दर्ज की है एफआईआर
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: भरत तिवारी एनकाउंटर के बाद पुलिस ने उसके पिता काशीनाथ तिवारी और भाई चंदन तिवारी के खिलाफ भी एक एफआईआर दर्ज की है। इन दोनों पर घर में अवैध हथियार छिपाकर रखने और अपराधी को घर में पनाह देने का आरोप लगाया गया है।
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: भरत तिवारी के परिवार का आरोप- सरेंडर करने के बाद पुलिस ने मार डाला
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: भारत तिवारी एनकाउंटर के बाद परिवार ने आरोप लगाया था कि पुलिस ने लाइव वीडियो में उसके पिस्तौल फेंकने के बाद आत्मसमर्पण करवाकर मार दिया।
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: जिस गड्ढे को भरने के लिए आंदोलित थे भरत तिवारी, वहीं पुलिस ने मारा
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: भरत तिवारी कटाव पीड़ितों को बसने के लिए दिए गए गड्ढे को मिट्टी से भरने की मांग के लिए आंदोलित थे। भरत को पुलिस ने उसी गड्ढे के पास एनकाउंटर में मार गिराया।
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: गंगा कटाव पीड़ितों के लिए आवाज उठा रहे थे भरत तिवारी
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: भरत तिवारी गंगा कटाव के पीड़ितों के लिए आवाज उठा रहे थे। भरत तिवारी इलाके में सामाजिक कार्यों में लगे रहते थे।
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: शाहबुर के बिलौटी में एनएच 922 के पास ही महापंचायत, तैयारियां पूरी
Bharat Tiwari Encounter Mahapanchayat LIVE: भोजपुर के बिलौटी गांव में एनएच 922 के पास खाली मैदान में भरत तिवारी के लिए श्रद्धांजलि सभा और महापंचायत का आयोजन हो रहा है। गांव और आस-पास के इलाके के लोग तैयारियों में जुटे हुए हैं। भरत तिवारी की अंतिम यात्रा में हजारों लोगों की भीड़ जुट गई थी। एनकाउंटर के नाम पर हत्या के आरोप ने शाहपुर ही नहीं, भोजपुर और शाहाबाद इलाके में मुद्दे को गरमा दिया है। महापंचायत में ब्राह्मण संगठन काफी सक्रिय हैं, जिसकी वजह से यूपी से भी काफी लोगों के आने की चर्चा है।