कटिहार: जमीन विवाद बना जानलेवा हमला,मारपीट में घायल युवक की मौत
कोढ़ा के मूसापुर चौक पर जमीन विवाद को लेकर हुई हिंसक झड़प में अमरेश कुमार शर्मा की मौत हो गई। मारपीट के दौरान गंभीर चोटें लगने के बाद उन्हें स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन रास्ते में उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है और मामले की जांच कर रही है।

कोढ़ा। थाना क्षेत्र के मूसापुर चौक स्थित कर्बला मैदान के समीप जमीन विवाद को लेकर हुए हिंसक झड़प में एक युवक की मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान अमरेश कुमार शर्मा (पिता– विश्वनाथ शर्मा), निवासी जुराबगंज वार्ड संख्या–02, थाना कोढ़ा, जिला कटिहार के रूप में हुई है। घटना के बारे में बताया जाता है कि मूसापुर चौक के पास जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट की घटना हो गई। इस दौरान अमरेश कुमार शर्मा को गंभीर चोटें आईं और वे बुरी तरह जख्मी हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच पूर्णिया रेफर कर दिया।बताया जाता है कि पूर्णिया ले जाने के दौरान रास्ते में ही अमरेश कुमार शर्मा ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कटिहार भेज दिया है। मृतक की पत्नी के फर्दबयान के आधार पर स्थानीय थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है।घटना के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए त्वरित छापेमारी की और इस मामले में नामजद 4 आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में शंभू हांडी (56 वर्ष), विश्वनाथ हांडी (42 वर्ष), अजय हांडी (35 वर्ष) तथा राजकुमार हांडी (28 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी मूसापुर गांव, थाना कोढ़ा, के निवासी हैं।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई तेजी से की जा रही है। साथ ही क्षेत्र में किसी भी तरह की अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


