मुंगेर : जमालपुर में 8 लाख रुपये का गांजा बरामद, तस्कर भी गिरफ्तार
जमालपुर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और सीआईबी की टीम ने एक युवक वासुदेव मंडल को गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया। युवक के पास से लगभग 14 किलो 900 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत 8 लाख रुपये है। आरोपी ने यह गांजा बंगाल से खरीदकर सूरत ले जाने का प्रयास किया। जांच जारी है।

जमालपुर, निज प्रतिनिधि। जमालपुर रेलवे स्टेशन पर सोमवार को आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया। गिरफ्तार युवक की पहचान वासुदेव मंडल के रूप में हुई है, जो कल्याणपुर बंगाली टोला का निवासी है। उसके पिता का नाम ब्रह्मदेव मंडल बताया गया है। जानकारी के अनुसार, आरोपी भागलपुर–सूरत एक्सप्रेस से सूरत जाने की तैयारी में था और जमालपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर जनरल बोगी के पिछले हिस्से में बैठा था। इसी दौरान छापेमारी कर टीम ने उसके पास से लगभग 14 किलो 900 ग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी बाजार में कीमत करीब 8 लाख रुपये आंकी गई है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यह गांजा बंगाल से खरीदा था और इसे बेचने के लिए सूरत ले जा रहा था। यह पूरी कार्रवाई आरपीएफ जमालपुर यार्ड पोस्ट के राजीव नयन और आरपीएफ सीआईबी इंस्पेक्टर सुधांशु कुमार सुधा के नेतृत्व में की गई। टीम में सब इंस्पेक्टर जेआर मीना, एएसआई समीर दास, सहायक अभियंता राजीव, हेड कांस्टेबल अनुज यादव और कांस्टेबल रवि शामिल थे। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


