खगड़िया: घर में तोड़कर कर की लूटपाट, थाना में दिया आवेदन
चौथम थाना क्षेत्र के लगमा गांव में एक महिला का घर तोड़कर लूटपाट करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने भरपुरा गांव के कुछ लोगों पर आरोप लगाया है कि उन्होंने उसका घर तोड़कर सामान चुरा लिया। महिला ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।

चौथम से रवि शंकर कुमार की रिपोर्ट चौथम थाना क्षेत्र अंतर्गत लगमा गांव में एक महिला के घर को तोड़कर लूटपाट किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित महिला ने मंगलवार को भरपुरा गाँव के कुछ लोगों पर घर ध्वस्त कर सामान लूट लेने का गंभीर आरोप लगाते हुए चौथम थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की मांग की है। जानकारी के अनुसार सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के सिसौनी गांव निवासी लक्ष्मण मिस्त्री की पत्नी संजू देवी ने थाना में दिए आवेदन में बताया है कि उनके ससुराल सिसौनी में रहने के लिए जमीन नहीं थी।
काफी कठिन परिस्थितियों में उन्होंने उधार और कर्ज लेकर लगमा गांव में एक कठ्ठा जमीन खरीदी थी। महिला का कहना है कि उक्त जमीन का दाखिल-खारिज भी हो चुका है तथा नियमित रूप से सरकारी रसीद भी कट रही है। पीड़िता ने बताया कि खरीदी गई जमीन पर उन्होंने चारों तरफ बाउंड्री कराकर बीच में पिलर लगाते हुए फूस का घर बनाया था, जहां वह अपने परिवार के साथ रह रही थीं। बीते कुछ दिन पूर्व वह अपने मायके मालपा गांव गई हुई थीं। सोमवार को जब वह वापस घर लगमा लौटीं तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। उनका घर पूरी तरह टूटा हुआ था और घर में रखा सामान गायब था। महिला ने आरोप लगाया है कि भरपुरा गांव निवासी रामवारण सिंह, अमृत रंजन समेत उनके परिवार के अन्य लोगों ने घर सूना पाकर उनके घर का पिलर तोड़ दिया तथा घर में रखा सामान लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में चर्चा फटका माहौल बना हुआ है। पीड़ित महिला ने प्रशासन से मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। इधर चौथम थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि महिला द्वारा दिए गए आवेदन के आलोक में मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


