किशनगंज : हाथियों ने घर और फसल को किया नुकसान

Mar 05, 2026 05:38 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, भागलपुर
share

दिघलबैंक के सीमावर्ती इलाकों में जंगली हाथियों का उत्पात जारी है। कई गांवों में फसलों को भारी नुकसान पहुँचाने के बाद हाथियों ने बारोभांग गांव में दिन में डेरा डाल लिया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है, अन्यथा उनकी फसलें बर्बाद हो जाएँगी।

किशनगंज : हाथियों ने घर और फसल को किया नुकसान

दिघलबैंक, एक संवाददाता। सीमावर्ती इलाकों में जंगली हाथियों का उत्पात थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार तीन रातों से अलग-अलग गांवों में तबाही मचाने के बाद बुधवार को हाथियों के झुंड ने करूवामनी पंचायत के बारोभांग गांव के समीप मक्का खेतों में दिन के समय ही डेरा जमा लिया है और गुरूवार समाचार लिखे जाने तक हाथियों का झुंड बारहभांग के आसपास हीं डेरा डाले हुए है । इस सीजन में यह पहली बार है जब हाथियों ने रात के बजाय दिन में खेतों में ठहराव किया है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।ग्रामीणों के अनुसार सोमवार की रात धनतोला पंचायत के पांचगाछी और मोहामारी तेजनारायण टोला के पास मक्का की फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया गया।

मंगलवार की देर रात खोंसीटोला गांव में घुसे हाथियों ने मक्के की फसल रौंद डाली और एक गरीब परिवार के कच्चे घर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।बुधवार को तीन हाथियों का झुंड बारोभांग गांव पहुंच गया और प्राथमिक विद्यालय बारोभांग से लगभग 500 मीटर पश्चिम, नदी किनारे स्थित मक्का खेतों में लगातार डेरा डाले हुए है।हाथी लगातार फसलें नष्ट कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अब दिन में भी खेतों की रखवाली करना जोखिम भरा हो गया है।धनतोला पंचायत के मुखिया लखीराम हांसदा, वार्ड सदस्य मनमोहन सिंह समेत कई ग्रामीणों ने बताया कि तीन दिनों से हाथियों का झुंड गांवों में प्रवेश कर रहा है, लेकिन वन विभाग की टीम अब तक मौके पर नहीं पहुंची है। पूर्व में विभाग की ओर से कैंप लगाकर निगरानी की बात कही गई थी, पर अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो हर वर्ष की तरह इस बार भी किसानों की मेहनत पर पानी फिर जाएगा। लोगों ने वन विभाग से तत्काल कैंप स्थापित कर हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने की मांग की है। वहीं हाथियों के इस सीजन में पहली बार डेरा डाले जाने को लेकर पूछे जाने पर वन पाल मुकेश कुमार ने बताया कि सीमावर्ती गांव में हाथियों के घुस आने की सूचना पर एक स्थनीय एलिफेंट ट्रैकर को भेजा गया है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।