39 सालों में सरकार ने नहीं सुनी बुनकरों की बात: बुनकर संघर्ष समिति
39वें शहादत दिवस पर याद किए गए शहीद बुनकर सैकड़ों की तादाद में जुटे
नाथनगर, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। चंपानगर के मदनीनगर चौक स्थित एक मैदान में सैकड़ों की तादाद में बुनकरों ने सोमवार को बुनकर शहादत दिवस मनाया। इस दौरान शहीद बुनकर शशि कुमार, मो. जहांगीर और गंगा प्रसाद को अतिथियों, नेताओं समेत समिति के लोगों ने यादकर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हे श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष सह नगर निगम वार्ड सात के पार्षद मो. नेजाहत अंसारी ने कहा कि आज 39वां बुनकर शहादत दिवस है। एकजुट होकर हम बुनकर संकल्प लें की जो सपना शहीद बुनकर के अधूरे रह गए उन्हें हम पूरा करेंगे। 19 जनवरी 1987 से लेकर आजतक बुनकरों ने अपनी बुनियादी समस्या को दूर करने की मांग को लेकर सरकार से लड़ाई लड़ी, लेकिन 39 साल बीत गए बुनकरों की एक भी मांग सरकार ने पूरी नहीं की।
निगम के डिप्टी मेयर डॉ. सलाहउद्दीन अहसन ने कहा कि देश की आजादी के बाद बुनकरों को राष्ट्रीय ऊर्जा का मुकाम दिया गया है, लेकिन बुनकरों या उनके बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए सरकार ने कभी कोई ठोस कदम नहीं उठाया। बुनकर नेता मो. अय्याज अंसारी ने कहा कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भागलपुर को सिल्क सिटी के नाम से जाना जाता है और जिसका श्रेय बुनकर भाइयों को जाता है। बुनकरों को एकजुट होने की जरूरत है तभी हमारी मांग सरकार पूरी कर सकती है। सिकंदर आजम ने कहा कि बुनकरों द्वारा अभी भी 75% सब्सिडी काटकर 25% बिजली बिल का भुगतान किया जा रहा है। इसको मुख्यमंत्री गजट में सरकार लाकर बुनकरों का हौसलाअफजाही करें। महासचिव मो. असफाक अंसारी ने कहा कि बुनकर परिवार एकजुट होकर बिजली विभाग के अधिकारियों को प्रीपेड मीटर लगाने से रोकने का काम करेंगे। पहले वाला ही बिजली मीटर को हर हाल में लगाना पड़ेगा। संजय कुमार यादव ने बताया कि बुनकरों की मुख्य मांग में बुनकरों के लिए अलग बिजली टैरिफ बनाने की है। इसके अलावा भी कई मांगें हैं जो सरकार पूरा करें। मौके पर सैफुल्लाह अंसारी, जुम्मन अंसारी, मेराउद्दीन, शांति दूत प्रमुख नीलम देवी, जॉनी, पार्षद जाबिर अंसारी, शाने अब्दुल करीम आदि मौजूद थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




