पहाड़ों से आई ठंडी हवाओं से दिन के शुष्क मौसम में घुला सर्द का रंग
भागलपुर में मंगलवार की सुबह सूरज चमक रहा था, लेकिन पछुआ हवाओं ने हल्की सर्दी का एहसास कराया। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिन में दिन के तापमान में 1 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी। अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री और न्यूनतम 12.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

भागलपुर, वरीय संवाददाता। मंगलवार की सुबह से ही आसमान में सूरज चमक रहे थे। इस दौरान पछुआ हवाओं संग पहाड़ों से आई ठंड ने दिन में लोगों को हल्की सर्द का एहसास करा दिया। वहीं रात का पारा चढ़ने के बावजूद ओस भरी पछुआ हवाओं ने लोगों को सर्द रात में कनकनी का एहसास दिला दिया। भारतीय मौसम विभाग के अनुमानों की माने तो अभी अगले दो दिन में दिन के तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी के कारण दिन में बची-खुची कनकनी खत्म हो जाएगी। वहीं शुष्क मौसम लोगों को गुनगुनी गर्मी का एहसास कराएगा। 1.1 डिसे लुढ़का दिन का पारा, रात के तापमान में 0.4 डिसे की बढ़ोतरी बीते 24 घंटे के मौसम की बात करें तो इस दौरान जहां दिन का पारा 1.1 डिग्री सेल्सियस लुढ़क गया, वहीं रात का पारा 0.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई।
मंगलवार को अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री व न्यूनतम 12.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य तापमान से क्रमश: 0.6 डिग्री व 2.4 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। मंगलवार की सुबह साढ़े आठ बजे 85 प्रतिशत रही आर्द्रता शाम साढ़े पांच बजे तक कम होकर 68 प्रतिशत पर आ गई। वहीं बीते 24 घंटे में 2.2 किमी प्रति घंटे की औसत रफ्तार से पछुआ बही। आज और कल के बीच एक डिग्री सेल्सियस तक चढ़ेगा दिन का पारा बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. बीरेंद्र कुमार ने बताया कि अगले दो दिन यानी 18 दिसंबर तक दिन के तापमान में एक डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है। जिससे सूरज की धूप गुनगुनी गर्मी का एहसास कराएगी। वहीं रात के तापमान में कोई खास परिवर्तन नहीं होगा। हां, रात में ओस पड़ने व हल्की सर्द पछुआ हवाओं के कारण ठंड संग कनकनी का एहसास होगा। इस दौरान दो से तीन किमी प्रति घंटे की औसत रफ्तार से पछुआ बहेगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



