
धूप-छांव के बीच गुजरा दिन, गर्मी से ज्यादा तो उमस ने छुड़ा दिए पसीने
भागलपुर में गर्मी से राहत मिली, लेकिन उमस बनी रही। मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी का अनुमान है। शनिवार को कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। दिन का पारा 33.3...
भागलपुर, वरीय संवाददाता। शुक्रवार को गर्मी से राहत मिली तो दिन धूप-छांव के बीच गुजरा। गर्मी के तेवर तल्ख हुए लेकिन गर्मी से ज्यादा उमस ने लोगों के पसीने निकाल दिए। हालांकि शाम को मौसम में बदलाव की आहट दिखी, लेकिन फिर से माहौल गर्म हो गया और गर्मी-उमस परेशान करने लगी। भारतीय मौसम विभाग के अनुमानों की माने तो अगले चार दिन तक हल्की बारिश या बूंदाबांदी वाला मौसम रहेगा। शनिवार को जिले में एक से दो जगहों पर भारी बारिश होने का अनुमान जताया गया है। वहीं बारिश वाले मौसम के कारण गर्मी से राहत मिलेगी, हालांकि उमस से परेशानी होती रहेगी।
1.4 डिसे उछला दिन का पारा, 0.8 डिसे नीचे आया रात का पारा बीते 24 घंटे के मौसम की बात करें तो इस दौरान जहां दिन का पारा 1.4 डिग्री सेल्सियस उछल गया वहीं रात का पारा 0.8 डिग्री सेल्सियस नीचे आ गया। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य तापमान से 0.2 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य तापमान से 1.3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। शुक्रवार की सुबह साढ़े आठ बजे 83 प्रतिशत रही आर्द्रता शाम साढ़े पांच बजे तक कम होकर 79 प्रतिशत पर आ गई। वहीं बीते 24 घंटे में 3.6 किमी प्रति घंटे की औसत रफ्तार से पूर्वी हवा बही। आज से 16 सितंबर के बीच हल्की बारिश या बूंदाबांदी का अनुमान बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. बीरेंद्र कुमार ने बताया कि शनिवार से 16 सितंबर के बीच आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। शनिवार को जहां जिले के एक से दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है वहीं अन्य स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने का अनुमान है। जबकि रविवार से लेकर 16 सितंबर के बीच जिले के एक से दो चरणों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी होगी। इस अवधि में दिन का पारा तीन डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ सकता है, जबकि रात के तापमान में डेढ़ से दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




