Bhagalpur News: 23 तक जिले में बारिश का अनुमान, तेज हवाएं चलेंगी
Bhagalpur News: किसानों के लिए जारी की गई है एडवाइजरी बीएयू के मौसम विभाग विभाग ने

Bhagalpur News: भागलपुर, वरीय संवाददाता। भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार बिहार कृषि विवि (बीएयू) सबौर ने कृषि एडवाइजरी जारी की है। पूर्वानुमान की अवधि में 23 अगस्त तक जिले के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवा चलने एवं हल्की बारिश का अनुमान है। अधिकतम तापमान 33-34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26-27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। सापेक्ष आर्द्रता सुबह में 80-90 प्रतिशत तथा दोपहर में 60-70 प्रतिशत रहने की संभावना है। पूर्वानुमान अवधि में 10-15 किमी/घंटा की गति से पूरबा हवा चलने का अनुमान है। यह जानकारी बीएयू के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा के नोडल अधिकारी डॉ. बीरेंद्र कुमार ने दी।
किसानों के लिए सलाह
मौसम वैज्ञानिक डॉ. नेहा पारिक ने किसानों के लिए कहा कि वे धान की सुगन्धित किस्मों की रोपाई प्राथमिकता से करें। धान रोपित खेतों में 10 किग्रा प्रति हेक्टेयर की दर से एल्गी कल्चर का प्रयोग करें। खेत में जलजमाव बनाये रखें। जुलाई माह में रोपे गये धान में नत्रजन (यूरिया) का उपरिवेशन करें। धान की रोपाई के 45-50 दिनों बाद यूरिया का दूसरा उपरिवेशन करें। अरहर में आवश्यकतानुसार गैप फिलिंग, छंटाई तथा निकाई-गुड़ाई करते रहना चाहिए। सितम्बर वाली अरहर के लिए खेत की तैयारी कर लेनी चाहिए।
जिले में वर्षा के कारण गर्मी से मिली राहत
जिले में सोमवार की रात से हुई बारिश के बाद से लोगों को भीषण कर्मी से राहत मिली है। मंगलवार को भी सुबह तेज हवा और बूंदाबांदी के कारण मौसम खुशनुमा रहा। जिले में 9.5 एमएम वर्षा दर्ज की गई है। इसके अलावा अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस था। सापेक्ष आर्द्रता सुबह 6.40 बजे 92 प्रतिशत जबकि दोपहर 1.40 बजे 97 प्रतिशत रही। पूर्वा हवा की रफ्तार 8.4 किमी/घंटा रही। उक्त जानकारी बीएयू के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा के नोडल अधिकारी डॉ. बीरेंद्र कुमार ने दी।


