चार दिन बाद शहर में बहाल हुई जलापूर्ति व्यवस्था, देर रात तक होगा सड़क निर्माण

Mar 02, 2026 12:57 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, भागलपुर
share Share
Follow Us on

भागलपुर में महात्मा गांधी पथ पर बरारी वाटर वर्क्स की मुख्य पाइपलाइन चार दिन बाद रविवार को ठीक की गई। एक टेलीकॉम कंपनी के संवेदक द्वारा पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के बाद नगर निगम ने 100 फीट सड़क खुदाई की। मरम्मत के बाद पानी की आपूर्ति बहाल कर दी गई और यातायात व्यवस्था में सुधार किया जा रहा है।

चार दिन बाद शहर में बहाल हुई जलापूर्ति व्यवस्था, देर रात तक होगा सड़क निर्माण

भागलपुर, वरीय संवाददाता। महात्मा गांधी पथ स्थित सीएस कंपाउंड के सामने बरारी वाटर वर्क्स की मुख्य पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के चार दिन बाद रविवार देर शाम जलापूर्ति व्यवस्था बहाल हुई। मिली जानकारी के अनुसार एक टेलीकॉम कंपनी के संवेदक के द्वारा अंडरग्राउंड वायरिंग के कार्य के दौरान पानी की मुख्य पाइपलाइन फट गई थी। क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को ठीक करने के लिए नगर निगम को करीब 100 फीट सड़क की खुदाई कर पाइपलाइन को निकालना पड़ा। कुल तीन पाइप को बदलने के बाद रविवार देर शाम आखिरकार किए गए परीक्षण में सफलता मिली। जिसके बाद शहर में जलापूर्ति व्यवस्था बहाल कर दी गई।

जलकल शाखा प्रभारी वशिष्ठ नारायण चौधरी ने बताया कि पहले दिन खुदाई के बाद जिस जगह पाइप फटे होने की जानकारी मिली थी उसे शनिवार दिन में ही ठीक कर दिया गया था। पर जैसे ही उक्त जगह की मरम्मत और पाइप को बदलने के बाद पानी को पाइप में छोड़ा गया तो एक और जगह पाइप फटे होने का पता चला। जिसके बाद शनिवार देर रात तक खुदाई की गई और रविवार को दिन भर पाइप बदलने का कार्य किया गया। जलकल शाखा प्रभारी ने बताया कि रविवार देर रात गड्ढे को भरने और पाइप के पास ढलाई करने का कार्य किया जा रहा है। वहीं सुबह तक खुदाई के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़क और खराब हुए पेवर ब्लॉक को भी व्यवस्थित कर दिया जाएगा। ताकि सोमवार को यातायात व्यवस्था भी सुदृढ़ की जा सके। महात्मा गांधी पथ पर परिचालन पर दिन भर रहा प्रतिबंध नगर निगम की ओर से रविवार को युद्धस्तर पर किए जा रहे मरम्मत के कार्य को लेकर भागलपुर यातायात पुलिस से उक्त सड़क पर ब्लॉक की मांग की गई थी, ताकि नगर निगम के कार्य में किसी तरह की रुकावट न हो। इसको लेकर यातायात पुलिस की ओर से तीन अलग अलग जगहों पर बैरिकेडिंग लगा कर दो चक्का वाहनों को छोड़ सभी तरह के वाहनों के परिचालन पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया था। कचहरी चौक, होटल पंचवटी और घंटाघर चौक पर बैरिकेडिंग लगाकर वाहनों को डायवर्ट किया जा रहा था। तिलकामांझी, निगम चौक और भीखनपुर की ओर से महात्मा गांधी पथ की ओर जाने वाले वाहनों को भीखनपुर और निगम चौक की ओर से डायवर्ट कर दिया गया था। वहीं डीटीओ कार्यालय की ओर से आने वाले वाहनों को कचहरी चौक की तरफ डायवर्ट किया गया था। वहीं पटल बाबू रोड और खलीफाबाग चौक की ओर से आने वाले वाहनों को राधा रानी सिन्हा रोड की तरफ डायवर्ट किया गया था। हालांकि रविवार होने की वजह से सड़कों पर वाहनों का दबाव भी कम रहा। रोड डायवर्ट किए जाने की वजह से कहीं भी जाम की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।