टूटे पाइप की दिनभर होती रही मरम्मत, पानी को तरसे दर्जनों मोहल्ले के लोग
फॉलोअप.... फोटो नगर निगम की टीम पाइपलाइन को मरम्मत करने में जुटी पाइपलाइन की

भागलपुर, वरीय संवाददाता। शहर के महात्मा गांधी पथ स्थित सीएस कंपाउंड के सामने तोड़ी गई जलापूर्ति पाइपलाइन की मरम्मत का काम दिनभर चलता रहा। नगर निगम की टीम ने पाइप को बदलने के लिए सबसे पहले सड़क के किनारे जेसीबी से खोदकर एक विशाल गड्ढा किया। फिर करीब 15 फीट लंबी पाइपलाइन को दो छोर से काटकर निकाला गया। इसकी जगह पर नया पाइप लगाने की प्रक्रिया देर शाम तक जारी रही। पुराने पाइपलाइन के साथ नए पाइप के दोनों छोर को वेल्डिंग कर जोड़ा जा रहा है। मरम्मत कार्य में लगे कर्मियों ने बताया कि जबतक पाइपलाइन को दुरुस्त नहीं किया जाएगा तबतक काम जारी रहेगा।
दरअसल, गुरुवार को एक टेलीकॉम कंपनी की ओर से अंडरग्राउंड केबल बिछाने के दौरान ड्रिल मशीन की ठोकर से जलापूर्ति पाइप फट गया था। पाइपलाइन फटते ही सड़क पर तेजी से पानी बहने लगा। भीड़भाड़ वाली सड़क पर काफी पानी फैल गया। पानी के कारण काफी देर तक सड़क पर वाहन चालकों व राहगीरों को असुविधा हुई। सूचना मिलने के बाद पानी के सप्लाई को बंद कर दिया गया। पेयजल के लिए तरसते रहे सैकड़ों परिवार पाइपलाइन की मरम्मत के कारण इलाके के दर्जनों मोहल्लों में पानी की सप्लाई दूसरे दिन भी बाधित रही। घरों में पानी की आपूर्ति नहीं होने के कारण मुंदीचक, घंटाघर, मुख्य बाजार, कोतवाली व आसपास के इलाकों में हजारों लोग परेशान रहे। पानी के अभाव में लोगों की दिनचर्या बुरी तरह प्रभावित हुई। नगर निगम की जलापूर्ति पर निर्भर रहने वाले परिवार को सबसे अधिक तकलीफ हुई। पीने और भोजन बनाने के लिए प्रभावित परिवारों ने 20 लीटर का जार खरीदा। वहीं घर, बर्तन व कपड़े की साफ-सफाई का काम पूरा करने में काफी मुश्किल हुई। इधर, आमलोगों की मांग के बाद प्रभावित इलाकों में कुछ जगहों पर पानी का टैंकर भेजा गया। हालांकि यह व्यवस्था आमलोगों के लिए नाकाफी रही। रुक-रुककर सड़क पर लगता रहा जाम जिस जगह पर पाइपलाइन की मरम्मत का काम किया जा रहा था। वहां पर दिनभर वाहनों का रुक-रुककर जाम लगता रहा। मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस के कर्मी दोनों ओर से वाहनों को निकालते रहे। पाइप की मरम्मत के लिए नाला, पैदल पथ व सड़क के एक हिस्से को भी तोड़ा गया था। सड़क के किनारे पड़े मलबा के कारण वाहनों को गुजरने में दिक्कत हुई। पुलिसकर्मियों को इस बात का भय था कि कहीं असंतुलित होकर कोई वाहन या पैदल यात्री गड्ढे में न गिर जाए। ---------------- कोट ---- पेयजल आपूर्ति के लिए क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत का काम गुरुवार सुबह से ही जारी है। उम्मीद है कि शुक्रवार आधी रात तक काम पूरा कर दिया जाएगा। आमलोगों के घरों में शनिवार सुबह को पानी की सप्लाई की जाएगी। टेलीकॉम कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू होगी। -असगर अली, नगर प्रबंधक, नगर निगम
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



