Hindi NewsBihar NewsBhagalpur NewsWater Supply Issues in Ward 28 Residents Rely on Public Wells
बोले भागलपुर: फेरी रोड लेन में जलापूर्ति की व्यवस्था व जर्जर सड़क बने

बोले भागलपुर: फेरी रोड लेन में जलापूर्ति की व्यवस्था व जर्जर सड़क बने

संक्षेप:

भागलपुर के वार्ड नंबर 28 के फेरी रोड में जलापूर्ति की गंभीर समस्या है। यहां की 12 हजार आबादी में से करीब 8 हजार मतदाता हैं। लोगों को पानी खरीदकर पीना पड़ता है और जर्जर सड़कों के कारण आवागमन में दिक्कत...

Sep 03, 2025 08:18 pm ISTYogendra Rai हिन्दुस्तान, भागलपुर
share Share
Follow Us on

भागलपुर नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत वार्ड नंबर 28 के फेरी रोड लेन में हजारों की आबादी निवास करती है। जिसमें बड़ी आबादी ऐसे परिवारों की है जो मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करते हैं। करीब 12 हजार आबादी वाले वार्ड नंबर 28 में वोटर की संख्या करीब आठ हजार है। यहां पानी के साथ जर्जर सड़क से भी परेशानी हो रही है। इस इलाके में जलापूर्ति की समस्या लोगों के लिए बड़ी परेशानी है। कई घरों में लोगों को पानी खरीदकर पीना पड़ता है। दो वार्ड में करीब 20 हजार की आबादी जलापूर्ति की समस्या झेल रही है। बुडको द्वारा पानी की आपूर्ति के लिए कई इलाके में पाइपलाइन बिछायी गयी है, लेकिन फेरी रोड में पाइपलाइन बिछाने के बावजूद घरों तक पानी का कनेक्शन नहीं होने से लोगों को प्याऊ के भरोसे अपना काम करना पड़ता है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

फेरी रोड मधु चौक बरारी, वार्ड नंबर 28 में जलापूर्ति की समस्या है। महिलाओं और बच्चों को पानी ढोकर लाना पड़ता है। बरारी वाटर वर्क्स से आने वाली बोरिंग काफी पुरानी हो गई है। उसका पानी गंदा और बदबूदार होता है। पीने के लिए लोगों को पानी खरीदना पड़ता है। बुडको द्वारा पानी की आपूर्ति दुरुस्त कराने के लिए हर घर नल का जल की सुविधा सुनिश्चित कराई जानी चाहिए, ताकि जलापूर्ति की समस्या से लोगों को राहत मिल सके। साफ सफाई की व्यवस्था ठीक नहीं होने के कारण सड़कों और खाली जगहों पर कूड़ा पसरा रहता है। नाला जाम रहने से बारिश और नाला का पानी सड़कों पर जमा हो जाता है। जिससे आवागमन में असुविधा होती है। इलाके में अतिक्रमण लोगों के लिए बड़ी समस्या बनती जा रही है। रात के वक्त इलाके में जगह जगह रास्ते पर ई रिक्शा खड़ी रहने से आवागमन पर असर पड़ता है। रात के वक्त वाहन लेकर आने या विशेष परिस्थिति में कहीं जाने के दौरान गाड़ी निकालना मुश्किल हो जाता है। प्रशासन द्वारा फेरी रोड समेत आसपास के इलाके से अवैध निर्माण के साथ सड़क पर ई रिक्शा समेत हर प्रकार से किए जाने वाले अतिक्रमण को हटाया जाना चाहिए। ताकि विशेष परिस्थिति में आवागमन प्रभावित नहीं हो।

जिन गलियों में कभी बैलगाड़ी जाया करती थी वहां अब मोटरसाइकिल जाना भी मुश्किल होने लगा है। इससे आगजनी या बीमारी के समय दमकल और एंबुलेंस नहीं आ सकती है। इलाके की कई सड़के अब भी जर्जर हैं, जिसका प्रशासन द्वारा निर्माण कराया जाय। ताकि लोगों को आवागमन में सुविधा हो। मध्य विद्यालय में अनुशासन की कमी और पठन-पाठन की लचर व्यवस्था के कारण बच्चे समय से पहले विद्यालय छोड़कर निकल जाते हैं। सरकार द्वारा शैक्षणिक विकास के लिए जरूरी सुविधाओं के साथ पठन पाठन और बच्चों को अनुशासित करना चाहिए। इलाके में सामुदायिक शौचालय और सामुदायिक भवन का निर्माण कराया जाय। ताकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के लोगों को शादी विवाह या किसी अन्य कार्यक्रम में सहूलियत हो। इस रोड से गंगा स्नान करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु गुजरते हैं, लेकिन फेरी रोड में सार्वजनिक शौचालय और स्नानागार नहीं रहने के कारण प्याऊ के पास सड़क किनारे ही महिलाओं को स्नान करना पड़ता है। जिससे स्थानीय लोगों के साथ इस रास्ते से गुजरने वाले असहज महसूस करते है। बिजली के पोल पर स्ट्रीट लाइट की सुविधा हो ताकि लोगों को अंधेरे के आवागमन में होने वाली समस्या दूर हो। वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के साथ नदी में गंदे पानी को जाने से रोकने के लिए प्रशासन द्वारा सिवरेज ट्रीटमेंट प्लांट तैयार कर गंगा की स्वच्छता सुनिश्चित की जाय। ताकि गंगा का पानी पीने के लायक बन सके।

वार्ड नंबर 28 के पार्षद प्रतिनिधि मो. जफर ने बताया कि मधु चौक दुर्गा स्थान के पास पानी निकासी के लिए काफी साल पहले निर्मित पुलिया धंस जाने से इलाके के लोगों को आने जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसको लेकर उन्होंने नगर निगम में प्रस्ताव देकर पुलिया निर्माण कराने की मांग की है। हाउसिंग बोर्ड में बनी जलमीनार से महज 20 मिनट ही पानी की आपूर्ति होती है, जिसके कारण हजारों की आबादी को पानी की जरूरत पूरी नहीं होती है। लोगों को प्याऊ के भरोसे काम चलाना पड़ता है। बरारी वाटर वर्क्स के पानी में दुर्गंध आती है, जबकि पिछले कुछ दिनों से वह पानी आना भी बंद है। बुडको द्वारा फेरी रोड और इसकी सभी गलियों में पाइपलाइन बिछाकर घर घर कनेक्शन सुनिश्चित किया जाय। साथ ही लोगों की सुविधा के लिए जलमीनार से जलापूर्ति जल्द शुरू कर दिन में दो से तीन बार मोटर चलाया जाय। उन्होंने बताया कि पानी की सुविधा के लिए कई जगहों पर नगर निगम द्वारा प्याऊ लगवाया गया। हाउसिंग बोर्ड जलमीनार और रजंदीपुर में निर्मित वाटर प्लांट से बरारी वाटर वर्क्स के माध्यम से घर घर पानी की आपूर्ति जल्द सुनिश्चित कराए जाने से इलाके की बड़ी आबादी को पानी आपूर्ति की समस्या से राहत मिलेगी। बुडको द्वारा 25 अगस्त तक रजंदीपुर प्लांट से बरारी वाटर वर्क्स के माध्यम से पानी की सप्लाई शुरू करने की बात कही गई थी, लेकिन कुछ तकनीकि कारणों से काम पूरा नहीं होने से अब इसकी समय सीमा आगे बढ़ा दी गई है।

गुड्डू यादव ने बताया कि फेरी रोड में पानी की पाइपलाइन बिछाने के लिए बुडको द्वारा सड़क काटी गयी, लेकिन काम पूरा करने के बाद टूटी सड़क का निर्माण नहीं कराया गया, जिसके कारण इलाके के लोगों के साथ इस रास्ते से गुजरने वाले लोगों और स्कूली बच्चों को परेशानी होती है। असामाजिक तत्वों पर लगाम लगाने के लिए इलाके के दोनों स्कूल बालिक और बालक मध्य विद्यालय बरारी में सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था की जाय। शाम होने के बाद नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों की गतिविधि बढ़ जाती है। इसपर रोक लगाने के लिए नियमित पुलिस पेट्रोलिंग के साथ सूखा नशे के कारोबार पर रोक लगनी चाहिए। नशे की चपेट में आकर युवा पीढ़ी अपने रास्ते से भटक कर शिक्षा और अपने लक्ष्य से दूर हो रही है। खासकर स्कूली बच्चों पर भी इसका बुरा प्रभाव पड़ता है। विद्यालय में पठन-पाठन की व्यवस्था में सुधार किया जाय। ताकि स्कूली छात्र छात्राओं को सरकारी योजनाओं के लाभ के साथ सही शिक्षा मिल सके।

इनकी भी सुनिए

वार्ड नंबर 28 में पानी की समस्या से बड़ी आबादी को काफी संकट का सामना करना पड़ रहा है। कम सफाईकर्मी मिलने से वार्ड में नाला सफाई और नियमित कूड़ा उठाव नहीं हो पाता है।

-मो. जफर, पार्षद प्रतिनिधि

बिजली के सभी पोल पर स्ट्रीट लाइट लगायी जाय। लाइट नहीं लगने से अंधेरे में घर से निकलने में समस्या होती है। बिजली पोल पर तार नहीं लगाने से दूर से बिजली कनेक्शन लेना पड़ता है।

-भिखारी राम

बरारी फेरी रोड की हालत जर्जर है। इस रास्ते से गुजरने वाली बड़ी आबादी को आवागमन में परेशानी होती है। बालक मध्य विद्यालय परिसर में बने प्याऊ का पानी सड़क पर बहता है।

-गौमत कुमार

रोजगार की व्यवस्था के लिए सरकार द्वारा कारखाना खोला जाना चाहिए। ताकि लोगों को नौकरी की तलाश में पलायन नहीं करना पड़े। महिलाओं को स्वरोजगार के लिए लोन मुहैया करायी जाय।

-जानकी राम

फेरी रोड में जर्जर पड़ी सड़क का निर्माण कराया जाय। बुडको द्वारा सड़क खोदकर छोड़ दी गई, जिससे आने जाने में दिक्कत होती है। बालक मध्य विद्यालय में नाईट गार्ड की व्यवस्था हो।

-भासो देवी

फेरी रोड में बड़ी आबादी आर्थिक रूप कमजोर और मजदूर वर्ग की है। सरकार द्वारा इलाके में सभी आंगनबाड़ी केंद्र का अपना भवन बनाया जाय। सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराया जाय।

-राजेन्द्र पोद्दार

प्रशासन से वृद्धा पेंशन का लाभ नहीं मिलता है। कापूरी मोदी घाट रोड और फेरी रोड की बड़ी आबादी को पानी की समस्या होती है। सरकार द्वारा अलग से बोरिंग कराया जाय।

-प्रमिला देवी

मजदूरी कर अपना परिवार चलाते हैं। पानी की समस्या होने के कारण मस्जिद और दूसरी जगह से पानी ढोकर लाना पड़ता है। नगर निगम द्वारा पानी की सुविधा सुनिश्चित की जाय।

-बीवी हमीदा

हर घर नल जल योजना का लाभ नहीं मिला नहीं है। नगर निगम और बुडको द्वारा सप्लाई पानी की सुविधा नहीं मिल पाने से दिक्कत होती है। बरारी वाटर वर्क्स का पानी आना बंद है।

-दीपांकर

बियाडा में उद्योग को बढ़ावा मिले तो स्थानीय लोगों को रोजगार का अवसर मिलेगा। घर और परिवार छोड़कर दूर जाने से काफी परेशानी होती है। अन्य राज्यों में रोजगार के लिए जाना पड़ता है।

-ज्योति कुमार

गरीब परिवार को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का लाभ मिलना चाहिए। योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराने के लिए प्रशासन द्वारा लोगों के बीच जागरूकता अभियान चलाया जाना चाहिए।

-नटैय मल्लिक

घर तक पानी नहीं पहुंचने के कारण काफी परेशानी होती है। पिछले चार वर्षों से आपूर्ति बंद होने से पानी की घरेलू जरूरतों के लिए दिक्कत होती है। जलापूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित होनी चाहिए।

-नंदलाल सिंह

फेरी रोड के बौना राय लेन गली में पानी का पाइप नहीं बिछाया गया है। जिसके कारण सप्लाई पानी का कनेक्शन नहीं है। अतिक्रमण के कारण सड़क की चौड़ाई काफी कम हो गई है।

-भानू पासवान

योग्यता के अनुसार वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन और विकलांगता पेंशन का लाभ सुनिश्चित कराया जाना चाहिए। घर में पानी नहीं के कारण प्याऊ और अन्य जगह से पानी ढोकर लाना पड़ता है।

-बिना देवी

शाम होने के बाद नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों की गतिविधि बढ़ जाती है। नियमित पुलिस पेट्रोलिंग के साथ सूखा नशे के कारोबार पर रोक लगे। नशे से युवा पीढ़ी शिक्षा से दूर हो रही है।

-गुड्डू यादव

पानी की पाइपलाइन बिछाने के बाद बुडको द्वारा सड़क खुदाई कर जर्जर सड़क छोड़ दी गई है। सड़क की मरम्मत करान चाहिए सरकार द्वारा उन्हें वृद्धा पेंशन योजना का लाभ मिलना चाहिए।

-कृष्णा देवी

शिकायत

1. पानी के आपूर्ति की समस्या के कारण वार्ड नंबर 28 के फेरी रोड की बड़ी आबादी को प्याऊ पर निर्भर रहना पड़ता है।

2. फेरी रोड में पानी की पाइपलाइन बिछाने के क्रम में बुडको द्वारा सड़क की खुदाई कर टूटी सड़क छोड़ दी गई है।

3. वार्ड नंबर 28 में 25 की जगह 14 सफाईकर्मी मिले है, जिससे इतने बड़े वार्ड की नियमित सफाई नहीं हो पाती है।

4. सड़क पर ऑटो-टोटो या अन्य सभी तरह के अतिक्रमण से सड़क पर आवागमन प्रभावित होता है। रात में परेशानी होती है।

5. कई जगहों पर बिजली का पोल नहीं है। कुछ जगहों पर पोल लगाने के बावजूद तार का कनेक्शन नहीं किया गया है।

सुझाव

1. वार्ड नंबर 28 के फेरी रोड में और आसपास के इलाके में जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए घर घर कनेक्शन दिया जाय।

2. बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए विद्यालय में पठन-पाठन की व्यवस्था में सुधार किया जाय। स्कूल में गार्ड की तैनाती हो।

3. हाउसिंग बोर्ड में बनी जलमीनार से होने वाली जलापूर्ति का समय बढ़ाया जाय। दिन में दो बार मोटर चलाने की व्यवस्था हो।

4. सामुदायिक शौचालय और सामुदायिक भवन का निर्माण कराया जाय। ताकि लोगों को कार्यक्रम करने में सहूलियत हो।

5. कूड़ा उठाव और नाला की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के लिए वार्ड में सफाईकर्मियों की संख्या और संसाधन बढ़ाया जाय।

प्रस्तुति: रविशंकर, फोटोग्राफ: संजीव