ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार भागलपुरबिहार: मूसलाधार बारिश से नदियां उफान पर, सताने लगा बाढ़ का डर

बिहार: मूसलाधार बारिश से नदियां उफान पर, सताने लगा बाढ़ का डर

तीन दिनों से हो रही बारिश से कोसी और सीमांचल में नदियों के जलस्तर में वृद्धि जारी है। कोसी के जलस्तर में वूद्धि के कारण सहरसा, सुपौल और मधेपुरा जिले के निचले इलाकों में नदियों का पानी फैलने लगा है।...

बिहार: मूसलाधार बारिश से नदियां उफान पर, सताने लगा बाढ़ का डर
भागलपुर। हिन्दुस्तान टीम Wed, 04 Jul 2018 07:32 AM
ऐप पर पढ़ें

तीन दिनों से हो रही बारिश से कोसी और सीमांचल में नदियों के जलस्तर में वृद्धि जारी है। कोसी के जलस्तर में वूद्धि के कारण सहरसा, सुपौल और मधेपुरा जिले के निचले इलाकों में नदियों का पानी फैलने लगा है। जबकि अररिया और किशनगंज में भी नदियां उफान पर हैं।

सहरसा में बारिश के कारण उफनाई कोसी नदी से सलखुआ क्षेत्र में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। तटबंध के अन्दर कई गांवों के निचले हिस्से में पानी फैल गया है। अचानक पानी के आने से सलखुआ के सितुआहा पाठकटोल, बनगांमा, कोतवलिया, बहुअरवा भरना, पाठकटोल, घोरमांहा, ताजपुर, पचभीरा के अलावे कई जगह का रास्ता अवरुद्ध हो गया है।  सुपौल में कोसी सहित सहायक नदी तिलयुगा, सुरसर और गैड़ा के निचले इलाके में पानी प्रवेश कर जाने के कारण लोग गांव छोड़ ऊंचे स्थानों पर जाने लगे हैं। कोसी नदी में पानी बढ़ जाने के कारण घोघररिया, खुखनाहा सहित अन्य गांवों में पानी घुस गया है। वहीं सुरसर नदी में पानी बढ़ जाने से छातापुर प्रखंड के कई गांवों में पानी फैल गया है।

मधेपुरा में भी कोसी नदी के जलस्तर में भी वृद्धि हुई है। आलमनगर के सुखाड़ घाट में करीब डेढ़ फीट पानी बढ़ा है। जलस्तर में वृद्धि होने से निचले इलाके में पानी फैल रहा है।

कटिहार में महानंदा, गंगा और कोसी नदी  के जलस्तर में वृद्धि  हुई है। महानंदा नदी में 40 सेंटीमीटर वृद्धि  दर्ज की गयी है। जबकि गंगा के जलस्तर में 12 और कोसी के जलस्तर में 15 सेंटीमीटर वृद्धि दर्ज की गयी है।  अररिया के कुर्साकांटा में  पिछले तीन दिनों से हो रही बारिश के कारण प्रखंड क्षेत्र होकर बहने वाली बकरा, भलुआ, बरजान, लोहंदरा, लवकटरिया, टेढ़ी, परमान आदि नदियां उफान पर है। वहीं पलासी प्रखंड में बकरा नदी का जलस्तर बढ़ने से लकड़कट्टा, सोहदी, छपनियां उत्तर टोला, बिजवार मुस्लिम टोला, बघुआबाड़ी, छपनियां महादलित टोला, पीपरा कोठी आदि गांवों के निचले इलाके में फैलने लगा है। वहीं जोकीहाट प्रखंड में भी मझवा, रमरई, सतबीटा, रहरिया, फरडांगी, खिखड़मानी, मटियारी आदि गांवों में बकरा का पानी फैल गया है।

किशनगंज जिले में प्रमुख नदियां महानंदा, कनकई, रेतुवा, मेंची, बूढ़ी कनकई नदियों का जलस्तर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। हालांकि सभी नदियां खतरे के निशान से नीचे है। 
खगड़िया में विभिन्न नदियों के जलस्तर में वृद्धि होने की सूचना है। अलौली प्रखंड में बहने वाली बागमती, कोसी, गंगा और गंडक नदी के जलस्तर में वृद्धि हुई है। कोसी नदी का जलस्तर बढ़ने से डुमरी स्थित पुराना स्टील पुल डूब गया है
 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें