
मुंगेर : वीआईपी नेता सकलदेव बिंद सैकड़ों समर्थकों संग डिप्टी सीएम के समक्ष भाजपा में शामिल
संक्षेप: टेटिया बंबर में विकासशील इंसान पार्टी के नेता सकलदेव बिंद ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उन्हें पार्टी में शामिल किया। बिंद ने महागठबंधन पर आरोप लगाते हुए कहा कि अब अति...
टेटिया बंबर (मुंगेर), एक संवाददाता। विधानसभा चुनाव 2025 में मुकाबला अब और रोचक हो गया है। सोमवार को विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के वरिष्ठ नेता सकलदेव बिंद ने नामांकन पत्र वापस लेकर सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। यह कार्यक्रम टेटिया बंबर प्रखंड के धौरी गांव स्थित हाथीनाथ मैदान में आयोजित हुआ, जहां उपमुख्यमंत्री सह भाजपा प्रत्याशी सम्राट चौधरी ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। भाजपा में शामिल होने के बाद सकलदेव बिंद ने महागठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि बिंद समाज और अति पिछड़ा वर्ग अब महागठबंधन को वोट नहीं देगा। उन्होंने आरोप लगाया कि तेजस्वी यादव कभी नहीं चाहते कि मल्लाह समाज या अति पिछड़ा वर्ग का बेटा राजनीति में आगे बढ़े।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा अति पिछड़ों को मान-सम्मान दिया है, इसलिए उन्होंने भाजपा का दामन थामा है। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि सकलदेव बिंद अति पिछड़ा समाज के सशक्त नेता हैं और भाजपा उन्हें बड़े दायित्व में देखना चाहती है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि उनके भाजपा में आने से तारापुर और आसपास के क्षेत्रों में एनडीए की स्थिति और मजबूत होगी तथा अति पिछड़ा वर्ग का झुकाव भाजपा के पक्ष में बढ़ेगा। मौके पर टेटिया बम्बर राजद के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष अजय दास ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




