लखीसराय : चार कट्ठा भूमि विवाद में चली गोलियां, छह लोग घायल

Apr 08, 2026 05:46 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, भागलपुर
share

लखीसराय के सिंहचक गांव में चार कट्ठा जमीन के विवाद को लेकर चचेरे भाइयों के बीच हिंसक झड़प हुई। इस झड़प में दोनों पक्षों से छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

लखीसराय : चार कट्ठा भूमि विवाद में चली गोलियां, छह लोग घायल

लखीसराय से मनीष कुमार की रिपोर्ट लखीसराय। जिले के किऊल थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंहचक गांव में महज चार कट्ठा जमीन के विवाद को लेकर चचेरे भाइयों के बीच खूनी संघर्ष हुआ और गोलीबारी हुई। इस हिंसक झड़प में दोनों पक्षों से छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है। जानकारी के अनुसार सिंहचक गांव में सुबह का माहौल सामान्य था, लेकिन अचानक दो पक्षों के बीच भूमि को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।

विवाद इतना बढ़ गया कि लाठी-डंडों, ईंट-पत्थरों से एक-दूसरे पर हमला किया जाने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इस दौरान दहशत फैलाने के उद्देश्य से कई राउंड फायरिंग भी की गई। घटना में किनोदी यादव, जितेंद्र यादव, मिथुन कुमार, मुरकी यादव, प्रकाश कुमार और सुधीर कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल लखीसराय में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर पुरानी रंजिश चली आ रही थी, जो इस बार हिंसक झड़प में बदल गई। ग्रामीणों के अनुसार अगर समय रहते विवाद को सुलझा लिया जाता, तो इतनी बड़ी घटना से बचा जा सकता था। घटना के बाद मामला उस समय और तूल पकड़ लिया, जब घायल और उनके परिजन पुलिस की कार्यशैली से नाराज होकर सीधे एसपी आवास पहुंच गए। परिजनों का आरोप है कि किऊल थाना पुलिस को घटना की सूचना पहले ही दे दी गई थी, लेकिन समय पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि यदि पुलिस समय पर पहुंचती, तो इस खूनी संघर्ष को रोका जा सकता था। आक्रोशित लोगों ने एसपी आवास के बाहर जमकर प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई। सूचना मिलने पर कवैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने समझा-बुझाकर घायलों और उनके परिजनों को वापस अस्पताल भेजा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। हालांकि अब तक किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं मिली है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से सिंहचक गांव में भय और सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और लोग किसी अनहोनी की आशंका से सहमे हुए हैं। अब सबकी नजर पुलिस कार्रवाई पर टिकी है कि आखिर इस मामले में कब तक ठोस कदम उठाए जाते हैं।---------कोट-सिंहचक में भूमि विवाद में मारपीट व गोलीबारी की सूचना है। एक व्यक्ति को गोली लगने की बात कही जा रही है लेकिन चिकित्सक से इस विषय में सलाह ली जा रही है। मौके से मैग्जिन और पिस्टल भी बरामद हुआ है। दोनों पक्षा आपस में गोतिया है और पुरानी रंजिश चली आ रही है। घटनास्थल पर से भी साक्ष्य इकत्रित किया जा रहा है। पुलिस की टीम अपने स्तर से भी कार्रवाई की जा रही है। घटनास्थल पर पुलिस लाठी-डंडे मैग्जिन व पिस्टल आदि की जांच की जा रही है। दोनों पक्ष से जिस तरह से शिकायत की जाएगी उस आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। - शिवम कुमार, एसडीपीओ, लखीसराय।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।