भागलपुर कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में दो गुटों में झड़प, छात्रों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा
तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए खाली कराया गया हॉस्टल घायल छात्र की मां ने जीरोमाइल

भागलपुर, कार्यालय संवाददाता भागलपुर कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग (बीसीई) एक बार फिर से विवादों में आ गया है। दरअसल, शुक्रवार को कॉलेज में दो गुटों में झड़प हो गई। इस कारण एक गुट के छात्रों ने दूसरे गुट के छात्रों को प्रशासनिक भवन परिसर में दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। घायल छात्रों का आरोप है कि प्राचार्य डॉ. ओम प्रकाश राय और अन्य शिक्षकों के सामने भी आरोपित छात्रों ने उनलोगों को बुरी तरह पीटा है। कई छात्र गंभीर रूप से घायल हैं। कॉलेज में तनाव की स्थिति को देखते हुए कॉलेज प्रशासन ने फर्स्ट ईयर के विद्यार्थियों को छोड़ बाकी छात्रों को हॉस्टल खाली करने का निर्देश जारी किया है।
मामले को लेकर गंभीर रूप से घायल छात्र आयुष राज पांडेय की मां सुनयना कुमारी ने आरोपित छात्रों के विरुद्ध जीरोमाइल थाने में केस दर्ज कराया है। एक छात्र ने बताया कि आयुष अपने पांच दोस्तों मुरली, हिमांशु सहित अन्य के साथ बायोमेट्रिक हाजिरी बनाने के लिए शुक्रवार दोपहर दो बजे कॉलेज पहुंचे। इसी बीच संजय, उदित, कुमार आदित्य, अभिषेक, असितत्व आदि हेलमेट पहनकर कॉलेज पहुंचे। उनलोगों के हाथ में रड, फाइटर, लाठी आदि थी। आते ही आयुष सहित अन्य दोस्तों को पीटना शुरू कर दिया। पिटाई से बचने के लिए वे लोग इधर-उधर भागे, लेकिन उनलोगों ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। प्राचार्य और शिक्षकों पर बचाव नहीं करने का आरोप घायल छात्रों का आरोप है कि प्राचार्य कक्ष के बाहर मारपीट के समय प्राचार्य सहित अन्य शिक्षक मौजूद थे, लेकिन उनलोगों ने किसी तरह का बीचबचाव नहीं किया। घटना के बाद आयुष अचेत हो गया, बुरी हालत देख आरोपित वहां से भाग निकले। इसके बाद आयुष के दोस्तों ने किसी तरह उसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां गंभीर स्थिति देखते हुए उसके परिवारवालों को फोन किया गया। आयुष मूलरूप से पटना के गौरीचक लखना का रहने वाला है। मां सुनयना कुमारी के बयान पर जीरोमाइल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायल छात्र की स्थिति गंभीर, पटना रेफर घटना में घायल आयुष को गंभीर स्थिति में शनिवार को पटना रेफर कर दिया गया है। परिजनों ने कॉलेज प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। साथ ही मांग की है कि इस पूरे मामले में जांच होने के बाद आरोपितों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई हो। पुलिस मामले में कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। वे लोग लड़की विवाद, कॉलेज में कमेंट विवाद, रैगिंग विवाद, जातियता विवाद को ध्यान में रखकर जांच करेगी। गुटबाजी के कारण मारपीट हुई: प्राचार्य इस मामले में कॉलेज के प्राचार्य डॉ. ओमप्रकाश राय ने बताया कि आपसी गुटबाजी के कारण मारपीट की घटना हुई है। मामले को लेकर घायलों की तरफ से केस दर्ज कराया गया है। घटना की जानकारी जीरोमाइल पुलिस को दी गई थी। प्राचार्य ने उनके सामने हुई मारपीट की घटना से इंकार किया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच पुलिस कर रही है। साथ ही कॉलेज के तनाव को देखते ही प्रथम वर्ष को छोड़ बाकी छात्रों को अगले आदेश तक हॉस्टल खाली करने का निर्देश दिया गया है, ताकि मामला शांत हो जाए। घटना के बाद कॉलेज में तनाव की स्थिति हो गई है। प्राचार्य ने कहा है कि मामले में कॉलेज अपने स्तर से भी जांच करेगी। कॉलेज परिसर में पुलिस गश्त बढ़ी वहीं मामले को लेकर जीरोमाइल थानेदार नीरज कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस कॉलेज गई थी, लेकिन आरोपित भाग निकले थे। घायलों से पुलिस ने पूछताछ कर जानकारी ली है। साथ ही कॉलेज प्रशासन से भी संपर्क में है। परिसर में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। मामले में घायल की मां के बयान पर आरोपितों पर केस दर्ज किया गया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




