विक्रमशिला सेतु पर आवाजाही शुरू, 35 दिन से बंद था

हिन्दुस्तान, भागलपुर
Follow us on Google News
share

भागलपुर में विक्रमशिला सेतु पर एक महीने बाद रविवार सुबह 11 बजे से वाहनों की आवाजाही फिर से शुरू हो गई। बेली ब्रिज का उद्घाटन मंत्री ई. कुमार शैलेंद्र ने किया। सचिव पंकज कुमार पाल ने बताया कि 30 नवंबर तक भारी वाहनों के लिए ट्रस ब्रिज भी तैयार होगा।

विक्रमशिला सेतु पर आवाजाही शुरू, 35 दिन से बंद था

भागलपुर, मुख्य संवाददाता। करीब एक माह बाद विक्रमशिला सेतु पर फिर से वाहनों की आवाजाही रविवार सुबह 11 बजे से शुरू हो गई। सिर्फ ट्रक, बस, हाईवा और ट्रैक्टर को सेतु पर बने बेली ब्रिज पर परिचालन की अनुमति नहीं मिली है। तीन मई की मध्य रात पुल का स्लैब टूट कर नदी में गिर गया था। जिसके 35 दिन बाद रविवार को आमलोग और बाइक-कार वाले आरपार हो सके। बेली ब्रिज का उद्घाटन विभागीय मंत्री ई. कुमार शैलेंद्र ने किया। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आमलोगों से किया वादा पूरा किया। सीएम के प्रयास से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बॉर्डर रोड ऑर्गेनाइजेशन (बीआरओ) की टीम ने यहां बेली ब्रिज का सेटअप तैयार किया। भागलपुर की तरफ से रक्षा मंत्री को धन्यवाद देता हूं कि इस विकट परिस्थिति में हमलोगों के साथ खड़ा रहकर जनजीवन को सामान्य कर पाए। बोले, सीएम ने सात जून से पहले ब्रिज तैयार करने का वादा किया था। जिसे विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल और भागलपुर के डीएम डॉ. नवल किशोर चौधरी ने समय से पूरा कराने में सफलता प्राप्त की।

ब्रिज की सफलता की उम्मीदें

मौके पर पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने कहा कि यह तो हमारी आरंभिक सफलता है। दूसरी सफलता दिसंबर में दिखेगी। जब सेतु पर स्टील का ट्रस ब्रिज तैयार कर पहले की तरह पुल को बनाया जाएगा। ट्रस ब्रिज के बाद भारी वाहनों का परिचालन भी शुरू हो जाएगा। इसके लिए 30 नवंबर का डेडलाइन (लक्ष्य) तय किया गया है। सचिव ने बताया कि विक्रमशिला सेतु के चारों बेली ब्रिज का प्रतिदिन मेंटेनेंस होगा। इसके लिए प्रतिदिन रात में एक घंटे का ब्लॉक लिया जाएगा। सेतु पर वाहनों की आवाजाही की ड्रोन विडियोग्राफी भी प्रतिदिन होगी। ताकि उस वीडियो का रोज अध्ययन कर पुल की स्थिति और वाहनों के भार का आकलन होगा।

बीआरओ का योगदान

डीएम डॉ. नवल किशोर चौधरी ने कहा, बीआरओ की टीम ने पूरे बिहारवासियों का दिल जीता है। निर्धारित समय के अंदर काम पूरा कर लिया गया। एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने कहा कि पुल पर 24 घंटे पुलिस मौजूद रहेगी। उनके स्थायी और सुरक्षित आवासन की तैयारी की गई है। उद्घाटन से पहले मंत्री ने बीआरओ के तमाम कर्मियों को गमछा ओढाकर सम्मानित किया। इस मौके पर बीआरओ के अधीक्षण अभियंता विपिन कुमार चंद की प्रशंसा भी की गई। मौके पर एडीएम विधि व्यवस्था राकेश रंजन, सदर एसडीएम विकास कुमार आदि मौजूद रहे।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

विक्रमशिला सेतु पर वाहनों की आवाजाही कब शुरू हुई?
विक्रमशिला सेतु पर वाहनों की आवाजाही रविवार सुबह 11 बजे से शुरू हुई।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।