बोले पूर्णिया : सड़क का चौड़ीकरण करके जाम से दिलाएं निजात
पूर्णिया विश्वविद्यालय के पास मधुबनी बाजार चौक से कोरटबाड़ी शीतला मंदिर होकर जनता चौक तक जाने वाली सड़क पर वाहनों की संख्या बढ़ने से जाम और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से चौड़ीकरण की मांग की है।

प्रस्तुति-अमित गोस्वामी रजनीश
मधुबनी बाजार चौक से कोरटबाड़ी शीतला मंदिर, पूर्णिया विश्वविद्यालय होते हुए जनता चौक तक जाने वाली सड़क इन दिनों शहर की सबसे व्यस्त और संवेदनशील सड़कों में शामिल हो गई है। वर्षों पहले बनी यह सड़क आज भी लगभग उसी चौड़ाई में सिमटी हुई है, जबकि समय के साथ वाहनों की संख्या कई गुना बढ़ चुकी है। परिणामस्वरूप इस मार्ग पर प्रतिदिन जाम, अव्यवस्था और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। छात्र-छात्राओं, आम नागरिकों, दुकानदारों और वाहन चालकों को लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
पूर्णिया विश्वविद्यालय की स्थापना के बाद इस सड़क का महत्व और अधिक बढ़ गया है। विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले हजारों छात्र-छात्राएं, शिक्षक, कर्मचारी और अभिभावक प्रतिदिन इसी मार्ग से आवागमन करते हैं। प्रमंडल के विभिन्न जिलों- बनमनखी, जानकीनगर, धमदाहा, रुपौली, भवानीपुर, केनगर, मीरगंज, सरसी और चंपानगर सहित कई क्षेत्रों से आने वाले लोगों के लिए यह प्रमुख संपर्क मार्ग बन चुका है। इसके अलावा पूर्णिया कोर्ट रेलवे स्टेशन तक पहुंचने के लिए भी बड़ी संख्या में लोग इसी सड़क का उपयोग करते हैं। ऐसे में इस मार्ग पर यातायात का दबाव स्वाभाविक रूप से अत्यधिक हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगभग तीस वर्ष पहले जितनी चौड़ाई इस सड़क की थी, आज भी स्थिति लगभग वैसी ही है। तब की तुलना में आज वाहन संख्या कई गुना बढ़ चुकी है। इस सड़क के आसपास दर्जनों कोचिंग संस्थान और लगभग आधा दर्जन नामी निजी विद्यालय स्थित हैं।
पूर्णिया कोर्ट रेलवे स्टेशन की निकटता भी इस सड़क पर दबाव बढ़ाने का एक प्रमुख कारण है। ट्रेन पकड़ने की जल्दबाजी में वाहन चालक अक्सर तेज गति से वाहन चलाते हैं। इससे दुर्घटना की संभावना और बढ़ जाती है। कई बार जाम के कारण यात्री समय पर स्टेशन नहीं पहुंच पाते, जिससे उन्हें ट्रेन छूटने की समस्या का सामना करना पड़ता है। इससे लोगों में नाराजगी भी बढ़ रही है।लो कॉलेज और अन्य शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं की नियमित आवाजाही भी इसी मार्ग से होती है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस महत्वपूर्ण मार्ग का तकनीकी सर्वे कर जल्द से जल्द चौड़ीकरण की प्रक्रिया शुरू की जाए। आवश्यकता पड़ने पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी की जाए, ताकि सड़क को पर्याप्त चौड़ाई दी जा सके। इसके साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने, स्कूल और कोचिंग क्षेत्रों में स्पीड ब्रेकर लगाने, स्पष्ट संकेतक बोर्ड स्थापित करने और यातायात पुलिस की नियमित तैनाती सुनिश्चित करने की भी मांग की जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इस सड़क को व्यवस्थित ढंग से चौड़ा कर फुटपाथ और साइकिल लेन की व्यवस्था की जाए, तो यातायात काफी हद तक सुगम हो सकता है। इससे दुर्घटनाओं में कमी आएगी और पैदल चलने वालों तथा छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी। साथ ही, शहर के पश्चिमी हिस्से से आने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग विकसित करने की योजना पर भी विचार किया जाना चाहिए। शहर के विकास और बढ़ती जरूरतों को देखते हुए मधुबनी बाजार चौक से जनता चौक तक इस सड़क का चौड़ीकरण अब समय की मांग बन चुका है। यह केवल यातायात सुविधा का मुद्दा नहीं, बल्कि हजारों छात्रों, नागरिकों और व्यवसायियों की सुरक्षा और सुविधा से जुड़ा प्रश्न है। यदि प्रशासन शीघ्र और ठोस पहल करता है, तो शहर को जाम और दुर्घटनाओं की समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकती है। अन्यथा, बढ़ता दबाव भविष्य में और गंभीर चुनौतियां खड़ी कर सकता है।
जाम से स्थानीय व्यापार पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है
व्यापारियों का कहना है कि जाम की समस्या से ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। लोग जाम के डर से बाजार आने से कतराने लगे हैं। इससे स्थानीय व्यापार पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। वहीं, लगातार लगने वाले जाम से ईंधन की बर्बादी और वायु प्रदूषण में भी वृद्धि हो रही है। शहर के पर्यावरण पर इसका दीर्घकालिक दुष्प्रभाव पड़ सकता है।स्थानीय नागरिकों का मानना है कि यदि समय रहते सड़क चौड़ीकरण की दिशा में कदम नहीं उठाया गया, तो आने वाले वर्षों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। शहर का विस्तार हो रहा है, आबादी बढ़ रही है और वाहन संख्या भी लगातार बढ़ रही है। ऐसे में पुरानी संरचना पर बढ़ते दबाव को संभाल पाना कठिन होता जा रहा है। मधुबनी बाजार, चुड़ी चौक, प्रतापनगर चौक, शीतला मंदिर, मैथिल टोला, सुखनगर, राजेंद्र नगर, कृष्णापुरी, बैधनाथपुरी, गांधी नगर, रेणू नगर, जयप्रकाश नगर, कोसी कॉलोनी, कॉलेज चौक, कोर्ट स्टेशन चौक और जनता चौक सहित कई मोहल्लों के लोगों के लिए यह सड़क जीवनरेखा के समान है। इन क्षेत्रों के निवासी दैनिक कार्य, व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए इसी मार्ग पर निर्भर हैं।
शिकायत
1. सड़क की चौड़ाई कम होने से जाम लगता है, जिससे छात्र-छात्राओं व आम लोगों को भारी परेशानी होती है।
2. सुबह-शाम तेज रफ्तार ऑटो-टोटो चलने से पैदल यात्रियों और साइकिल सवार छात्रों की जान जोखिम में रहती है।
3. बढ़ते वाहनों के बावजूद वर्षों से सड़क चौड़ीकरण नहीं होने पर लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ रही है।
4. स्कूल और कोचिंग संस्थानों के आसपास ट्रैफिक नियंत्रण नहीं होने से बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा बना रहता है।
5. रेलवे स्टेशन और विश्वविद्यालय जाने वाले वाहनों की भीड़ से हर दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
सुझाव
1. मधुबनी बाजार से जनता चौक तक सड़क का शीघ्र सर्वे कर चौड़ीकरण कार्य प्राथमिकता से शुरू किया जाए।
2. स्कूल क्षेत्रों में स्पीड ब्रेकर, संकेतक और ट्रैफिक पुलिस की नियमित तैनाती सुनिश्चित की जाए।
3. भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित कर मुख्य सड़क पर यातायात दबाव कम किया जाए।
4. पैदल यात्रियों और साइकिल सवारों के लिए अलग लेन या सुरक्षित फुटपाथ का निर्माण कराया जाए।
5. यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई कर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए।
हमारी भी सुनें
मधुबनी बाजार चौक से कोरटबाड़ी शीतला मंदिर होकर जनता चौक तक सड़क की चौड़ीकरण की आवश्यकता होने के बाद भी अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाने से लोग मायूस हैं। -अमित झा
मधुबनी बाजार चौक से कोरटबाड़ी शीतला मंदिर होकर जनता चौक तक सड़क की चौड़ाई कम होने से वाहनों की आवाजाही में काफी दिक्कत होती है। छात्र-छात्राओं व वाहन चालक को परेशानी बढ़ जाती है।-प्रीतम
मधुबनी बाजार चौक से कोरटबाड़ी शीतला मंदिर होकर जनता चौक तक सड़क की चौड़ाई कम होने से दुर्घटना की आशंकाएं बनी रहती है। चौड़ाई कम होने से वाहनों की आवाजाही में दिक्कत होती है। -अजीत पाठक
मधुबनी बाजार चौक से कोरटबाड़ी शीतला मंदिर होकर जनता चौक तक सड़क की चौड़ाई कम होने के कारण वाहनों की आवाजाही में वाहन चालक को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।-पप्पू झा
मधुबनी बाजार चौक से कोरटबाड़ी शीतला मंदिर होकर जनता चौक तक सड़क की चौड़ाई 30 साल पहले जो थी वही चौड़ाई अभी भी है। पिछले 30 वर्षों की तुलना में सड़क पर वाहनों की संख्या बढ़ गई है। -प्रदीप झा
मधुबनी बाजार चौक से कोरटबाड़ी शीतला मंदिर होकर जनता चौक तक सड़क की चौड़ाई बढ़ाने के लिए आवश्यक कदम उठाना चाहिए। वाहनों की आवाजाही काफी बढ़ जाने सड़क सकरी होने लगी है।-प्रशांत झा
मधुबनी बाजार चौराहा चौक से कोरटबाड़ी शीतला मंदिर होकर जनता चौक तक सड़क की चौड़ीकरण की सख्त आवश्यकता है। सड़क की चौड़ाई बढ़ाने से वाहनों की आवाजाही सुगम होगी।-संजय
मधुबनी बाजार चौक से कोरटबाड़ी शीतला मंदिर होकर जनता चौक तक सड़क की चौड़ाई बढ़ाने के लिए रुप रेखा तैयार कर आवश्यक कदम उठाए जाना चाहिए तभी की समस्या से राहत मिलेगी।-पवन कुमार राय
मधुबनी बाजार चौक से कोरटबाड़ी शीतला मंदिर होकर जनता चौक तक वाहनों की आवाजाही बढ़ जाती है। सड़क पर सड़क की चौड़ाई कम होने से वाहन चालकों को काफी दिक्कत होती है। -ब्रज किशोर भारती
मधुबनी बाजार चौक से कोरटबाड़ी शीतला मंदिर होकर जनता चौक तक सड़क की चौड़ाई कम होने से दुर्घटना की आशंकाएं बनी रहती है। लोगों की सतर्कता के बाद भी परेशानी बढ़ जाती है।-पप्पू गिरी
मधुबनी बाजार चौक से कोरटबाड़ी शीतला मंदिर होकर जनता चौक तक सड़क की चौड़ाई कम होने से पैदल चल रहे लोगों को काफी दिक्कत होती है। टहलने एवं घूमने में लोगों की परेशानी बढ़ जाती है।-राजेश
मधुबनी बाजार चौक से कोरटबाड़ी शीतला मंदिर होकर पूर्णिया विश्वविद्यालय तक सड़क की चौड़ाई बढ़ाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाना चाहिए। ताकि लोगों को परेशानी कम होगी। -रंजन सिंह
सड़क की चौड़ाई कम होने के कारण सुबह-शाम पैदल चलने वाले लोगों को काफी दिक्कत होती है। इस दौरान तेज रफ्तार से चलने वाली वाहन के कारण खतरा बना रहता है। इसमें सुधार हो।-राजेश कुमार
मधुबनी बाजार चौक से कोरटबाड़ी शीतला मंदिर होकर जनता चौक तक वर्षों पहले बनी सड़क की चौड़ाई नहीं बढ़ाई गई है, जबकि अभी के समय में वाहनों की आवाजाही काफी बढ़ गई है।-नीतीश कुमार
बोले जिम्मेदार
सड़क चौड़ीकरण के मुद्दे को नगर निगम बोर्ड की अगली बैठक में औपचारिक रूप से रखा जाएगा। स्वीकृति मिलने के बाद प्रस्ताव संबंधित विभाग को अग्रसारित किया जाएगा। चौड़ीकरण की प्रक्रिया को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक प्रशासनिक और तकनीकी कदम उठाए जाएंगे।
-कुमार मंगलम, नगर आयुक्त, पूर्णिया
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



