मल्टी पोस्ट ईवीएम से होगा आगामी पंचायत चुनाव
15,000 नई ईवीएम राज्य निर्वाचन आयोग देगा भागलपुर के 16 प्रखंडों को इस बार एक

भागलपुर, मुख्य संवाददाता। आगामी पंचायत चुनाव मल्टी पोस्ट ईवीएम से होगा। भागलपुर के 16 प्रखंड की 238 पंचायतों में होने वाले चुनाव के लिए राज्य निर्वाचन आयोग करीब 15,000 नई ईवीएम मुहैया कराएगा। पुरानी ईवीएम से पंचायत चुनाव नहीं कराया जाएगा। नई ईवीएम का भंडारण कहां होगा, इसको लेकर वेयर हाउस की तलाश जारी है। पुराने भवन में जगह नहीं है। आयोग ने जिले में ईवीएम के भंडारण के लिए वेयर हाउस की स्थापना शासकीय भवन में शीघ्र करने को कहा है। बता दें कि इस बार एक ही ईवीएम पर सभी पदों का चुनाव कराए जाने की संभावना है। अगस्त-सितंबर में चुनाव की घोषणा संभव है क्योंकि अक्तूबर में कार्यकाल पूरा हो रहा है।
आयोग के सचिव ने डीएम को कहा कि वेयर हाउस के लिए पूर्व से उपलब्ध शासकीय भवन को उपयोग में लाया जा सकता है अथवा जिला निर्वाचन पदाधिकारी बीसीडी के माध्यम से नए शासकीय भवन का नियमानुसार निर्माण करा सकते हैं, जो ईसीआई द्वारा निर्धारित मापदंड के अनुरूप हो। विशेष परिस्थिति में आयोग की अनुमति से लीज पर प्राप्त भवन में भी वेयर हाउस का निर्माण किया जा सकता है, परन्तु लीज की अवधि 15 वर्ष से कम नहीं होगी। साथ ही साथ वेयर हाउस के लिए लीज पर प्राप्त होने वाले भवन में कोई अन्य वेयर हाउस संचालित नहीं हो रहा हो।आयोग ने कहा कि ईसीआई द्वारा पूर्व से निर्मित वेयर हाउस यदि जिला में उपलब्ध है और उसका उपयोग ईसीआई द्वारा नहीं किया जा रहा है, तो उस भवन को भी चिह्नित किया जा सकता है। वेयर हाउस के चयन करते समय यह भी ध्यान रखा जाये कि ईवीएम के एफएलसी के बाद एफएलसी (ओके) वाली मशीन को अलग रखने की व्यवस्था हो। डिफेक्टिव या डिसफंक्शनल ईवीएम को रखने के लिए अलग से व्यवस्था हो। ईवीएम वेयर हाउस के निर्धारण के क्रम में सक्षम पदाधिकारी के स्तर से भौतिक स्थिति और भवन की गुणवत्ता के संदर्भ में प्रमाण पत्र अवश्य प्राप्त कर लें। ईवीएम वेयर हाउस में ईवीएम के अतिरिक्त अन्य कोई सामग्री नहीं रखी जाएगी। ईवीएम वेयर हाउस में एक से अधिक प्रवेश द्वार नहीं होंगे और यदि भवन में एक से अधिक दरवाजे और खिडकियां हो तो उसे ईंट-सीमेंट का प्रयोग कर बंद करा दिया जाए। वेयर हाउस में विद्युत आपूर्ति का मेन स्विच मुख्य द्वार के बाहर रहेगा ताकि वेयर हाउस बंद करने के बाद विद्युत आपूर्ति पूरी तरह से कट हो सके।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


