मुंगेर: गंगा घाट पर बोरी में बंद अज्ञात युवती का शव बरामद
हेमजापुर के शिवकुंड निषाद टोला स्थित गंगा घाट पर एक बोरी में बंद अज्ञात युवती का शव मिला। महिलाओं ने घाट पर स्नान के दौरान इसकी सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक टीम को बुलाया। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई गई है और मृतका की पहचान अभी नहीं हो पाई है।

हेमजापुर से नीतीश कुमार की रिपोर्ट हेमजापुर क्षेत्र के शिवकुंड निषाद टोला स्थित गंगा घाट पर शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब बोरी में बंद एक अज्ञात युवती का शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। सूचना पर पहुंची हेमजापुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी। बताया जाता है कि शनिवार सुबह कुछ महिलाएं गंगा स्नान के लिए घाट पर पहुंची थीं। इसी दौरान उनकी नजर किनारे पड़ी एक संदिग्ध बोरी पर गई, जिसमें से एक पैर बाहर दिखाई दे रहा था।
यह देख महिलाएं घबरा गईं और शोर मचाने लगीं। धीरे-धीरे आसपास के लोग भी वहां जुट गए और मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने बोरी को बाहर निकालकर जांच की, जिसमें एक युवती का शव पाया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और प्रारंभिक जांच की।प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। आशंका जताई जा रही है कि युवती की गला घोंटकर हत्या कर शव को बोरी में बंद कर गंगा में फेंक दिया गया। थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एफएसएल टीम द्वारा घटनास्थल की जांच की गई है। फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। आसपास के थानों में गुमशुदगी के मामलों की जांच की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


