लखीसराय: द्वादश ज्योतिर्लिंग व भारत भ्रमण पर निकले स्केटर युवाओं का जगह-जगह स्वागत
बड़हिया के एनएच 80 पर दो युवाओं ने स्केटिंग करते हुए अपनी यात्रा शुरू की। ये दोनों युवक वैशाली जिले के बिदुपुर के निवासी हैं और जलाभिषेक के लिए बैद्यनाथ धाम जा रहे हैं। उनकी यात्रा काशी और केदारनाथ सहित अन्य धार्मिक स्थलों की ओर जारी रहेगी। लोगों ने उनका स्वागत किया और हौसला बढ़ाया।

बड़हिया, निज प्रतिनिधि। प्रखंड क्षेत्र से गुजर रहे एनएच 80 पर रविवार को स्केटिंग करते हुए आगे बढ़ रहे दो युवाओं को देखकर लोगों में उत्सुकता और उत्साह का माहौल बन गया। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने जगह-जगह रुककर उनका स्वागत किया और उनकी अनोखी यात्रा के बारे में जानकारी ली। इस दौरान दोनों युवाओं ने अपना परिचय देते हुए बताया कि वे वैशाली जिला के बिदुपुर निवासी हैं। इनमें बिट्टू स्केटर, हरिश्चंद्र सिंह के पुत्र तथा गणेश स्केटर, भोला चौधरी के पुत्र हैं। दोनों युवक जगत कल्याण और भारत भ्रमण के उद्देश्य से बीते दो मार्च से स्केटिंग करते हुए अपनी यात्रा पर निकले हैं।
उन्होंने बताया कि उनकी यात्रा फिलहाल बैद्यनाथ धाम की ओर अग्रसर है। जहां वे अगले दो से ढाई दिनों में पहुंचकर जलाभिषेक करेंगे। इसके बाद उनकी यात्रा काशी, केदारनाथ सहित देश के विभिन्न धार्मिक स्थलों की ओर जारी रहेगी। राष्ट्र ध्वज तिरंगा के साथ ही सनातनी ध्वज और हर हर महादेव के जयघोष करते बढ़ रहे युवाओं ने कहा कि उनकी इच्छा देश के अलग-अलग हिस्सों में स्थित द्वादश ज्योतिर्लिंगों के दर्शन करने के साथ-साथ चार धाम की यात्रा पूरी करने की है। इस अनोखी पहल को देखकर लोगों ने उनकी हौसला-अफजाई करते हुए उनके यात्रा के सफलता की कामना की। ज्ञात हो कि स्केटिंग करते हुए आस्था से जुड़ी यह यात्रा प्रदेश में बेहतर सड़क के होने की कहानी बयां करती है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


