तेज रफ्तार कार की टक्कर से स्कूटी सवार पति की मौत, पत्नी गंभीर हालत में भर्ती
नारायणपुर में हुए दो सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो लोग घायल हुए। पहली घटना में कार की टक्कर से स्कूटी सवार पति की जान गई और पत्नी घायल हुई। दूसरी घटना में बस और हाईवा की भिड़ंत में चालक जख्मी हुआ। पुलिस ने वाहन जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

नारायणपुर प्रखंड में पिछले 24 घंटों के भीतर दो अलग-अलग सड़क हादसों ने कोहराम मचा दिया। पहली बड़ी घटना बुधवार दोपहर करीब तीन बजे हुई, जब मधुरापुर बाजार से सब्जी खरीदकर स्कूटी से घर लौट रहे पति-पत्नी को एक तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में मधेपुरा के रतवारा निवासी 40 वर्षीय नित्यानंद शर्मा की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी शीला देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने नित्यानंद को मृत घोषित कर दिया और उनकी पत्नी को बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया है। वहीं दूसरी घटना मंगलवार रात की है, जब खगड़िया की ओर से आ रही एक बस ने खड़े हाईवा में टक्कर मार दी। इस टक्कर में हाईवा का चालक बुरी तरह घायल हो गया, जिसे पुलिस की गश्ती टीम ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
हालत गंभीर होने के कारण चालक को मायागंज अस्पताल भेजा गया है। भवानीपुर पुलिस ने दोनों हादसों में शामिल वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


