
मुंगेर : अहिंसा दिवस पर बापू को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
शुक्रवार को खड़गपुर में महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। राजकीय प्लस टू उच्च विद्यालय में शिक्षकों और गणमान्य लोगों ने बापू की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। प्रो. रामचरित्र सिंह ने गांधी जी के विचारों पर प्रकाश डाला। गांधी चौक पर भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित हुआ, जहां समाजसेवियों ने बापू को याद किया।
हवेली खड़गपुर, एक संवाददाता। शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर नगर में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित कर महामानव को नमन किया गया। नगर के झील पथ स्थित राजकीय प्लस टू उच्च विद्यालय परिसर में शिक्षक मनोज कुमार सिंह के निजी कोष से स्थापित पूज्य बापू और कस्तूरबा गांधी की प्रतिमा स्थल के समीप विद्यालय के शिक्षक, शिक्षाविद एवं गणमान्य लोगों ने राष्ट्रपिता को पुष्पांजलि और माल्यार्पण कर श्रद्धा भाव से नमन किया। इस अवसर पर एचएस कॉलेज के पूर्व प्राचार्य प्रो. रामचरित्र सिंह, विद्यालय के शिक्षक उमाशंकर सिंह, शत्रु आर्य, मनोज कुमार सिंह सहित अन्य शिक्षकों ने महात्मा गांधी के विचारों और उनके योगदान को याद करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रो. रामचरित्र प्रसाद सिंह ने सत्य, अहिंसा और राष्ट्र निर्माण में गांधी जी की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। वहीं नगर के संत टोला स्थित गांधी चौक पर समाजसेवी शशि सौरभ के संयोजन में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पूज्य बापू की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर प्रबुद्धजनों ने राष्ट्रपिता को याद किया और उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस मौके पर संजय कुमार आर्य, पिंकू साह, मिथलेश कुमार, शिक्षक चंद्रप्रकाश मंडल, संजय ठाकुर आदि मौजूद थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




